Fact Check: पहलगाम आतंकी हमले के बाद गन के साथ दिखे बाबर आजम, क्या है वायरल तस्वीर का सच?
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले के बाद सोशल मीडिया पर एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान बाबर आजम हाथ में गन पकड़े नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर को हमले से जोड़ते हुए दावा किया जा रहा है कि बाबर ने यह फोटो भारत के खिलाफ आक्रामक संदेश देने के इरादे से पोस्ट की है। खासतौर पर ऐसे समय में जब भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध की आशंका जताई जा रही है।
तस्वीर के वायरल होने के साथ कई प्लेटफॉर्म्स पर इसे लेकर विवाद भी खड़ा हो गया है। लेकिन क्या वाकई यह तस्वीर मौजूदा हालात से जुड़ी है? आइए जानते हैं वायरल दावे का सच।

फोटो के साथ भ्रामक कैप्शन
वायरल हो रही पोस्ट में एक ट्विटर यूजर ने बाबर की तस्वीर के साथ लिखा, 'लाहौर की तरफ आंख उठाकर भी न देखना।' इस तरह के कैप्शन ने तस्वीर के संदर्भ को पूरी तरह बदल दिया और लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि बाबर ने कोई राजनीतिक या हिंसक संदेश देने की कोशिश की है। जबकि असल में बाबर का ऐसा कोई इरादा नहीं था।
क्या है तस्वीर की सच्चाई?
फैक्ट चेक करने पर सामने आया कि बाबर आजम की यह तस्वीर हाल की किसी आतंकी घटना से जुड़ी नहीं है। दरअसल, यह फोटो बाबर ने 8 अप्रैल 2022 को अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर शेयर की थी। उन्होंने 'Garena Free Fire Pakistan' नाम के एक वीडियो गेम के प्रमोशनल कैंपेन के तहत यह शूट करवाया था।
यह गेम एक बैटल रॉयल स्टाइल का वीडियो गेम है जिसमें खिलाड़ी हथियारों का इस्तेमाल करते हैं। बाबर की यह फोटो इसी वर्चुअल गेमिंग प्रमोशन का हिस्सा थी और इसका किसी भी तरह से रियल वर्ल्ड हिंसा या किसी आतंकी हमले से कोई संबंध नहीं है।
बाबर आजम या उनके मैनेजमेंट का बयान?
फिलहाल बाबर आजम या उनके आधिकारिक प्रतिनिधियों की ओर से इस विवाद पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन जिस तरह से फोटो का समय, संदर्भ और ब्रांड प्रमोशन से इसका सीधा जुड़ाव साबित होता है, उससे यह साफ हो जाता है कि बाबर ने यह तस्वीर किसी भी आतंकी घटना या भारत-पाक तनाव को ध्यान में रखकर नहीं शेयर की थी।
बाबर आजम की वायरल हो रही गन वाली तस्वीर का जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले या भारत-पाकिस्तान के मौजूदा तनाव से कोई लेना-देना नहीं है। यह तस्वीर एक वीडियो गेम प्रमोशन का हिस्सा थी, जिसे सोशल मीडिया पर गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। वायरल दावा पूरी तरह से भ्रामक (Misleading) है।

Fact Check
दावा
बाबर आजम की गन के साथ तस्वीर को भारत-पाकिस्तान के मौजूदा तनाव से जोड़कर पेश किया जा रहा है
नतीजा
वायरल दावा पूरी तरह से भ्रामक है












Click it and Unblock the Notifications