Haiwaan Trailer Out: फिल्म 'हैवान' का ट्रेलर रिलीज, 2 मिनट 34 सेकंड के वीडियो ने दिमाग हिला दिया

Haiwaan Trailer Out: अक्षय कुमार और सैफ अली खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'हैवान' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। करीब 2 मिनट 34 सेकंड का ये ट्रेलर शुरुआत से ही रहस्य, डर और रोमांच से भरपूर नजर आता है। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में एक के बाद एक हो रही हत्याओं, एक मासूम बच्ची और उसे बचाने की कोशिश कर रहे एक दृष्टिबाधित शख्स की कहानी दिखाई गई है। इन सबके बीच एक खतरनाक हैवान है, जिसका सच फिल्म के साथ धीरे-धीरे सामने आएगा।

फिल्म 'हैवान' का ट्रेलर हुआ रिलीज
सबसे खास बात ये है कि अक्षय कुमार और सैफ अली खान करीब 18 साल के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। ट्रेलर में दोनों के किरदार कहानी को अलग-अलग स्तर पर आगे बढ़ाते दिखाई देते हैं।

Haiwaan Trailer Out

डरावनी चीख से होती है ट्रेलर की शुरुआत

-'हैवान' का ट्रेलर अक्षय कुमार की आवाज से शुरू होता है। वह घबराए हुए अंदाज में मदद की गुहार लगाते सुनाई देते हैं। इसके बाद अचानक एक चीख सुनाई देती है और यहीं से कहानी का माहौल पूरी तरह बदल जाता है।

-इसके बाद ट्रेलर में शहर में लगातार हो रही हत्याओं की गुत्थी सामने आती है। पुलिस अधिकारी के किरदार में सैयामी खेर इस मामले की जांच करती नजर आती हैं। वह बताती हैं कि पिछले एक साल में सात ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें सिर्फ एक-एक व्यक्ति नहीं बल्कि पूरे परिवार को निशाना बनाया गया।

एक साल में 7 परिवारों की हत्या

-ट्रेलर में सामने आता है कि शहर में होने वाली हत्याओं के पीछे किसी एक खतरनाक शख्स का हाथ हो सकता है। अक्षय कुमार का किरदार भी इसी रहस्य से जुड़ा हुआ दिखाई देता है। वह कई दृश्यों में एक ऐसे व्यक्ति की तरह नजर आते हैं, जिसके इरादों को समझना आसान नहीं है।

-दूसरी तरफ सैफ अली खान एक दृष्टिबाधित व्यक्ति की भूमिका में हैं। वह एक बच्ची की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनकी सबसे बड़ी कमजोरी उनका न देख पाना है लेकिन इसी के बावजूद वह उस खतरनाक अपराधी से मुकाबला करने की कोशिश करते हैं, जो बच्ची के पीछे पड़ा है।

दृष्टिबाधित शख्स और हैवान के बीच माइंड गेम

ट्रेलर से साफ है कि 'हैवान' सिर्फ एक सामान्य क्राइम थ्रिलर नहीं है। कहानी में सर्वाइवल, डर और दिमागी खेल का भी अहम हिस्सा है। शुरुआत में सैफ अली खान का किरदार छिपकर खतरे से बचने की कोशिश करता दिखाई देता है लेकिन आगे चलकर यही संघर्ष सीधे मुकाबले में बदलता नजर आता है। फिल्म का एक डायलॉग भी ट्रेलर में खास ध्यान खींचता है-'अंधे होने से ज्यादा बुरा है बेवकूफ होना।' ये लाइन कहानी में मौजूद मनोवैज्ञानिक संघर्ष की ओर इशारा करती है।

'Oppam' का हिंदी रीमेक है 'हैवान'

प्रियदर्शन ने इस बार अपनी आम कॉमेडी फिल्मों से हटकर एक डार्क क्राइम थ्रिलर पेश की है। 'हैवान' साल 2016 में रिलीज हुई मलयालम फिल्म 'Oppam' का आधिकारिक हिंदी रीमेक है। दिलचस्प बात ये है कि मूल मलयालम फिल्म का निर्देशन भी प्रियदर्शन ने ही किया था। हिंदी वर्जन में कहानी और किरदारों को नए तरीके से पेश किया गया है। ट्रेलर देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म में रहस्य के साथ-साथ भावनात्मक और मनोवैज्ञानिक पहलू भी देखने को मिलेंगे।

डार्क लुक और बैकग्राउंड स्कोर ने बढ़ाया रोमांच

ट्रेलर की विजुअल ट्रीटमेंट भी कहानी के मूड के अनुरूप रखी गई है। डार्क कलर टोन के साथ रॉनी रफेल का बैकग्राउंड स्कोर कई दृश्यों में तनाव और सस्पेंस को बढ़ाता है। फिल्म के कुछ सीन्स को देखकर ऋतिक रोशन की 'काबिल' की याद जरूर आ सकती है क्योंकि उसमें भी दृष्टिबाधित किरदार कहानी के केंद्र में था। हालांकि 'हैवान' की कहानी और इसका अपराध रहस्य अलग नजर आता है। ट्रेलर में बोमन ईरानी, सैयामी खेर समेत कई कलाकारों की झलक भी दिखाई गई है। इन किरदारों की कहानी में क्या भूमिका है, इसका खुलासा फिलहाल नहीं किया गया है।

18 साल बाद अक्षय-सैफ की जोड़ी करेगी कमाल?

अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी को बड़े पर्दे पर देखने के लिए फैंस काफी उत्साहित हैं। दोनों इससे पहले कई फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं और अब लगभग 18 साल बाद फिर एक साथ नजर आने वाले हैं।'हैवान' में दोनों कलाकार बिल्कुल अलग तरह के किरदारों में दिखाई देंगे। यही वजह है कि फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के बाद से उनकी ऑन-स्क्रीन वापसी भी चर्चा का बड़ा विषय बन गई है।

11 सितंबर 2026 को रिलीज होगी फिल्म

-प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी 'हैवान' आगामी 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान के अलावा बोमन ईरानी, श्रिया पिलगांवकर, सैयामी खेर, राजपाल यादव,शारिब हाशमी, राजेश शर्मा, पहल चौधरी और मनोज जोशी अहम भूमिकाओं में हैं।

-फिल्म का निर्माण वेंकट के. नारायण और शैलजा देसाई फेन ने किया है। इसकी पटकथा प्रियदर्शन ने अभिलाष नायर और रोहन शंकर के साथ मिलकर लिखी है। अब ट्रेलर के बाद दर्शकों की नजर फिल्म की रिलीज और इस रहस्यमयी कहानी के असली ट्विस्ट पर टिकी है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+