ATM News: क्या एटीएम 2-3 दिनों के लिए बंद हो रहे हैं? PIB ने वायरल WhatsApp मैसेज को बताया फर्जी
ATM Fact Check News Hindi: भारत-पाकिस्तान के तनाव के बीच कई फर्जी खबरें फैल रही हैं। प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने एक वायरल WhatsApp संदेश का खंडन किया है, जिसमें दावा किया गया था कि देशभर में एटीएम 2-3 दिनों के लिए बंद रहेंगे। PIB की फैक्ट चेक यूनिट ने ट्वीट कर स्पष्ट किया है कि यह दावा "फर्जी" है और "एटीएम सामान्य रूप से चालू रहेंगे।"
यह भ्रामक संदेश तेजी से व्हाट्सएप पर फैल रहा था, जिससे कई लोगों को नकदी निकालने को लेकर चिंता हो गई थी। लेकिन PIB ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस तरह के असत्यापित संदेशों पर ध्यान न दें और इन्हें आगे न बढ़ाएं।

PIB Fact Check के आधिकारिक ट्विटर हैंडल (@PIBFactCheck) से किए गए पोस्ट में लिखा है कि "एक वायरल #WhatsApp संदेश दावा करता है कि एटीएम 2-3 दिनों के लिए बंद रहेंगे। यह संदेश फर्जी है। एटीएम सामान्य रूप से कार्य करते रहेंगे। असत्यापित संदेशों को साझा न करें।"
सरकार की इस आधिकारिक फैक्ट-चेक एजेंसी की यह सफाई अनावश्यक घबराहट को रोकने और जनता को सही जानकारी देने के उद्देश्य से जारी की गई है। PIB समय-समय पर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के खिलाफ चेतावनी देता रहा है और लोगों से सत्यापित सूत्रों से ही जानकारी लेने की अपील करता है। फर्जी WhatsApp फॉरवर्ड्स लंबे समय से एक समस्या रहे हैं। ऐसे में जरूरी है कि किसी भी संदेश को आगे बढ़ाने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य कर लें।
Punjab & Sind Bank ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर जानकारी देते हुए लिखा है कि 'यह आपको आश्वस्त करने के लिए है कि हमारे एटीएम सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। आप बिना किसी रुकावट के सभी सेवाओं का उपयोग जारी रख सकते हैं।'
पंजाब एंड सिंध बैंक ने सार्वजनिक नोटिस में लिखा कि 'प्रिय ग्राहक, आपके ध्यान में यह लाया जाता है कि पंजाब एवं सिंध बैंक के एटीएम सभी स्थानों पर सामान्य रूप से कार्य कर रहे हैं। एटीएम सेवाओं में कोई व्यवधान नहीं है, तथा ग्राहक सामान्य रूप से नकदी निकासी एवं अन्य सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। किसी भी प्रश्न या सहायता के लिए कृपया अपनी निकटतम शाखा या ग्राहक सेवा से संपर्क करें।'
SBI ने कहा- हमारे एटीएम, डिजिटल सर्विस पूरी तरह ऑपरेशनल
स्टेटबैंक ऑफ इंडिया ने एक बयान जारी किया है। SBI ने कहा कि हमारे ATMs, CDMs और डिजिटल सर्विस सही तरह से चल रही है। ये सर्विसेस पूरी तरह ऑपरेशनल है। किसी भी अपुष्ट सूचना पर भरोसा ना करें। कोई समस्या होने पर नजदीकी ब्रांच जाएं या टोल फ्री नंबर 18001234, 18002100, 1800112211, 18004253800 पर संपर्क करें।












Click it and Unblock the Notifications