Biparjoy Cyclone का बताकर शेयर किया वीडियो, जलमग्न दिखा जामनगर का इलाका, Fact Check में खुली कलई
Biparjoy Cyclone की वायरल वीडियो कैप्शन के साथ कई विजुअल सोशल मीडिया पर धड़ल्ले से शेयर किए जा रहे हैं। ऐसी ही एक वीडियो गुजरात के जामनगर से सामने आई। वीडियो किसी इमारत की छत से रिकॉर्ड की गई है। इलाका जलमग्न है।
वीडियो कैप्शन में लिखे दावे के अनुसार बिपरजॉय चक्रवाती तूफान क असर जामनगर में भी दिखा और भारी बारिश के बाद इलाका जलमग्न हो गया। हालांकि, जब वीडियो को फैक्ट चेक की कसौटी पर परखा गया तो हकीकत कुछ और निकली।

जामनगर की इस वायरल वीडियो के बारे में फेसबुक और ट्विटर पर कई पोस्ट मिले जिसमें बिपरजॉय का जिक्र है, लेकिन वीडियो जून 2023 की नहीं, दो साल पुरानी है। पहली बार ये वीडियो सितंबर 2021 में शेयर की गई थी।
सुपरफास्ट इंटरनेट के इस दौर में जंगल की आग की तरह फैलने वाली सूचनाएं कैसे पलक झपकते ही हजारों लोगों तक पहुंचती है, इसकी एक मिसाल जामनगर के वीडियो से मिलती है, जिसे केवल एक हैंडल (@IamPoojaSingh2) पर 68 हजार से अधिक व्यूज मिल चुके हैं।
रिहायशी इलाके में बाढ़ का भयावह मंजर दिखाता ये वीडियो 2021 में गुजरात में आई बढ़ के समय का है, न कि तीन दिन पहले आए चक्रवाती तूफान बिपरजॉय का। वीडियो के बैकग्राउंड ऑडियो में गुजराती भाषा में "हमारा घर" कहते सुना जा सकता है।
क्या है दावा और सच्चाई?
वायरल वीडियो में दावा किया गया है कि गुजरात के जामनगर जिले को चक्रवात बिपारजॉय से भारी नुकसान हुआ है। हालांकि, पड़ताल के दौरान वीडियो जामनगर का तो निकला, लेकिन दो साल पुराना। वीडियो की घटना 2021 की है।
दो साल पहले जामनगर जिले के दो गांव आलिया बाड़ा और मोती बनुगर उस समय पानी में डूब गए थे। इसे 13 सितंबर 2021 को पोस्ट किया गया था। दो साल पुराने पोस्ट के कैप्शन में 'गुजरात मौसम पूर्वानुमान' जैसी चीजें लिखी मिलीं।
हालांकि, नेटिजन्स ने बिना सच्चाई का पता लगाए, चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के समय इस विजुअल को दोबारा अपने हैंडल पर शेयर करना शुरू कर दिया, जिससे करीब दो साल पुरानी वीडियो फिर से चर्चा का केंद्र बन गई।
पड़ताल का निष्कर्ष
द क्विंट, इंडिया टुडे और बिजनेस स्टैंडर्ड की अन्य खबरों में भी 2021 में जामनगर में आई बाढ़ की घटना की पुष्टि होती है। ऐसे में फैक्ट चेक का निष्कर्ष यही है कि वीडियो लगभग दो साल पुराना है।
जामनगर लोकेशन कॉमन निकला
सितंबर, 2021 की वीडियो को हाल का बताकर शेयर किया जा रहा है। 2021 में गुजरात में आई बाढ़ से जामनगर प्रभावित हुआ था, जिसे साइक्लोन बिपरजॉय का बताकर शेयर किया जा रहा है। कॉमन फैक्ट केवल जामनगर की लोकेशन है।
Biparjoy Cyclone की कलई कैसे खुली?
- वायरल वीडियो के कुछ स्क्रीनशॉट्स का इस्तेमाल कर सोर्स का पता लगाया गया। गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च किया गया।
- वीडियो में लिखे गुजराती टेक्ट्स को Google लेंस की मदद से अंग्रेजी में ट्रांसलेट किया गया। अनुवाद "गुजरात मौसम पूर्वानुमान" निकला।
- हमने गुजराती कीवर्ड्स के साथ गुजरात वेदर फोरकास्ट को फेसबुक पर सर्च किया "અલીબાડા જામનગર 2021" (अलियाबाड़ा जामनगर फ्लड 2021)।"
फेसबुक पर एक वीडियो मिला जो गुजरात वेदर फोरकास्ट पेज पर 13 सितंबर 2021 को पोस्ट किया गया। इसी वायरल वीडियो को बिपरजॉय का बताकर शेयर किया गया।
फेसबुक पर "राजकोट मिरर न्यूज़" नाम के पेज पर भी यही वायरल वीडियो 2021 में ही शेयर की गई थी। कैप्शन गुजराती में लिखे गए। Google ट्रांसलेशन में "जामनगर जिले में मेघ तांडव, जामनगर जिले के उमरालगाम में हर जगह बाढ़ आ गई..." लिखा आया
बाढ़ की घटना की पुष्टि के लिए 2021 की समाचार रिपोर्ट खंगाली गई। देश गुजरात नाम के डिजिटल पोर्टल पर 13 सितंबर 2021 की रिपोर्ट सामने आई। इसी तारीख को वायरल वीडियो पहली बार अपलोड की गई थी। इस रिपोर्ट हेडिंग "जामनगर जिलों के कुछ हिस्सों में बाढ़" थी।

Fact Check
दावा
चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के कारण गुजरात के जामनगर का इलाका जलमग्न हो गया।
नतीजा
वीडियो पुराना है। गुजरात में 2021 में आई बाढ़ की वीडियो को बिपरजॉय चक्रवात से जोड़ कर शेयर किया जा रहा है, जो पूरी तरह गलत है।












Click it and Unblock the Notifications