DC The Bloody Valentine OTT Release: हिंदी में इस दिन रिलीज होगी लोकेश कनगराज की फिल्म, जानें कहानी के ट्विस्ट
DC The Bloody Valentine OTT Release: साउथ सिनेमा की कुछ फिल्में अपनी कहानी और अप्रत्याशित ट्विस्ट के दम पर दर्शकों का ध्यान खींचने में कामयाब रहती हैं। DC: द ब्लडी वैलेंटाइन भी ऐसी ही फिल्मों में शामिल है। सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद इस फिल्म को दर्शकों के साथ-साथ कई चर्चित स्टार्स की भी सराहना मिली थी। अल्लू अर्जुन, महेश बाबू, सूर्या और ऐश्वर्या रजनीकांत जैसे नामों ने भी फिल्म की जमकर तारीफ की थी। बॉक्स ऑफिस पर भी इसने अपने बजट के मुकाबले अच्छा प्रदर्शन किया था।
लोकेश कनगराज ने फिल्म 'DC' से किया अभिनय की दुनिया में डेब्यू
तमिल भाषा में बनी इस रोमांटिक-एक्शन फिल्म की एक और खास बात ये है कि इस फिल्म से मशहूर निर्देशक लोकेश कनगराज ने अभिनय की दुनिया में कदम रखा है। 'मास्टर', 'कैथी', 'लियो' और 'कुली' जैसी फिल्मों के निर्देशन के लिए पहचाने जाने वाले लोकेश इस बार खुद बड़े पर्दे पर लीड रोल निभाते नजर आए हैं। अब फिल्म का हिंदी डब वर्जन ओटीटी पर आने वाला है, जिससे हिंदी भाषी दर्शक भी इसकी कहानी का आनंद ले सकेंगे।

'DC: द ब्लडी वैलेंटाइन' OTT पर कब और कहां देखें?
-अगर आप इस फिल्म को हिंदी में देखने का इंतजार कर रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। 'DC: द ब्लडी वैलेंटाइन' का हिंदी डब वर्जन आगामी 16 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) से ओटीटी प्लेटफॉर्म SonyLIV पर स्ट्रीम होने वाला है। इससे पहले ये फिल्म 4 सितंबर 2026 को Sun NXT प्लेटफॉर्म पर तमिल, तेलुगू और मलयालम भाषाओं में रिलीज हुई थी।
-अरुण मथेश्वरन के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण सन पिक्चर्स के बैनर तले किया गया है। फिल्म में लोकेश कनगराज के साथ वामिका गब्बी और संजना कृष्णमूर्ति अहम भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा कस्तूरी राजा, थलाइवासल विजय, कृष दयाल, अविनाश रघुदेवन, जवाहर शक्ति, शरथ रवि और प्रणव थियोफिन भी फिल्म का हिस्सा हैं।
बॉक्स ऑफिस पर कैसा रहा फिल्म का प्रदर्शन?
-रिलीज के समय फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच अच्छी चर्चा देखने को मिली थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 25 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 106.63 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था। ऐसे में फिल्म का कारोबार उसके बजट से चार गुना से भी ज्यादा रहा था। IMDb पर भी इसे 7.9 की रेटिंग मिली है।
-फिल्म की कहानी में लगातार आने वाले मोड़ और मुख्य किरदार का अनोखा अंदाज इसकी खासियत माने जाते हैं। यही वजह है कि अब इसके हिंदी डब वर्जन को लेकर भी दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ सकती है।
क्या है 'DC: द ब्लडी वैलेंटाइन' की कहानी?
-फिल्म की कहानी देवदास उर्फ दास के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार लोकेश कनगराज ने निभाया है। दास अपराध की दुनिया में सक्रिय एक छोटे गैंग का मुखिया है। हालांकि वह खुद को सिर्फ अपराधी नहीं मानता बल्कि उन लोगों की मदद करने की कोशिश करता है जिन्हें कानून से न्याय नहीं मिल पाता।
-दास के अतीत में एक दर्दनाक घटना छिपी है। संपत्ति को लेकर परिवार में हुए विवाद के दौरान उसकी मां की हत्या हो जाती है। मां की मौत का बदला लेने के लिए दास अपने मामाओं की हत्या कर देता है। इस घटना के बाद उसके पिता मोटर मणि उसे परिवार से अलग कर देते हैं। यही घटना दास की जिंदगी की दिशा बदल देती है और वह अपराध की दुनिया में अपनी जगह बना लेता है।
किसान के परिवार के लिए दास क्यों उठाता है जोखिम?
-कहानी आगे बढ़ती है, जब दास का गैंग पुलिस के हथियारों से भरे काफिले को लूट लेता है। इसी दौरान एक भ्रष्ट पुलिस इंस्पेक्टर एक स्थानीय किसान की हत्या कर देता है और उसके बेटे की पढ़ाई के लिए रखे पैसे भी हड़प लेता है। जब पीड़ित परिवार को पुलिस से कोई मदद नहीं मिलती तो वो इंसाफ की उम्मीद लेकर दास के पास पहुंचते हैं।
-दास इंस्पेक्टर का सामना करता है और उसकी हत्या कर देता है। इसके बाद वह किसान के परिवार से वादा करता है कि लूट में मिले पैसों से उनके बेटे की पढ़ाई का खर्च उठाएगा लेकिन इंस्पेक्टर की मौत और हथियारों की चोरी के कारण पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स दास और उसके गैंग के पीछे पड़ जाती है। यहां से उसकी मुश्किलें लगातार बढ़ने लगती हैं।
पार्वती से प्यार और एक गलती से बदल जाती है दास की जिंदगी
-पुलिस से बचने के लिए दास एक लॉज में छिपता है। इसी दौरान उसकी मुलाकात गायिका पार्वती से होती है और दोनों के बीच प्यार हो जाता है। इसके बाद लॉज के मालिक के साथ दास का विवाद हो जाता है। मालिक पुलिस को उसके ठिकाने की जानकारी दे देता है।
-पुलिस लॉज पर छापा मारती है। इस अफरा-तफरी में पार्वती को गलती से गोली लग जाती है और दास गिरफ्तार हो जाता है। हिरासत में पुलिस उससे गैंग के ठिकाने और चोरी किए गए हथियारों के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए पूछताछ करती है और उसे प्रताड़ित करती है। दूसरी ओर पुलिस की कार्रवाई के दौरान दास के गैंग का सदस्य सेबेस्टियन मारा जाता है। उसके पास से चोरी की गई बंदूकों में से एक बरामद होती है।
-दास के लिए हालात तब और बिगड़ जाते हैं, जब पुलिस उसे एनकाउंटर में मारने की योजना बनाती है लेकिन दास किसी तरह हिरासत से भाग निकलता है और अपने दुश्मनों से हिसाब चुकता करने की कोशिश करता है।
वामिका गब्बी की एंट्री से कहानी में आता है बड़ा मोड़
-दास लॉज के मालिक का पीछा करते हुए एरक रेड लाइट इलाके में पहुंचता है, जहां उसकी मुलाकात चंद्रा से होती है। वामिका गब्बी ने चंद्रा का किरदार निभाया है। वह शोषण का शिकार एक सेक्स वर्कर है और उसका चेहरा दास की प्रेमिका पार्वती से काफी मिलता-जुलता है।
-दास चंद्रा को वहां से निकलने में मदद करता है। इसके बाद चंद्रा उसके गैंग का हिस्सा बन जाती है। वह दास को अपने पुराने अमीर ग्राहकों को ब्लैकमेल करके पैसे जुटाने का सुझाव देती है। इस योजना का मकसद किसान के बेटे की पढ़ाई के लिए रकम जुटाना है क्योंकि दास उस परिवार से किया वादा पूरा करना चाहता है।
-चंद्रा की मौजूदगी दास की जिंदगी में एक नया भावनात्मक मोड़ लेकर आती है लेकिन क्या वह पार्वती को खोने के बाद चंद्रा को अपनी जिंदगी में जगह दे पाएगा? ये सवाल कहानी को और दिलचस्प बनाता है।
क्या दास जेल से बाहर आ पाएगा? क्लाइमैक्स में छिपे हैं कई सवाल
-पुलिस से बचते हुए दास और उसका गैंग एक परिवार के घर में पनाह लेता है लेकिन परिवार का मुखिया पुलिस को इसकी सूचना दे देता है। दास को एहसास होता है कि अगर गोलीबारी हुई तो परिवार की छोटी बेटी की जान खतरे में पड़ सकती है। इसलिए वह टकराव बढ़ाने के बजाय आत्मसमर्पण करने का फैसला करता है।
-हिरासत में पुलिस एक बार फिर दास को प्रताड़ित करती है। इसी बीच चंद्रा उसे जेल से बाहर निकालने की योजना बनाती है और अपने प्यार का इजहार भी करती है। अब दास के सामने कई सवाल हैं। क्या वह चंद्रा के साथ नई जिंदगी शुरू कर पाएगा? क्या पार्वती की मौत का बदला पूरा होगा? और सबसे अहम, क्या वह किसान के बेटे की पढ़ाई का खर्च उठाने का अपना वादा निभा सकेगा?
-इन सवालों के जवाब फिल्म के आगे के घटनाक्रम और क्लाइमैक्स में मिलते हैं। कहानी में आने वाले अप्रत्याशित मोड़ इसकी अहम खासियत हैं। अगर आप साउथ की एक्शन फिल्मों और रहस्य से भरी कहानियों के शौकीन हैं, तो 'DC: द ब्लडी वैलेंटाइन' का हिंदी डब वर्जन आपके लिए एक विकल्प हो सकता है।


Click it and Unblock the Notifications
