क्या बदलेंगे UPSC प्रीलिम्स के नतीजे? 63 अभ्यर्थियों ने CAT में दी चुनौती, यूपीएससी को जारी हुआ नोटिस
UPSC सिविल सर्विस प्रीलिम्स परीक्षा 2026 की प्रोविजनल आंसर की को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवारों ने 27 सवालों के जवाब पर आपत्ति जताते हुए केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (CAT) का रुख किया है। उम्मीदवारों का दावा है कि कुछ सवालों के लिए प्रोविजनल आंसर की में गलत जवाब दिया गया है, जबकि कुछ में एक से ज्यादा ऑप्शन सही हो सकते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, 63 उम्मीदवारों के एक ग्रुप ने इन 27 सवालों को लेकर याचिका दायर की है। इससे पहले चार उम्मीदवार अलग याचिका में आठ सवालों को चुनौती दे चुके हैं। नई याचिका में वे आठ सवाल भी शामिल हैं। CAT की ओर से UPSC को नोटिस जारी किया गया है और दोनों मामलों की सुनवाई 8 अक्टूबर 2026 को होने की बात कही गई है।

पहले 8 सवालों पर उठी थी आपत्ति
मामले की शुरुआत चार उम्मीदवारों की याचिका से हुई थी। इसमें UPSC सीएसई प्रीलिम्स 2026 के जनरल स्टडीज पेपर-1 के सेट A के आठ सवालों को चुनौती दी गई। इनमें प्रश्न संख्या 7, 11, 45, 60, 62, 82, 86 और 96 शामिल हैं। उम्मीदवारों ने इन सवालों में तथ्य से जुड़ी गलतियां होने, प्रोविजनल आंसर की और उनके बताए प्रामाणिक सोर्स के बीच अंतर होने और कुछ ऑप्शन में समस्या होने का दावा किया है। इसके बाद 63 उम्मीदवारों के ग्रुप की ओर से दूसरी याचिका दायर की गई, जिसमें विवादित सवालों की संख्या बढ़कर 27 हो गई।
ये भी पढ़ें: न कोचिंग, न फुल-टाइम पढ़ाई! एयरफोर्स की स्क्वाड्रन लीडर ने NEET PG में गाड़ा झंडा, 8 नंबर से छुट्टा AIR 1
किन सवालों को लेकर विवाद?
उम्मीदवारों की आपत्तियां अलग-अलग विषयों से जुड़े सवालों पर हैं। इनमें ग्रैंड स्लैम के नियम, जीरो एफआईआर, भारतीय न्याय संहिता के प्रावधान, ऋग्वैदिक काल और कृषि से जुड़े सवाल शामिल हैं। जीरो FIR वाले सवाल में उम्मीदवारों ने प्रश्न की भाषा के साथ प्रारंभिक जांच और जांच के बीच अंतर को लेकर आपत्ति जताई है। वहीं ग्रैंड स्लैम से जुड़े सवाल में रैंकिंग और टूर्नामेंट के नियमों के आधार पर प्रोविजनल आंसर पर सवाल उठाए गए हैं। ऋग्वैदिक काल और कृषि से जुड़े सवालों को लेकर भी उम्मीदवारों का दावा है कि आंसर की में दिए गए जवाब और सवाल की बनावट उनके बताए प्रामाणिक सोर्स से मेल नहीं खाती।
कुछ अंकों से मेन्स से चूकने का दावा
कुछ उम्मीदवारों का कहना है कि आंसर की में कथित गड़बड़ी का असर उनके स्कोर पर पड़ा हो सकता है। कुछ ने दावा किया है कि वे केवल कुछ अंकों के अंतर से सिविल सर्विस मेन्स परीक्षा की कटऑफ से पीछे रह गए। प्रीलिम्स सिविल सर्विस परीक्षा का पहला चरण है और इसे पास करने वाले उम्मीदवार ही मेन्स में पहुंचते हैं। ऐसे में कटऑफ के आसपास रहने वाले उम्मीदवारों के लिए एक-दो सवालों के जवाब में बदलाव भी अहम हो सकता है। अपने अंतिम प्रयास में शामिल कुछ उम्मीदवारों ने भी इसके संभावित असर को लेकर चिंता जताई है।
हालांकि, अभी यह तय नहीं हुआ है कि चुनौती दिए गए 27 सवाल या प्रोविजनल आंसर की में दिए गए जवाब गलत हैं। ये उम्मीदवारों की ओर से किए गए दावे हैं, जिन पर CAT में सुनवाई होगी और UPSC को भी अपना पक्ष रखने का मौका मिलेगा।
8 अक्टूबर को सुनवाई संभव
CAT ने पहले आठ सवालों से जुड़े मामले में UPSC को नोटिस जारी किया था। इसके बाद 27 सवालों वाली दूसरी याचिका सामने आई। दोनों मामलों की सुनवाई 8 अक्टूबर 2026 को होने की बात कही गई है। UPSC सिविल सर्विस प्रीलिम्स परीक्षा 2026 का आयोजन 24 मई को हुआ था और इसका रिजल्ट 15 जून को जारी किया गया था। इसके बाद सिविल सर्विस मेन्स परीक्षा अगस्त 2026 में आयोजित की गई।
ये भी पढ़ें: सरकारी नौकरी का सुनहरा अवसर! UPSC ने निकाली 480 इंजीनियर्स की भर्ती, कैसे और कब तक करें आवेदन?


Click it and Unblock the Notifications
