Toxic Advance Booking: यश की 'टॉक्सिक' ने एडवांस बुकिंग में मचाई धूम, रिलीज से पहले बिके 9 लाख Tickets
Toxic Advance Booking: साउथ सुपरस्टार यश (Yash) एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाका करने के लिए तैयार हैं। KGF फ्रेंचाइजी की सफलता के बाद अब उनकी फिल्म 'Toxic: A Fairy Tale for Grown-Ups' को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म की रिलीज से पहले ही एडवांस बुकिंग के आंकड़े इस बात का संकेत दे रहे हैं कि ओपनिंग डे पर बॉक्स ऑफिस पर बड़ा रिकॉर्ड बन सकता है।
देशभर में 9 लाख से ज्यादा टिकट बिके
Toxic की ओपनिंग डे के लिए एडवांस बुकिंग 21 अगस्त 2026 (शुक्रवार) से शुरू हुई थी। वहीं 25 अगस्त 2026 के दोपहर 12 बजे तक फिल्म के अलग-अलग भाषाओं में 9,07,330 टिकट बिक चुके थे। खास बात ये है कि इनमें से 2,65,456 टिकट सिर्फ पिछले 24 घंटे में बुक हुए हैं।

रिलीज से पहले ही फिल्म ने बनाया शानदार
एडवांस बुकिंग की इस रफ्तार को देखते हुए माना जा रहा है कि फिल्म रिलीज से पहले ही शानदार माहौल बना चुकी है। मौजूदा आंकड़ों के आधार पर फिल्म के पहले दिन भारत में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की ग्रॉस कमाई करने की उम्मीद जताई जा रही है।
'टॉक्सिक' की एडवांस बुकिंग से कितनी कमाई?
-सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक रिलीज से एक दिन पहले तक 'टॉक्सिक' के 17,780 शोज के लिए एडवांस बुकिंग हो चुकी है। 24 अगस्त 2026 (सोमवार) तक जहां 6,41,874 टिकट बिके थे, वहीं मंगलवार सुबह तक ये आंकड़ा बढ़कर 9,07,330 हो गया था।
-फिल्म ने एडवांस बुकिंग के जरिए अब तक करीब 32.21 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई कर ली है। वहीं ब्लॉक की गई सीटों को शामिल करने पर ये आंकड़ा लगभग 41.36 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है। रिलीज से पहले ही जिस तरह टिकटों की बिक्री हो रही है, उससे साफ है कि यश की फिल्म को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त क्रेज है।
हिंदी वर्जन ने भी पकड़ी रफ्तार
-'टॉक्सिक' मूल रूप से कन्नड़ भाषा की फिल्म है लेकिन एडवांस बुकिंग में हिंदी वर्जन भी शानदार प्रदर्शन कर रहा है। आज दोपहर 12 बजे तक हिंदी वर्जन की एडवांस बुकिंग से करीब 16.40 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई दर्ज की गई है।
-वहीं कन्नड़ वर्जन से लगभग 14.02 करोड़ रुपये की ग्रॉस प्री-सेल्स हुई है। फिल्म को कन्नड़ और हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगू, मलयालम, अंग्रेजी भाषाओं में भी रिलीज किया जा रहा है। इसके अलावा सिनेमाघरों में रिलीज वाले दिन ऑन-स्पॉट टिकट बिक्री से आंकड़ों में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
BookMyShow पर भी दिखा यश का क्रेज
-टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म BookMyShow पर भी 'टॉक्सिक' को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। 24 अगस्त 2026 तक इस प्लेटफॉर्म पर फिल्म के 6,82,560 टिकट बिकने की जानकारी सामने आई थी।
-मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस आंकड़े के साथ फिल्म ने एडवांस टिकट बिक्री के मामले में शाहरुख खान की 'जवान' और प्रभास की 'कल्कि 2898 एडी' जैसी चर्चित फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है। 21 अगस्त 2026 को बुकिंग शुरू होने के पहले ही दिन करीब 3,46,410 टिकट बिकने की बात सामने आई थी।
मुंबई में सुबह 6 बजे से शुरू होंगे शो
यश को लेकर फैंस की दीवानगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मुंबई में फिल्म टॉक्सिक के सुबह 6 बजे के शो भी रखे गए हैं। इसके अलावा देर रात 11:45 बजे तक के शोज भी उपलब्ध हैं।
फिल्म की टिकटों की कीमत ने लोगों को किया हैरान
-फिल्म के भारी बजट को देखते हुए कई शहरों में टिकटों की कीमत भी काफी ज्यादा रखी गई है। दिल्ली के एक प्रीमियम थिएटर में टिकट की कीमत 2400 रुपये तक बताई जा रही है। मुंबई में कुछ प्रीमियम स्क्रीन पर टिकट 2250 रुपये तक पहुंच गई है जबकि बेंगलुरु में प्रीमियम रीक्लाइनर सीट के लिए करीब 2100 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं।
-कोलकाता में भी कुछ मल्टीप्लेक्स में टिकट की कीमत 1750 रुपये तक बताई गई है। सामान्य कैटेगरी के टिकटों की कीमतों में भी कई जगह 100 से 150 रुपये तक की बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
विदेशों में भी 'टॉक्सिक' का जलवा
-'टॉक्सिक' को सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि इंटरनेशनल मार्केट में भी जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। ब्रिटेन में फिल्म को 400 से ज्यादा स्क्रीन्स पर रिलीज करने की तैयारी है। वहीं अमेरिका में भी प्री-सेल्स ने अच्छी रफ्तार पकड़ी हुई है।
-मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका में 362 लोकेशन्स और 873 शोज के लिए फिल्म ने एडवांस बुकिंग से करीब 2,92,541 डॉलर की कमाई कर ली है। यहां एक दिलचस्प बात ये भी सामने आई है कि तेलुगू डब वर्जन के टिकटों की बिक्री कन्नड़ वर्जन से ज्यादा बताई जा रही है।
क्या पहले दिन 100 करोड़ पार करेगी फिल्म?
'टॉक्सिक' को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यश एक बार फिर 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की ओपनिंग दिला पाएंगे। KGF 2 के बाद ये यश की अगली बड़ी फिल्म है इसलिए ट्रेड की नजर इसके पहले दिन के कलेक्शन पर टिकी हुई है। एडवांस बुकिंग की मौजूदा रफ्तार, यश की लोकप्रियता और रिलीज वाले दिन होने वाली ऑन-स्पॉट टिकट बिक्री को देखते हुए फिल्म की वर्ल्डवाइड ओपनिंग 100 से 120 करोड़ रुपये के बीच रहने का अनुमान लगाया जा रहा है।
26 अगस्त 2026 को रिलीज होगी 'टॉक्सिक'
-यश की फिल्म 'टॉक्सिक' आगामी 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। इसकी कहानी यश और गीतू मोहनदास ने मिलकर लिखी है।
-फिल्म में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत अहम भूमिकाओं में हैं। ये एक पीरियड गैंगस्टर एक्शन ड्रामा है जिसमें यश डबल रोल में नजर आने वाले हैं। फिल्म का कथित बजट करीब 800 से 1000 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है।


Click it and Unblock the Notifications
