Ranabaali Teaser Out: 'रणबाली' का दमदार टीजर रिलीज, विजय देवरकोंडा का खूंखार अवतार, अंग्रेजों से लेंगे पंगा
Ranabaali Teaser Out: साउथ के फेमस एक्टर विजय देवरकोंडा (Vijay Deverakonda) और एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना (Rashmika Mandanna) की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटने वाली है। दोनों की अपकमिंग फिल्म 'रणबाली' को लेकर फैंस के बीच पहले से ही जबरदस्त एक्साइटमेंट है। अब मेकर्स ने फिल्म का पहला टीजर जारी कर इस उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
फिल्म 'रणबाली' का टीजर हुआ रिलीज
फिल्म 'रणबाली' के टीजर में विजय देवरकोंडा एक ऐसे किरदार में नजर आ रहे हैं, जिसे देखकर उनके फैंस भी हैरान रह जाएंगे। एक्शन, इतिहास और विद्रोह से भरपूर इस फिल्म की दुनिया काफी गंभीर और हिंसक नजर आ रही है।

टीजर ने दिखाई ब्रिटिश दौर की खौफनाक तस्वीर
'रणबाली' के टीजर की शुरुआत एक बेहद गंभीर मैसेज के साथ होती है। इसमें 1876 से 1878 के बीच ब्रिटिश शासन के दौरान जान गंवाने वाले लाखों भारतीयों को याद किया गया है। इसके बाद स्क्रीन पर सूखे और अकाल से जूझते गांवों की तस्वीर उभरती है। भूख से परेशान लोग, वीरान जमीन और चारों तरफ फैली बदहाली फिल्म की कहानी के ऐतिहासिक बैकग्राउंड की ओर इशारा करती है। टीजर में ब्रिटिश हुकूमत के दौरान आम लोगों पर हुए अत्याचार और शोषण की झलक भी दिखाई गई है।
विलेन बनकर छाए अर्नोल्ड वोस्लू
फिल्म में साउथ अफ्रीकी अभिनेता अर्नोल्ड वोस्लू (Arnold Vosloo) को बेहद खतरनाक अंदाज में पेश किया गया है। 'द ममी' फ्रेंचाइजी में इमहोतेप के किरदार से दुनियाभर में पहचान बनाने वाले अर्नोल्ड, 'रणबाली' मूवी में सर थियोडोर हेक्टर की भूमिका में नजर आएंगे। टीजर में उनका किरदार एक बेरहम ब्रिटिश अधिकारी के तौर पर दिखाई देता है, जिसे लोग सूखे का शैतान कहते हैं। वो भारत की संपत्ति पर कब्जा जमाने और अपने अधीन लोगों पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए किसी भी हद तक जाता नजर आता है।
विजय देवरकोंडा का बदला अंदाज
टीजर का सबसे बड़ा सरप्राइज विजय देवरकोंडा का लुक और किरदार है। फिल्म में वियज देवरकोंडा 'सिंगनामला बोब्बिली रणबाली' के रोल में नजर आ रहे हैं। उनका लुक बेहद रफ, देसी और आक्रामक है। विजय का ये अंदाज उनके अब तक के कई रोमांटिक और शहरी किरदारों से बिल्कुल अलग दिखाई देता है। टीजर में उनका किरदार अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ खड़ा होता नजर आता है। उनके हाव-भाव और एक्शन सीन्स से साफ है कि फिल्म में विजय का किरदार सिर्फ हीरो नहीं बल्कि विद्रोह की आवाज बनने वाला है।
फिल्म के डायलॉग्स ने खींचा लोगों का ध्यान
-टीजर में विजय देवरकोंडा का एक डायलॉग खास तौर पर ध्यान खींचता है। वो साफ शब्दों में कहते हैं कि 'इस जमीन का एक दाना भी बाहर एक्सपोर्ट नहीं किया जाएगा'। उनका ये अंदाज और डायलॉग फिल्म में उनके किरदार के तेवर को बयां करता है।
-टीजर के आखिर में एक रहस्यमयी और विशालकाय हाथ की झलक दिखाई जाती है, जो कहानी को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा देती है। अब ये हाथ किसका है और इसका फिल्म की कहानी से क्या कनेक्शन है, इसका खुलासा सिनेमाघरों में ही होगा।
क्या सच्ची घटनाओं से प्रेरित है 'रणबाली'?
फिल्म 'रणबाली' की कहानी 19वीं सदी के ब्रिटिश शासन वाले रायलसीमा इलाके की पृष्ठभूमि में सेट है। फिल्म में 1854 से 1878 के बीच के दौर को दिखाया गया है। कहानी में औपनिवेशिक शासन, अकाल, शोषण और उसके खिलाफ उठने वाले विद्रोह को प्रमुखता दी गई है। कहा जा रहा है कि फिल्म इतिहास की उन घटनाओं से प्रेरित है, जिनका जिक्र आमतौर पर कम ही देखने को मिलता है। फिल्म की कहानी प्रमोद तमिनेनी ने लिखी है।
राहुल सांकृतियन ने संभाली डायरेक्शन की कमान
'रणबाली' का निर्देशन राहुल सांकृतियन (Rahul Sankrityan) ने किया है। इससे पहले वो विजय देवरकोंडा के साथ 'टैक्सीवाला' और नानी की 'श्याम सिंघ रॉय' जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। फिल्म के म्यूजिक की जिम्मेदारी अजय-अतुल (Ajay-Atul) ने संभाली है जबकि नीरव शाह सिनेमैटोग्राफी और कार्तिक श्रीनिवास आर. एडिटिंग से जुड़े हैं।
16 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी फिल्म 'रणबाली'
-मैथ्री मूवी मेकर्स के बैनर तले नवीन यरनेनी और वाई. रवि शंकर ने फिल्म रणबाली को प्रोड्यूस किया है। टी-सीरीज इसे प्रस्तुत कर रही है। 'रणबाली' आगामी 16 अक्टूबर 2026 को तेलुगू, तमिल, हिंदी, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
-फिल्म की रिलीज दशहरा के आसपास रखी गई है। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर इसे मजबूत मुकाबले का सामना करना पड़ेगा क्योंकि इसी दौरान रजनीकांत की 'जेलर 2' और धनुष की 'ओम' जैसी फिल्मों की रिलीज भी चर्चा में है। अब देखना होगा कि विजय देवरकोंडा का ये खूंखार अवतार दर्शकों को कितना पसंद आता है।
-'रणबाली' के टीजर ने फिल्म को लेकर उत्सुकता काफी बढ़ा दी है। विजय देवरकोंडा का दमदार लुक, ब्रिटिश काल की कहानी, अर्नोल्ड वोस्लू का खतरनाक किरदार और रश्मिका मंदाना के साथ उनकी जोड़ी फिल्म को खास बनाती है। अब फैंस को 16 अक्तूबर 2026 का इंतजार है, जब ये कहानी बड़े पर्दे पर पूरी तरह सामने आएगी।


Click it and Unblock the Notifications
