Toxic Advance Booking: 'टॉक्सिक' ने मचाई तबाही, 72 घंटे में 7 लाख टिकट बिके, Delhi-NCR में सबसे महंगे Tickets
Toxic Advance Booking: साउथ सुपरस्टार यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका करती नजर आ रही है। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस पीरियड गैंगस्टर एक्शन थ्रिलर को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। फिल्म 26 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी लेकिन रिलीज से पहले इसकी एडवांस बुकिंग के आंकड़े काफी चौंकाने वाले हैं।
72 घंटे में बिके 6.41 लाख से ज्यादा टिकट
'टॉक्सिक' की एडवांस बुकिंग गत 21 अगस्त 2026 से शुरू हुई थी। आज यानी 24 अगस्त 2026 (सोमवार) दोपहर तक फिल्म के 6 लाख 41 हजार 874 टिकट बिक चुके हैं। फिल्म की प्री-सेल्स को देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स को उम्मीद है कि रिलीज से पहले बुकिंग के जरिए 'टॉक्सिक' देश और विदेश में मिलाकर 100 से 120 करोड़ रुपये तक की ग्रॉस कमाई कर सकती है।

प्री-सेल्स में और इजाफा होने की उम्मीद
खास बात ये है कि फिल्म ने एडवांस बुकिंग के मामले में शाहरुख खान की 'पठान' और रणबीर कपूर की 'एनिमल' जैसी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है। हालांकि रिलीज से पहले फिल्म के पास अभी दो दिन का समय बाकी है इसलिए इसकी प्री-सेल्स में और इजाफा होने की उम्मीद है।
कन्नड़ और हिंदी वर्जन में जबरदस्त मुकाबला
-यश की फिल्म का सबसे ज्यादा क्रेज कन्नड़ और हिंदी वर्जन में देखने को मिल रहा है। आज दोपहर तक 2D, IMAX और 4DX फॉर्मेट को मिलाकर कन्नड़ वर्जन ने करीब 11.92 करोड़ रुपये की ग्रॉस एडवांस बुकिंग कर ली थी। वहीं हिंदी वर्जन की प्री-सेल्स करीब 11.57 करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी।
-सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक ब्लॉक सीटों को अलग रखते हुए फिल्म ने कन्नड़, हिंदी, तेलुगू, तमिल और मलयालम भाषाओं में एडवांस टिकट बिक्री से करीब 24.35 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई कर ली है। ब्लॉक सीटों को शामिल करने पर यह आंकड़ा 32.92 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है।
-फिलहाल देशभर में 14,000 से ज्यादा शोज की बुकिंग ट्रैक की जा रही है। रिलीज के करीब आते ही शोज की संख्या और टिकटों की बिक्री दोनों बढ़ने की संभावना है। कई बड़े शहरों में फिल्म के शुरुआती शोज अभी से फुल होते दिखाई दे रहे हैं।
एडवांस बुकिंग में टॉप फिल्मों की लिस्ट में पहुंची 'टॉक्सिक'
-प्री-रिलीज बुकिंग के मामले में 'टॉक्सिक' ने टॉप फिल्मों की लिस्ट में अपनी जगह बना ली है। फिल्म ने अभी से 'पठान' और 'एनिमल' को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि इस लिस्ट में सबसे ऊपर अभी भी 'बाहुबली 2' का कब्जा है, जिसने रिलीज से पहले 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की एडवांस बुकिंग की थी।
-इसके बाद अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2' का नंबर आता है, जिसने करीब 91.24 करोड़ रुपये की प्री-सेल्स दर्ज की थी। तीसरे स्थान पर यश की 'KGF 2' रही, जिसकी एडवांस बुकिंग 80 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जाती है।
बढ़ी टिकटों की कीमत, दिल्ली में सबसे महंगा शो
-'टॉक्सिक' की हाई डिमांड का असर टिकटों की कीमतों पर भी नजर आ रहा है। दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, बेंगलुरु और कोलकाता जैसे शहरों में कई प्रीमियम थिएटरों ने फिल्म के टिकटों की कीमत काफी ज्यादा रखी है।
-दिल्ली के एम्बिएंस मॉल स्थित PVR डायरेक्टर्स कट में फिल्म के प्रीमियम टिकट की कीमत 2400 रुपये तक पहुंच गई है। हालांकि राजधानी में कम कीमत वाले विकल्प भी मौजूद हैं। डिलाइट सिनेमा में अलग-अलग कैटेगरी के टिकट 95 रुपये से लेकर 240 रुपये तक हैं।
-मुंबई में जियो वर्ल्ड ड्राइव स्थित मेसन PVR में प्रीमियम रिक्लाइनर प्राइम सीट के लिए 2250 रुपये तक चुकाने पड़ रहे हैं। वहीं बेंगलुरु के फोरम रेक्स वॉक स्थित PVR डायरेक्टर्स कट में रिक्लाइनर प्राइम कैटेगरी का टिकट करीब 2100 रुपये है। कोलकाता के INOX साउथ सिटी और INOX क्वेस्ट मॉल में रॉयल रिक्लाइनर की कीमत 1750 रुपये तक पहुंच गई है।
कर्नाटक में 12 करोड़ के पार पहुंची बुकिंग
-यश के होम मार्केट कर्नाटक में 'टॉक्सिक' को लेकर सबसे ज्यादा उत्साह देखने को मिल रहा है। राज्य में डायरेक्ट एडवांस टिकट सेल्स 12.29 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है। वहीं ब्लॉक सीटों को शामिल करने पर कर्नाटक में ग्रॉस प्री-सेल्स करीब 15.59 करोड़ रुपये हो गई है।
-कर्नाटक में फिल्म के 1,815 शोज ट्रैक किए जा रहे हैं, जिनमें से 723 शो हाउसफुल हो चुके हैं। सिर्फ बेंगलुरु की बात करें तो यहां करीब 952 शोज की बुकिंग चल रही है और ब्लॉक सीटों समेत शहर में लगभग 9.68 करोड़ रुपये की प्री-सेल्स दर्ज हो चुकी है।
हिंदी बेल्ट में भी यश का जलवा बरकरार
-यश की पिछली फिल्म 'KGF 2' ने हिंदी वर्जन में शानदार प्रदर्शन करते हुए करीब 487.56 करोड़ रुपये की नेट कमाई की थी। अब 'टॉक्सिक' के हिंदी वर्जन को लेकर भी दर्शकों का उत्साह साफ दिखाई दे रहा है। देशभर में हिंदी वर्जन के 10 हजार से ज्यादा शोज के लिए 3.33 लाख से अधिक टिकट बिक चुके हैं। हिंदी बेल्ट में दिल्ली-एनसीआर सबसे आगे है। ब्लॉक सीटों को मिलाकर यहां फिल्म की एडवांस बुकिंग करीब 1.77 करोड़ रुपये पहुंच गई है।
-इसके अलावा महाराष्ट्र में करीब 1.24 करोड़ रुपये, पुणे में 65.9 लाख रुपये, अहमदाबाद में 43.16 लाख रुपये, सूरत में 40.46 लाख रुपये और जयपुर में 46.32 लाख रुपये की प्री-सेल्स दर्ज की गई है।
1000 करोड़ के भारी-भरकम बजट पर टिकी नजरें
-'टॉक्सिक' के बजट को लेकर अलग-अलग रिपोर्ट्स में 800 से 1000 करोड़ रुपये तक के आंकड़े सामने आए हैं। ऐसे में फिल्म की शानदार एडवांस बुकिंग मेकर्स के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।
-अब असली परीक्षा रिलीज के बाद शुरू होगी। जिस तरह फिल्म को लेकर एडवांस बुकिंग में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, उससे उम्मीद है कि यश की 'टॉक्सिक' बॉक्स ऑफिस पर भी बड़ा रिकॉर्ड कायम कर सकती है। अब देखना होगा कि रिलीज के बाद फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है और बॉक्स ऑफिस पर कितनी बड़ी कमाई करती है।


Click it and Unblock the Notifications
