Drishyam The Conclusion Trailer Out: 'दृश्यम द कन्क्लूजन' का धांसू ट्रेलर रिलीज, अब खुलेगा अजय देवगन का राज?
Drishyam The Conclusion Trailer Out: बॉलीवुड के फेमस एक्टर, डायरेक्टर और प्रोड्यूसर अजय देवगन की चर्चित क्राइम थ्रिलर फ्रैंचाइजी 'दृश्यम' का तीसरा और आखिरी चैप्टर अब दर्शकों के सामने आने के लिए तैयार है। 'दृश्यम द कन्क्लूजन' मूवी को लेकर लंबे समय से फैंस के बीच जबरदस्त उत्सुकता बनी हुई थी। साल 2015 में शुरू हुई विजय सलगांवकर और उसके परिवार की कहानी ने दर्शकों को जमकर एंटरटेन किया था। इसके बाद साल 2022 में आए 'दृश्यम 2' ने भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। अब कहानी के अंतिम पड़ाव यानी 'दृश्यम द कन्क्लूजन' का ट्रेलर आज यानी 9 सितंबर 2026 (बुधवार) को रिलीज कर दिया गया है।
गोवा में 'दृश्यम द कन्क्लूजन' का ट्रेलर हुआ लॉन्च
मेकर्स ने फिल्म के ट्रेलर को किसी आम इवेंट में रिलीज करने के बजाय कहानी की दुनिया से जुड़े खास लोकेशन पर लॉन्च किया है। 'दृश्यम द कन्क्लूजन' का ट्रेलर पणजी, गोवा में रिलीज किया गया है। ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

सस्पेंस, रहस्य और पुलिस के दबाव के बीच खड़े हुए कई सवाल
ट्रेलर में एक बार फिर विजय सलगांवकर और उसके परिवार के सामने मुश्किलें खड़ी होती दिखाई देती हैं। कहानी के आखिरी चैप्टर होने की वजह से इस बार दांव पहले से कहीं बड़ा नजर आ रहा है। सस्पेंस, रहस्य और पुलिस के दबाव के बीच कई ऐसे सवाल दिखाई देते हैं, जिनके जवाब जानने के लिए दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।
इस बार सालगांवकर परिवार पर मंडरा रहा बड़ा खतरा
ट्रेलर लॉन्च से पहले फिल्म का नया पोस्टर भी जारी किया गया था। इसमें अजय देवगन के विजय सलगांवकर, श्रिया सरन की नंदिनी, इशिता दत्ता की अंजू और मृणाल जाधव की अनु नजर आई थीं। पोस्टर में पूरा परिवार पुलिस फोर्स की तरफ देखता हुआ दिखाई देता है। अजय देवगन ने भी सोशल मीडिया पर इस पोस्टर को शेयर करते हुए संकेत दिया था कि इस बार सलगांवकर परिवार के सामने पहले से भी बड़ी चुनौती आने वाली है। पोस्टर और ट्रेलर ने साफ कर दिया है कि कहानी का अंतिम अध्याय परिवार के लिए आसान नहीं होने वाला।
मोहनलाल की 'दृश्यम 3' से अलग है अजय देवगन की फिल्म
-अजय देवगन की 'दृश्यम द कन्क्लूजन' को लेकर ये सवाल भी लगातार उठता रहा है कि क्या ये मोहनलाल की 'दृश्यम 3' की हिंदी रीमेक होगी। हालांकि निर्देशक अभिषेक पाठक पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि फिल्म की कहानी को आगे बढ़ाने के लिए काफी समय तक काम किया गया है।
-अभिषेक पाठक के मुताबिक 'दृश्यम 2' के बाद कहानी तैयार करने में करीब एक साल लगा जबकि स्क्रीनप्ले लिखने और उसे विकसित करने में भी लगभग एक साल का समय गया। फिल्म की कहानी वहीं से आगे बढ़ती है जहां पिछली फिल्म खत्म हुई थी लेकिन इसके बाद की कहानी को बिल्कुल नए तरीके से पेश किया गया है।
किसने बनाई है 'दृश्यम द कन्क्लूजन'?
'दृश्यम द कन्क्लूजन' को स्टार स्टूडियोज और पैनोरमा स्टूडियोज ने प्रस्तुत किया है। फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है। इसकी कहानी आमिल कीयन खान और परवेज शेख के साथ मिलकर तैयार की गई है।
फिल्म में नजर आएंगे ये स्टार्स
फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर के किरदार में दिखाई देंगे। उनके साथ तब्बू आईजी मीरा देशमुख की भूमिका में वापसी कर रही हैं। वहीं श्रिया सरन नंदिनी के किरदार को दोहराएंगी। इसके अलावा रजत कपूर, इशिता दत्ता, जयदीप अहलावत और प्रकाश राज भी फिल्म में अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। स्टारकास्ट में शामिल नए और पुराने चेहरों ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
2015 में शुरू हुई थी 'दृश्यम' की कहानी
हिंदी 'दृश्यम' फ्रैंचाइजी की शुरुआत साल 2015 में हुई थी। पहली फिल्म मोहनलाल स्टारर मलयालम फिल्म 'दृश्यम' पर आधारित थी। इसके बाद साल 2022 में 'दृश्यम 2' रिलीज हुई, जिसमें विजय सलगांवकर और उसके परिवार की कहानी को आगे बढ़ाया गया।
कब रिलीज होगी 'दृश्यम द कन्क्लूजन'?
अब तीसरी फिल्म के साथ इस कहानी को अंतिम मुकाम तक पहुंचाया जाएगा। 'दृश्यम द कन्क्लूजन' आगामी 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। ट्रेलर के बाद अब फैंस की नजरें इस बात पर हैं कि विजय सलगांवकर इस बार अपने परिवार को पुलिस से कैसे बचाता है और क्या इस बार सालों से छिपा राज आखिरकार सामने आएगा।


Click it and Unblock the Notifications
