The Kerala Story 2 बिना रिलीज हुए कर रही ताबड़तोड़ कमाई, कैसे चल रहा है ये गेम? सच उड़ा देगा होश
The Kerala Story 2: बॉलीवुड फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' पहले 27 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी। लेकिन रिलीज से ठीक एक दिन पहले बड़ा झटका लगा, जब केरल हाई कोर्ट ने इस मूवी की रिलीज पर 15 दिनों के लिए अंतरिम रोक लगा दी।
जबरन धर्म परिवर्तन पर आधारित है फिल्म की कहानी
दरअसल इस फिल्म की कहानी जबरन धर्म परिवर्तन जैसे संवेदनशील विषय पर आधारित बताई जा रही है, जिसे लेकर राज्य में विवाद खड़ा हो गया है। कोर्ट के इस आदेश के बाद फिल्म के भविष्य पर सवाल खड़े हो गए हैं।

रिलीज डेट पर लगा ब्रेक, 15 दिन की रोक
-फिल्म के निर्माताओं ने स्टे ऑर्डर के खिलाफ तुरंत अपील दायर की है। गत 26 फरवरी 2026 (गुरुवार) देर रात हाई कोर्ट ने प्रोड्यूसर्स की अपील पर सुनवाई के लिए सहमति दे दी।
-इस फैसले से उम्मीद बंधी है कि यदि कोर्ट से राहत मिलती है तो फिल्म तय समय के आसपास रिलीज हो सकती है। हालांकि आधिकारिक रूप से स्थिति अब भी स्पष्ट नहीं है।
बड़े मल्टीप्लेक्स ने हटाए शो, फिर भी बिक रहे टिकट
-स्टे ऑर्डर के बाद PVR INOX और Cinepolis जैसी बड़ी सिनेमा चेन ने अपने शो लिस्टिंग से फिल्म को हटा दिया है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म BookMyShow और District पर भी ज्यादातर जगहों पर शो नजर नहीं आ रहे हैं।
-हैरानी की बात ये है कि मुंबई के कई Maxus Cinemas में फिल्म की बुकिंग अब भी खुली हुई है। बुकिंग डेटा के मुताबिक स्टे के बावजूद मुंबई के 21 थिएटरों में इस फिल्म की टिकट उपलब्ध हैं।
-कोलकाता में सिनेपोलिस ने आज यानी 27 फरवरी 2026 (शुक्रवार) के शो हटा दिए हैं लेकिन वीकेंड के लिए एक लोकेशन पर टिकट दिखाई दे रही है।
रिलीज से पहले ही शुरू हो गई थी कमाई
दिलचस्प बात ये है कि स्टे ऑर्डर से पहले ही फिल्म ने एडवांस बुकिंग के जरिए कमाई शुरू कर दी थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्री-सेल में लगभग 5 हजार टिकट बिक चुके थे। यानी रिलीज पर रोक के बावजूद फिल्म का बॉक्स ऑफिस मीटर चल पड़ा था।
सोशल मीडिया पर हो रहा कन्फ्यूजन
फिल्म की रिलीज को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। दामोदर सिनेमाज जैसी छोटी चेन ने साफ किया है कि फिल्म रिलीज नहीं हुई है। वहीं दूसरी ओर M2K Cinemas जैसी राष्ट्रीय चेन ने दावा किया कि फिल्म थिएटर में लग चुकी है। इस विरोधाभासी जानकारी ने दर्शकों को उलझन में डाल दिया है। लोग सवाल कर रहे हैं, जब कोर्ट ने रोक लगा दी है तो टिकट कैसे बिक रहे हैं?
स्टे के बावजूद कहां से हुई 15 लाख रुपए की कमाई?
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने आज यानी 27 फरवरी 2026 (शुक्रवार) सुबह 10 बजे तक करीब 15 लाख रुपये की कमाई दर्ज की है। अब बड़ा सवाल यही है कि जब रिलीज पर कानूनी रोक लगी है तो ये कलेक्शन किस आधार पर दर्ज हो रहा है। संभावना जताई जा रही है कि ये आंकड़ा एडवांस बुकिंग या उन क्षेत्रों से हो सकता है जहां स्टे के लागू होने को लेकर स्पष्टता नहीं थी।
कोर्ट के अंतिम फैसले पर निर्भर है फिल्म का भविष्य
फिलहाल सबकी नजरें हाई कोर्ट की अगली सुनवाई पर टिकी हैं। यदि मेकर्स को राहत मिलती है तो फिल्म की रिलीज का रास्ता साफ हो सकता है। हालांकि जब तक स्थिति स्पष्ट नहीं होती, 'द केरल स्टोरी 2' सिनेमा हॉल से ज्यादा कानूनी गलियारों में चर्चा का विषय बनी रहेगी। अब देखना ये है कि कोर्ट का अंतिम फैसला फिल्म के बॉक्स ऑफिस भविष्य को किस दिशा में ले जाता है।












Click it and Unblock the Notifications