Fact Check: कोरोनाकाल में ऑनलाइन पढ़ाई के लिए सरकार दे रही है मुफ्त लैपटॉप? जानिए सच
Fact Check: कोरोनाकाल में ऑनलाइन पढ़ाई के लिए सरकार दे रही है सभी को मुफ्त लैपटॉप? जानिए सच
नई दिल्ली, 4 अगस्त: दुनियाभर में बीते डेढ़ साल से कोरोना महामारी का कहर जारी है। इस बीमारी से बचने के लिए लोगों को मिलने जुलने को मना किया जा रहा है। ऐसे में दुनियाभर में ऑनलाइन माध्यम के जरिए काम को बढ़ावा दिया जा रहा है। पढ़ाई भी ज्यादातर ऑनलाइन ही हो रही है। हालांकि भारत जैसे देश में ऑनलाइन की सुविधा सभी के पास नहीं है तो बहुत से लोगों को दिक्कत आ रही है। इन्हीं बातों को कहते हुए सोशल मीडिया पर एक मैसेज वायरल हो रहा है। जिसमें कहा गया है कि केंद्र की सरकार कोरोनाकाल में ऑनलाइन पढ़ाई की अहमियत को देखते हुए सभी को मुफ्त लैपटॉप देगी।

इस मैसेज में दावा किया गया है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय कोरोना वायरस के चलते वर्चुअल लर्निंग को बढ़ावा देने के लिए सभी को मुफ्त लैपटॉप दे रहा है। मैसेज में एक लिंक भी दिया गया है, जिसपर क्लिक कर फ्री लैपटॉप पाने के लिए आवेदन किया जा सकता है। इस मैसेज की जांच करने पर पाया गया है कि यह मैसेज फर्जी है, सरकार ने इस तरह की कोई योजना नहीं चलाई है। ऐसे में इस पर कतई विश्वास ना करें।
भारत सरकार की संस्था प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो, पीआईबी ने इस मैसेज का खंडन करते हुए इसे फर्जी बताया है। पीआईबी फैक्ट चेक के ट्विटर हैंडल से इस मैसेज के स्क्रीनशॉट को शेयर करे हुए लिखा गया है, एक लिंक के साथ भेजे जा रहे इस मैसेज में यह दावा किया जा रहा है कि शिक्षा मंत्रालय कोविड प्रकोप के बीच वर्चुअल लर्निंग को बढ़ावा देने के लिए सभी लोगों को मुफ्त लैपटॉप प्रदान करेगा। यह दावा फेक है, ऐसे मैसेज बिल्कुल फॉरवर्ड ना करें। साथ ही इस तरह की वेबसाइटों पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी भी साझा ना करें।
बता दें कि कोरोना महामारी को लेकर कई तरह के मैसेज लगातार वायरल हो रहे हैं। ऐसे में सावधान रहने की जरूरत है। हाल ही में अमेरिका को लेकर एक मैसेज सामने आया था, जिसमें कहा गया है कि अमेरिका में सभी को टीका लगवाना जरूरी होगा। जो लोग टीका नहीं लेंगे उनको जो बाइडेन की सरकार कैंप में रखेगी। जांच करने पर सामने आया है कि इस दावे में सच्चाई नहीं है, ये एकदम फर्जी है।

Fact Check
दावा
सरकार दे रही है सभी को मुफ्त लैपटॉप
नतीजा
सरकार की ऐसी कोई योजना नहीं, दावा झूठा












Click it and Unblock the Notifications