Udta Teer Review: देशभक्ति, जासूसी और कन्फ्यूजन का मजेदार कॉकटेल हैं 'उड़ता तीर', जानें कैसी है फिल्म?

फिल्म: उड़ता तीर (Udta Teer)
स्टारकास्ट: आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, मुकुल देव, राहुल बोस
डायरेक्टर: आकाश ए. कौशिक
रनटाइम: 2 घंटे 43 मिनट
रेटिंग: 3 (***)

Udta Teer Review: हिंदी सिनेमा में भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव, जासूसी मिशन और देशभक्ति की कहानियां पहले भी कई बार दिखाई जा चुकी हैं। कभी इन विषयों को गंभीर अंदाज में पर्दे पर उतारा गया, तो कभी एक्शन और थ्रिलर के जरिए दर्शकों का मनोरंजन किया गया। निर्देशक आकाश ए. कौशिक की 'उड़ता तीर' इसी विषय को एक अलग रंग में पेश करती है। यहां गोलियों की आवाज के साथ ठहाके भी हैं और देशभक्ति के बीच ऐसा कन्फ्यूजन भी, जो कहानी को कॉमेडी में बदल देता है।

Udta Teer Review

स्पाई थ्रिलर और कॉमेडी का मेल है 'उड़ता तीर'
आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की मुख्य भूमिकाओं वाली ये फिल्म स्पाई थ्रिलर और कॉमेडी का मेल है। कहानी में पहचान का भ्रम, याददाश्त खोने की स्थिति, खुफिया एजेंसियों की साजिशें और राजनीतिक व्यंग्य जैसे कई तत्व शामिल किए गए हैं। फिल्म का मकसद दर्शकों को हर मोड़ पर चौंकाने के साथ हंसाना भी है। हालांकि कहानी में तर्क की तलाश करने वालों को कुछ घटनाएं अटपटी लग सकती हैं लेकिन हल्के-फुल्के मनोरंजन के लिहाज से फिल्म कई जगह अपना असर छोड़ती है।

क्या है 'उड़ता तीर' की कहानी?

-फिल्म की शुरुआत एक रोमांचक जासूसी मिशन से होती है। भारतीय एजेंट विक्रांत के रूप में नजर आने वाले आयुष्मान खुराना अपनी टीम के साथ आतंकवादी अजहर मकसूद (मुकुल देव) को पकड़ने के अभियान में जुटे हैं। मिशन का पीछा करते-करते कहानी पाकिस्तान तक पहुंच जाती है लेकिन यहीं एक ऐसा खुलासा होता है, जो पूरी कहानी का रुख बदल देता है।

-दरअसल विक्रांत की पहचान के पीछे एक बड़ा राज छिपा है। वह असल में बिलाल अहमद है, जो पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए काम करता है। उसका मकसद भारत में रहकर गोपनीय जानकारियां जुटाना है। भारत में वह खुद को भारतीय खुफिया तंत्र का हिस्सा बताता है और अपनी मां (सुप्रिया पिलगांवकर) और पत्नी यामिनी (सारा अली खान) के साथ सामान्य जिंदगी जीता है। दूसरी तरफ पाकिस्तान में उसके संपर्क जनरल मीर (गुलशन ग्रोवर) और नियाजी (राम कपूर) से हैं, जिन्हें वह अपनी गतिविधियों की जानकारी देता है।

-कहानी में असली उलटफेर तब आता है, जब बिलाल की सच्चाई सामने आने का खतरा पैदा होता है। इसी बीच एक हादसे में उसकी याददाश्त चली जाती है। अब वह अपनी असली पहचान भूलकर खुद को विक्रांत यानी भारत का जांबाज जासूस समझने लगता है।

-इसके बाद शुरू होता है पहचान और विचारों का दिलचस्प खेल। जो शख्स कभी पाकिस्तान के लिए काम करता था, वही अब भारत की सुरक्षा को अपनी सबसे बड़ी जिम्मेदारी मानने लगता है। उसके बदले हुए रवैये से पाकिस्तानी अधिकारियों की योजनाएं बिगड़ने लगती हैं और कई मजेदार परिस्थितियां पैदा होती हैं।

-हालांकि सवाल ये है कि अगर बिलाल की याददाश्त लौट आई, तो क्या वह फिर से अपनी पुरानी पहचान अपना लेगा? क्या यामिनी को अपने पति की असलियत पता चलेगी? क्या बिलाल उर्फ विक्रांत दोनों देशों की खुफिया एजेंसियों के बीच चल रहे इस खेल से सुरक्षित निकल पाएगा? फिल्म इन्हीं सवालों के जवाब हास्य, सस्पेंस और ट्विस्ट के जरिए देने की कोशिश करती है।

निर्देशन और कहानी: गंभीर मुद्दों पर कॉमेडी का तड़का

-आकाश ए. कौशिक ने 'उड़ता तीर' मूवी में भारत-पाकिस्तान के तनाव और खुफिया एजेंसियों की गतिविधियों को गंभीर राजनीतिक ड्रामे के बजाय कॉमेडी के नजरिए से दिखाया है। फिल्म का शुरुआती हिस्सा तेजी से आगे बढ़ता है। गलत पहचान और याददाश्त खोने की वजह से पैदा होने वाला भ्रम कहानी को कई दिलचस्प मौके देता है।

-फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसकी सिचुएशनल कॉमेडी है। किरदारों के बीच गलतफहमियां, एक-दूसरे की मंशा को लेकर संदेह और बदलती परिस्थितियां दर्शकों को हंसाने का काम करती हैं। एक्शन, सस्पेंस और ड्रामे को भी कहानी में जगह दी गई है, जिससे फिल्म केवल डायलॉग्स पर निर्भर नहीं रहती।

-निर्देशक ने पाकिस्तान की राजनीति और सत्ता के समीकरणों पर भी व्यंग्य किया है। प्रधानमंत्री शरीफ को जनरल के दफ्तर के बाहर इंतजार करवाने और जनरल के चीन के प्रति जरूरत से ज्यादा झुकाव जैसे प्रसंगों के जरिए राजनीतिक कटाक्ष करने की कोशिश की गई है। ये सीन फिल्म के हास्यपूर्ण अंदाज को आगे बढ़ाते हैं।

-हालांकि फिल्म की यही शैली कुछ जगह कमजोर भी पड़ती है। बिलाल का दोनों देशों के खुफिया तंत्र को आसानी से चकमा देना और कई असंभव लगने वाली परिस्थितियों से निकल जाना कहानी को अविश्वसनीय बनाता है। इंटरवल से पहले फिल्म की रफ्तार अच्छी रहती है लेकिन दूसरे हिस्से में कुछ देर के लिए कहानी धीमी पड़ती है। बाद में नए मोड़ और चुटीले संवाद इसे फिर से संभाल लेते हैं।

डायलॉग और म्यूजिक: पुराने फिल्मी संदर्भों से बढ़ता है मजा

-'उड़ता तीर' के लेखन में लोकप्रिय हिंदी फिल्मों, मशहूर गानों और यादगार किरदारों के संदर्भों का इस्तेमाल किया गया है। फिल्म में पुराने सिनेमा से जुड़े संवादों की झलक मिलती है, जो हिंदी फिल्मों के शौकीन दर्शकों को खास तौर पर पसंद आ सकती है।

-'तारा सिंह नहीं, तू अशरफ अली है' जैसे संदर्भ के जरिए पुरानी फिल्मों की याद दिलाई जाती है। वहीं 'ये दुनिया का पहला बंदा है, जिसे देशभक्ति तो याद आ गई, मगर देश कौन-सा है, भूल गया' जैसा डायलॉग फिल्म के मूल विचार को हास्य के रूप में सामने रखता है।

-पॉपुलर गीत तुझे याद ना मेरी आई का इस्तेमाल भी कॉमेडी के अंदाज में किया गया है। इसके अलावा उड़ता तीर, चूजे, भूतनी का और जय हिंद जैसे गाने फिल्म के अलग-अलग मूड के साथ तालमेल बिठाने की कोशिश करते हैं। पुराने फिल्मी गीतों के संदर्भ कहानी को हल्का और मनोरंजक बनाते हैं।

-फिल्म का क्लाइमेक्स बहुत ज्यादा चौंकाने वाला नहीं है और दर्शक काफी हद तक इसके अंजाम का अंदाजा लगा सकते हैं। फिर भी फिल्म जिस हल्के-फुल्के अंदाज में अपनी कहानी आगे बढ़ाती है, उसमें इसका अनुमानित अंत बहुत बड़ी बाधा नहीं बनता।

फिल्म की स्टारकास्ट और उनकी दमदार एक्टिंग

-एक्टिंग के मामले में आयुष्मान खुराना फिल्म का सबसे मजबूत पक्ष हैं। उनके किरदार में कॉमेडी के साथ कई तरह की उलझनें और विरोधाभास हैं। एक तरफ वह खुद को देश के लिए काम करने वाला जासूस मानता है, तो दूसरी तरफ उसकी असली पहचान कुछ और है। इस दोहरी स्थिति से पैदा होने वाले हास्य को आयुष्मान खुराना ने अपने अंदाज में पेश किया है।

-आयुष्मान खुराना की कॉमिक टाइमिंग और डायलॉग बोलने का तरीका फिल्म के कई कमजोर हिस्सों को भी संभाल लेता है। किरदार की परिस्थितियों के अनुसार बदलता उनका बर्ताव दर्शकों को बांधे रखता है। आयुष्मान खुराना के फैंस के लिए ये भूमिका उन्हें एक बार फिर उनके परिचित मनोरंजक अंदाज में देखने का मौका देती है।

-सारा अली खान एक्टर की पत्नी यामिनी के किरदार में नजर आती हैं। हालांकि उनके किरदार को कहानी में बहुत ज्यादा स्पेस नहीं मिलता। उन्हें अभिनय के लिहाज से कुछ खास करने के मौके सीमित हैं। फिल्म में उनके और आयुष्मान के रिश्ते का इस्तेमाल मुख्य रूप से कहानी में भावनात्मक पहलू जोड़ने के लिए किया गया है।

-फिल्म में दिवंगत एक्टर मुकुल देव भी नजर आते हैं। अजहर मकसूद के किरदार में उनकी मौजूदगी कहानी को एक अलग रंग देती है। उनके अभिनय में ऐसा अंदाज दिखाई देता है, जो फिल्म के हास्यपूर्ण माहौल के साथ मेल खाता है। उनके फैंस के लिए ये फिल्म उनकी स्क्रीन प्रेजेंस को याद करने का एक भावनात्मक मौका भी हो सकती है।

-राहुल बोस अपनी बॉडी लैंग्वेज और अभिनय के जरिए कॉमेडी को और प्रभावी बनाते हैं। वहीं गुलशन ग्रोवर और राम कपूर अपने-अपने किरदारों में कहानी को आगे बढ़ाते हैं। बृजेन्द्र काला, सुहैल नैय्यर और संदीप आनंद जैसे कलाकार भी फिल्म में मनोरंजन का रंग जोड़ते हैं।

-कुल मिलाकर फिल्म के सहायक कलाकार कहानी के हास्यपूर्ण माहौल को बनाए रखने में योगदान देते हैं। हालांकि कुछ किरदारों को और गहराई दी जाती, तो कहानी का प्रभाव बढ़ सकता था।

क्यों देखें 'उड़ता तीर'?

अगर आप जासूसी फिल्मों में सस्पेंस के साथ कॉमेडी देखना पसंद करते हैं तो उड़ता तीर आपके लिए एक विकल्प हो सकती है। फिल्म की कहानी में कई जगह तर्क की कमी है और कुछ घटनाएं जरूरत से ज्यादा फिल्मी लगती हैं लेकिन आयुष्मान खुराना की कॉमिक टाइमिंग, मजेदार डायलॉग और पहचान से जुड़ा कन्फ्यूजन मनोरंजन बनाए रखते हैं। ये फिल्म उन दर्शकों के लिए ज्यादा उपयुक्त है, जो इसे गंभीर जासूसी थ्रिलर समझकर नहीं बल्कि हल्की-फुल्की स्पाई कॉमेडी के तौर पर देखना चाहते हैं।

फाइनल वर्डिक्ट

'उड़ता तीर' की कहानी में लॉजिक की जगह कई बार कॉमेडी ले लेती है। आयुष्मान खुराना का अभिनय, राजनीतिक व्यंग्य और मजेदार डायलॉग इसकी खूबियां हैं जबकि कमजोर तर्क और कुछ धीमे हिस्से इसकी कमियां हैं। अगर आप दिमाग पर ज्यादा जोर दिए बिना मनोरंजन करना चाहते हैं तो ये फिल्म एक बार देख सकते हैं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+