Fact Check: आंध्र प्रदेश के सरकारी दफ्तर में अधिकारी तिरंगे से झाड़ रहा धूल, जानिए वायरल Video की हकीकत
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि आंध्र प्रदेश के एक सरकारी ऑफिस में अधिकारी राष्ट्रीय ध्वज से टेबल-कुर्सी साफ कर रहा है। ऐसे में जानिए घटना की सच्चाई?

Fact Check News: सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक सरकारी ऑफिस के अंदर अधिकारी देश के झंडे से सीट पर बैठने से पहले अपनी टेबल और कुर्सी साफ करता हुआ नजर आ रहा है। इस वीडियो को शेयर करने के साथ दावा किया जा रहा है कि आंध्र प्रदेश सरकार के एक अधिकारी ने तिरंगे का अपमान किया है। ऐसे में क्या है वायरल वीडियो की सच्चाई जानिए...
राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का अनादर करना एक गंभीर अपराध है। गणतंत्र दिवस से पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स ऑफिस में टेबल और कुर्सियों को पोंछता है। वीडियो में दिखने वाला कपड़ा तिरंगे की तरह दिखता है। दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिखने वाला व्यक्ति आंध्र प्रदेश के अनंतपुर का डिप्टी रजिस्ट्रार है। वीडियो शेयर करने वालों ने राज्य में सत्ताधारी पार्टी YSRCP पर निशाना साध रहे हैं।
हालांकि जब इस वीडियो की पड़ताल की गई तो जांच में पाया गया कि यह वीडियो आंध्र प्रदेश का नहीं है। फैक्ट चेक में वीडियो ओडिशा का पाया गया है। कथित तौर पर राष्ट्रीय ध्वज से धूल झाड़ते हुए देखा गया व्यक्ति सिमिली ग्राम पंचायत के पंचायत विस्तार अधिकारी प्रशांत कुमार स्वैन है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार यह घटना अक्टूबर 2022 में पुरी के सिमिली ग्राम पंचायत कार्यालय में हुई थी। कार्यालय में एक बैठक होने वाली थी और इससे पहले प्रशांत स्वैन ने फर्नीचर से धूल हटाने के लिए राष्ट्रीय ध्वज को उठा लिया था।
वीडियो को कथित तौर पर एक वार्ड सदस्य द्वारा शूट किया गया था और सोशल मीडिया पर इसके वायरल होने के बाद पुलिस ने अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तार किया था। बाद में सार्वजनिक आक्रोश के बाद स्वैन ने कथित तौर पर माफी मांगी।
बता दें कि केरल पुलिस ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर 21 जनवरी को सूचित किया था कि कई लोगों ने कथित तौर पर उसी वीडियो के बारे में पूछताछ की थी। केरल पुलिस ने भी दोहराया कि यह घटना ओडिशा की थी और इसमें स्वैन के नाम का भी जिक्र किया गया था।

Fact Check
दावा
दावा किया जा रहा है आंध्र प्रदेश के सरकारी ऑफिस में अधिकारी ने तिरंगे से मेज की सफाई की।
नतीजा
ये वीडियो आंध्र प्रदेश की नहीं है। घटना ओडिशा की है।












Click it and Unblock the Notifications