Ramayana Advance Booking: रिलीज से पहले ही रणबीर कपूर की 'रामायण' की चली आंधी, एडवांस बुकिंग में कमाए 54 करोड़
Ramayana Advance Booking: रणबीर कपूर की मच अवेटेड फिल्म 'रामायण' को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म की रिलीज में अभी 2 दिन बाकी हैं लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसकी शुरुआत बेहद शानदार होती नजर आ रही है। सिनेमाघरों में दस्तक देने से पहले ही फिल्म ने एडवांस बुकिंग के जरिए करोड़ों रुपये का कारोबार कर लिया है। खास बात ये है कि टिकटों की बिक्री के मामले में फिल्म लगातार नए आंकड़े छू रही है।
रणबीर कपूर-साई पल्लवी की जोड़ी को बड़े पर्दे पर देखने के लिए फैंस उत्साहित
रणबीर कपूर के साथ साई पल्लवी और यश की जोड़ी को बड़े पर्दे पर देखने के लिए फैंस काफी उत्साहित हैं। आइए जानते हैं कि फिल्म ने अब तक एडवांस बुकिंग से कितनी कमाई की है और किन शहरों में इसका सबसे ज्यादा क्रेज देखने को मिल रहा है।

एडवांस बुकिंग में 'रामायण' ने कमाए 54 करोड़ रुपये
-सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक रणबीर कपूर की 'रामायण' ने एडवांस बुकिंग में ब्लॉक सीटों को मिलाकर अब तक करीब 54 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। वहीं ब्लॉक सीटों को हटाकर फिल्म की एडवांस बुकिंग से कमाई 43.46 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
-फिल्म की टिकट बिक्री के आंकड़े भी काफी प्रभावशाली हैं। अब तक इसके करीब 12.84 लाख टिकट बिक चुके हैं और देशभर में लगभग 39,650 शो बुक हो चुके हैं। फिल्म की मौजूदा ऑक्यूपेंसी करीब 15 फीसदी बताई जा रही है।
-रिलीज से पहले ही मिल रहे इस शानदार रिस्पॉन्स ने मेकर्स की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। हालांकि फिल्म की रिलीज में अभी 3 दिन का समय बाकी है, ऐसे में माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में टिकटों की बिक्री और तेजी पकड़ सकती है।
दिल्ली-मुंबई समेत इन शहरों में सबसे ज्यादा क्रेज
-'रामायण' की एडवांस बुकिंग के आंकड़ों पर नजर डालें तो बड़े शहरों में फिल्म को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। दिल्ली-एनसीआर इस मामले में सबसे आगे है। यहां फिल्म ने अब तक 8.41 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग दर्ज की है। वहीं मुंबई में 7.38 करोड़ रुपये की टिकट बिक्री हुई है। इसके अलावा बेंगलुरु में 6.55 करोड़, हैदराबाद में 3.32 करोड़ और पुणे में 2.45 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग दर्ज की गई है।
-इन आंकड़ों से साफ है कि फिल्म को सिर्फ हिंदी भाषी क्षेत्रों में ही नहीं बल्कि देश के दूसरे बड़े सिनेमाई बाजारों में भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। खासकर रणबीर कपूर और यश के फैंस के बीच फिल्म को लेकर काफी उत्सुकता है।
रणबीर कपूर के राम और यश के रावण किरदार को देखने के लिए बेताब फैंस
-फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी दमदार स्टारकास्ट है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। वहीं यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं।
-इसके अलावा फिल्म में सनी देओल भगवान हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण और विवेक ओबेरॉय अहम भूमिका में दिखाई देंगे। फिल्म की स्टारकास्ट में रकुल प्रीत सिंह, काजल अग्रवाल, लारा दत्ता, शीबा चड्ढा और इंदिरा कृष्णन जैसे कलाकार भी शामिल हैं।
-सोशल मीडिया पर फिल्म के कलाकारों और उनकी भूमिकाओं को लेकर पहले से ही चर्चा हो रही है। दर्शक खासतौर पर रणबीर कपूर को भगवान राम और यश को रावण के किरदार में देखने के लिए उत्साहित हैं।
कब रिलीज होगी रणबीर कपूर की 'रामायण'?
-रणबीर कपूर की इस मेगा बजट फिल्म का पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है। फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार किया गया है और इसे दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाने की योजना है।
-वहीं मेकर्स ने इसकी कहानी को दो हिस्सों में पेश करने का फैसला किया है। फिल्म का दूसरा पार्ट साल 2027 में दिवाली के मौके पर रिलीज किया जाएगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि एडवांस बुकिंग में शानदार शुरुआत करने वाली 'रामायण' रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर कितने बड़े रिकॉर्ड बनाती है। फिलहाल 54 करोड़ रुपये की प्री-रिलीज टिकट बिक्री ने फिल्म को लेकर दर्शकों की दीवानगी का अंदाजा जरूर दे दिया है।


Click it and Unblock the Notifications
