Fact check: रवींद्र जडेजा ने नहीं छुए रोहित शर्मा के पैर? जानें वायरल दावे की सच्चाई
World Cup 2023, Fact check: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के भारत बनाम इंग्लैंड ग्रुप स्टेज मैच का एक वीडियो सोशल मीडिया पर इन दिनों काफी वायरल हो रहा है, जिसमें ये दावा किया गया है कि रवींद्र जडेजा ने मैच के बाद कप्तान रोहित शर्मा की कप्तानी से प्रभावित होकर उनके पैर छुए थे, लेकिन रोहित शर्मा उनको ऐसा करने से रोक देते हैं। आइए बिना किसी देरी के जानते हैं कि क्या है इस वायरल दावे की सच्चाई?
दरअसल, ये सच है कि वनडे वर्ल्ड कप 2023 में भारत को खिताब दिलाने के लिए कप्तान रोहित शर्मा ने जी-तोड़ मेहनत की और अपने प्रदर्शन से पूरे क्रिकेट जगत को प्रभावित भी किया है, शायद किसी को अंदाजा भी नहीं था कि ऑस्ट्रेलिया फाइनल में जीत जाएगा, लेकिन दुर्भाग्य से पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहने के बाद 19 नवंबर को फाइनल में भारत की अप्रत्याशित हार ने सभी को हैरान कर दिया।

भारत की इस हार के बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की भ्रामक खबरों का अंबार लग चुका है, कहीं ये दावा किया जाने लगा कि वर्ल्ड कप 2023 दोबारा होगा, तो कहीं इस तरह की फेक न्यूज चलाई जाने लगी कि भारत बनाम इंग्लैंड मैच के बाद रवींद्र जडेजा ने रोहित शर्मा की कप्तानी से प्रभावित होकर उनके पैर छुए। निश्चित रूप से इस तरह की भ्रामक खबरों ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की विश्वसनीयता खतरे में डाल दी है। ऐसी स्थिति में वनइंडिया हिंदी जैसे प्रतिष्ठित और विश्वसनीय न्यूज पोर्टल का ये दायित्व बन जाता है कि आपको समय रहते सच्चाई से रूबरू कराया जाए।
दरअसल, CricSpot नाम के एक यूट्यूब चैनल पर इस भ्रामक खबर के साथ दावा करते हुए कहा गया कि, 'इंग्लैंड के खिलाफ जीत के बाद जडेजा ने छुए रोहित शर्मा के पैर, और जीत लिया सबका दिल। इंग्लैंड के खिलाफ रोहित शर्मा ने पहले बल्लेबाजी और अच्छी कप्तानी के दम पर मैच जीत लिया। मैच खत्म होने के बाद टीम इंडिया ड्रेसिंग रूम की ओर जा रही होती है, तभी जडेजा अचानक आते हैं, और रोहित के पैर छू लेते हैं, हालांकि, रोहित शर्मा उन्हें पैर छूने से रोक लेते हैं, शायद जडेजा को रोहित की कप्तानी पसंद आई होगी, इसलिए वो पैर छूने के लिए आगे बढ़ते हैं।'
क्या है वायरल दावे की सच्चाई?
वायरल दावा पूरी तरह से फर्जी है, वर्ल्ड कप के इस ग्रुप स्टेज मैच के दौरान रवींद्र जडेजा ने रोहित शर्मा के पैर नहीं छुए, वायरल वीडियो देखने से स्पष्ट हो जाता है कि जडेजा ने पिच की स्थिति जानने के लिए मैदान पर हाथ लगाया। इस दौरान रोहित शर्मा उनसे कुछ दूरी पर ठीक सामने खड़े थे, इस दावे को पूरी तरह से नकारा जाता है, क्योंकि मैच के बाद ऐसा कुछ नहीं हुआ था। इस वीडियो पर यूजर्स ने भी भ्रामक खबर को लेकर लताड़ लगाई है, और इस बात को मजबूती से रखा है कि जडेजा ने पिच पर हाथ रखा था न कि पैर छुए।

Fact Check
दावा
दावा किया जा रहा है कि रवींद्र जडेजा ने रोहित शर्मा के पैर छुए
नतीजा
वायरल दावा पूरी तरह से फेक हैं।












Click it and Unblock the Notifications