Ramayana X Review: रिलीज होते ही छाई 'रामायण', VFX और यश के रावण अवतार की हो रही तारीफ, म्यूजिक ने किया निराश
Ramayana X Review: नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ ए लेजेंड' आज यानी 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। रणबीर कपूर और यश स्टारर इस मेगा बजट फिल्म को लेकर लंबे समय से दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ था। करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट में दो हिस्सों में तैयार की गई इस फिल्म का प्रीमियर 4 नवंबर 2026 की शाम भारत में आयोजित किया गया था। इसके बाद से ही एक्स हैंडल पर दर्शकों ने अपने रिव्यू शेयर करने शुरू कर दिए हैं। शुरुआती प्रतिक्रियाओं में फिल्म के भव्य विजुअल्स और वीएफएक्स की जमकर तारीफ हो रही है जबकि म्यूजिक को लेकर कुछ दर्शकों ने निराशा जाहिर की है।
सुबह 6 बजे से शुरू हुए फिल्म के शो, दर्शकों में दिखा उत्साह
'रामायण' को लेकर दर्शकों की दीवानगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सिनेमाघरों में सुबह 6 से 6:30 बजे के बीच ही पहले शो शुरू हो गए। लॉस एंजिल्स और लंदन में बड़े स्तर पर प्रीमियर आयोजित करने के बाद फिल्म की भारत में भी स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई थी।

2D, 3D, IMAX और 4DX में रिलीज हुई 'रामायण'
ये फिल्म 2D, 3D, IMAX और 4DX जैसे अलग-अलग फॉर्मेट में रिलीज की गई है। खास बात ये है कि फिल्म को केवल भारतीय दर्शकों के बीच ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बड़े पैमाने पर पेश किया जा रहा है। अब शुरुआती शोज के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।
हॉलीवुड जैसी भव्यता और VFX ने जीता दर्शकों का दिल
-फिल्म के शुरुआती रिव्यू में सबसे ज्यादा चर्चा इसके विजुअल इफेक्ट्स की हो रही है। दर्शकों को फिल्म के विशाल सेट, युद्ध केसीन्स और पौराणिक दुनिया को पर्दे पर दिखाने का अंदाज काफी पसंद आ रहा है।
-फिल्म के वीएफएक्स की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता स्टूडियो DNEG (डबल निगेटिव) ने संभाली है। इसके साथ ReDefine ने भी विजुअल इफेक्ट्स तैयार करने में अहम योगदान दिया है। वहीं हॉलीवुड के मशहूर वीएफएक्स सुपरवाइजर डैन ग्लास ने भी इस प्रोजेक्ट पर काम किया है।
-खबरों के मुताबिक फिल्म के युद्ध से जुड़े सीन्स को तैयार करने में काफी लंबा समय लगा है। यही वजह है कि बड़े पैमाने पर तैयार किए गए एक्शन सीक्वेंस और विजुअल्स दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं। कई सोशल मीडिया यूजर्स फिल्म की तुलना हॉलीवुड की बड़ी फैंटेसी और एक्शन फिल्मों से भी कर रहे हैं।
रावण और जटायु के सीन को बताया फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण
-फिल्म देखने के बाद एक यूजर ने अपना अनुभव शेयर करते हुए बताया कि फिल्म में रावण की एंट्री काफी प्रभावशाली है। उनके मुताबिक यश ने रावण के किरदार में गुस्से, महत्वाकांक्षा और तीनों लोकों पर अधिकार जमाने की इच्छा को बखूबी पर्दे पर उतारा है।
-उन्होंने राम के किरदार की एंट्री का भी जिक्र किया। जहां रावण के परिचय में आक्रामकता दिखाई देती है, वहीं राम के किरदार में भावनाएं, ठहराव और शांति नजर आती है। दोनों किरदारों को पेश करने का ये अंतर उन्हें काफी पसंद आया है।
-वहीं एक दूसरे यूजर के मुताबिक फिल्म का सबसे दमदार हिस्सा रावण और जटायु के बीच होने वाला मुकाबला है। पुष्पक विमान से सीता हरण के दौरान जटायु और रावण के बीच दिखाया गया संघर्ष दर्शकों को रोमांचित करता है। यूजर ने इस सीक्वेंस को ऐसा बताया, जहां सिनेमाघर में बैठे दर्शक तालियां बजाने से खुद को रोक नहीं पाएंगे।
-वहीं एक दर्शक ने रावण के किरदार में नजर आए यश के अभिनय की भी तारीफ की। साथ ही कहा कि शरद केलकर की आवाज यश के किरदार के साथ इतनी जुड़ चुकी है कि कैमरे से दूर होने पर भी दर्शकों को आवाज का प्रभाव महसूस होता है।
म्यूजिक को लेकर दर्शकों ने जताई नाराजगी
-जहां फिल्म के वीएफएक्स, एक्शन और कलाकारों के अभिनय को सराहना मिल रही है, वहीं इसके संगीत को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। एआर रहमान ने फिल्म का म्यूजिक तैयार किया है लेकिन कुछ दर्शकों को इसका संगीत उम्मीद के मुताबिक प्रभावशाली नहीं लगा।
-एक यूजर ने म्यूजिक को फिल्म की सबसे बड़ी कमी बताया। उनका कहना था कि थिएटर से बाहर आने के बाद उन्हें फिल्म का एक भी गाना याद नहीं रहा। ऐसे में भव्य विजुअल्स के बीच संगीत दर्शकों के मन में वैसा प्रभाव नहीं छोड़ पाया, जैसी उम्मीद की जा रही थी।
कुछ दर्शकों ने फिल्म को बताया औसत, रनटाइम पर भी उठे सवाल
-'रामायण' को लेकर सोशल मीडिया पर सभी प्रतिक्रियाएं सकारात्मक नहीं हैं। कुछ दर्शकों ने फिल्म की लंबाई पर सवाल उठाए हैं तो कुछ ने इसकी कहानी को औसत बताया है। कुछ यूजर्स ने तो रिलीज के शुरुआती दिन ही इसे निराशाजनक करार देना शुरू कर दिया है।
-यहां तक कि कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने फिल्म की तुलना 'आदिपुरुष' मूवी से करते हुए उस फिल्म को बेहतर बताया है। हालांकि ये दर्शकों की व्यक्तिगत प्रतिक्रियाएं हैं और फिल्म को लेकर राय अलग-अलग नजर आ रही है।
-फिल्म क्रिटिक केआरके ने भी इसके लंबे रनटाइम और कहानी के अधूरेपन को लेकर टिप्पणी की है। उनके मुताबिक करीब साढ़े तीन घंटे की फिल्म में रामायण की आधी कहानी ही दिखाई गई है। राम और रावण के बीच मुख्य युद्ध दूसरे भाग में देखने को मिलेगा। ऐसे में दर्शकों को पूरी कहानी और युद्ध देखने के लिए दोनों हिस्सों का इंतजार करना पड़ेगा।
एडवांस बुकिंग में 'रामायण' ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
-फिल्म की रिलीज से पहले ही इसके टिकटों की बिक्री ने बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत के संकेत दे दिए थे। नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन में बनी इस फिल्म को भारत के साथ विदेशी बाजारों में भी शानदार एडवांस बुकिंग मिली है।
-सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक 5 नवंबर 2026 को रिलीज के पहले दिन के लिए फिल्म ने भारत में एडवांस बुकिंग से 49.75 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई दर्ज की। इसमें ब्लॉक सीटों को शामिल किया गया है। वहीं ब्लॉक सीटों को हटाने के बाद ये आंकड़ा करीब 42.50 करोड़ रुपये बताया गया है।
-इसके अलावा विदेशी बाजारों की टिकट बिक्री को मिलाकर फिल्म की दुनियाभर में कुल एडवांस बुकिंग 150 करोड़ रुपये के पार पहुंचने की बात सामने आई है। अब सबकी नजरें फिल्म के पहले दिन के वास्तविक बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर टिकी हैं।


Click it and Unblock the Notifications
