Haiwaan Review: अक्षय कुमार-सैफ अली खान की 'हैवान' के सस्पेंस से घूमेगा माथा, देखने से पहले पढ़ें रिव्यू
फिल्म: हैवान (Haiwaan)
डायरेक्टर: प्रियदर्शन
स्टारकास्ट: सैफ अली खान, अक्षय कुमार, बोमन ईरानी, श्रिया पिलगांवकर, सैयामी खेर
रनटाइम: 2 घंटे 44 मिनट
रेटिंग: 4 (****)
Haiwaan Review: कुछ फिल्में अपनी कहानी से ज्यादा इस बात के लिए उत्सुकता पैदा करती हैं कि पर्दे पर कलाकारों की केमिस्ट्री कैसी होगी। 'हैवान' के मामले में यही उत्सुकता सबसे पहले काम करती है क्योंकि अक्षय कुमार और सैफ अली खान करीब 18 साल बाद एक साथ नजर आ रहे हैं। हालांकि अच्छी बात ये है कि फिल्म सिर्फ इस स्टार पावर के भरोसे नहीं चलती।

क्या है फिल्म 'हैवान' की कहानी?
बॉलीवुड के फेमस फिल्म मेकर प्रियदर्शन ने मलयालम थ्रिलर 'ओप्पम' की कहानी को हिंदी दर्शकों के लिए एक ऐसे मुकाबले में ढाला है, जहां एक तरफ खतरनाक परशुराम है और दूसरी तरफ नेत्रहीन श्याम। दोनों के बीच का खेल जैसे-जैसे आगे बढ़ता है, ताकत और दिमाग की ये भिड़ंत फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण बन जाती है।
अक्षय कुमार के लिए परशुराम उनके कम्फर्ट जोन से बाहर का किरदार है और शायद यही वजह है कि वह इसमें इतने असरदार लगते हैं। वह खलनायक को चीखने-चिल्लाने या जरूरत से ज्यादा आक्रामक बनाने के बजाय काफी शांत रखते हैं। उनकी आंखों का ठहराव, चेहरे के सीमित भाव और बेहद नियंत्रित बॉडी लैंग्वेज किरदार को एक अजीब तरह का डर देते हैं।
फिल्म की दमदार स्टारकास्ट और उनकी एक्टिंग
-आपको हमेशा लगता रहता है कि परशुराम कुछ करने वाला है लेकिन क्या करने वाला है, ये समझना आसान नहीं होता। अक्षय कुमार इस अनिश्चितता को पूरी फिल्म में बनाए रखते हैं और ये उनके हालिया काम से एक अलग, डार्क रंग दिखाने वाली परफॉर्मेंस है।
-सैफ अली खान का श्याम इस मुकाबले का दूसरा मजबूत पक्ष है। किरदार नेत्रहीन है लेकिन सैफ अली खान उसे दया का पात्र बनाने की गलती नहीं करते। श्याम की कमजोरी के साथ उसकी समझदारी, हिम्मत और परिस्थितियों को पढ़ने की क्षमता भी सामने आती है।
-सैफ अली की परफॉर्मेंस में सबसे अच्छी बात उनका संयम है। वह हर सीन को बड़े इमोशनल इशारों से नहीं भरते बल्कि छोटे-छोटे रिएक्शन से किरदार की बेचैनी और डर दिखाते हैं। यही वजह है कि जब श्याम और परशुराम आमने-सामने होते हैं तो मुकाबला सिर्फ एक्शन नहीं रह जाता बल्कि दिमाग की बाजी बन जाता है।
-फिल्म में पहल चौधरी सबसे सुखद सरप्राइज के तौर पर सामने आती हैं। उनका किरदार कहानी में इमोशनल एंगल लेकर आता है और पहल ने अपना किरदार काफी सहज तरीके से निभाया है। फिल्म में सैयामी खेर, श्रिया पिलगांवकर और बोमन ईरानी अपने हिस्से का काम मजबूती से करते हैं। शारिब हाशमी पुलिस अधिकारी के रूप नजर आते है जबकि असरानी की मौजूदगी में हमेशा की तरह एक अपनापन है।
फिल्म का निर्देशन और म्यूजिक
-प्रियदर्शन जानते हैं कि एक कमर्शियल थ्रिलर को सिर्फ ट्विस्ट और एक्शन से नहीं चलाया जा सकता। हैवान में वह सस्पेंस के साथ इमोशन और ड्रामा को भी जगह देते हैं। 2 घंटे 44 मिनट का रनटाइम सुनने में लंबा जरूर लगता है लेकिन फिल्म का सेंट्रल कनफ्लिक्ट लगातार चलता रहता है और कहानी कही ढीली नहीं पड़ती।
-फिल्म का बैकग्राउंड स्कोर भी काफी प्रभावी हैं, जो टेंस माहौल को बनाए रखता है और अच्छी बात ये है कि वह कलाकारों की परफॉर्मेंस को दबाता नहीं बल्कि असरदार बना देता है। प्रीतम के गाने भी कहानी के मूड के हिसाब से रखे गए हैं।
क्यों देखें 'हैवान'?
आखिर में फिल्म की जीत अक्षय कुमार और सैफ अली के बीच उस लगातार बढ़ते तनाव में है। अक्षय कुमार का खतरनाक अंदाज, सैफ अली खान का संयम और पहल की भावनात्मक पकड़ मिलकर 'हैवान' को ऐसी थिएट्रिकल थ्रिलर बनाते हैं, जिसमें बड़े पर्दे पर पैसा वसूल रोमांच की काफी गुंजाइश है।


Click it and Unblock the Notifications
