UGC NET के लिए 8.78 लाख से अधिक रजिस्ट्रेशन! NTA ने हटाई लेट फीस, कब तक कर सकते हैं अप्लाई?
UGC NET दिसंबर 2026 परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की संख्या लगातार बढ़ रही है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, अब तक 8.78 लाख से ज्यादा उम्मीदवार रजिस्ट्रेशन कर चुके हैं। इनमें से करीब 6.92 लाख उम्मीदवार आवेदन शुल्क भी जमा कर चुके हैं। वहीं बड़ी संख्या में ऐसे उम्मीदवार भी हैं, जिन्होंने आवेदन शुरू किया लेकिन फॉर्म अभी पूरा नहीं किया है।
NTA ने आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ाकर 31 अक्टूबर 2026 रात 11:50 बजे कर दी है। खास बात यह है कि पहले लगने वाली 500 रुपये की लेट फीस अब हटा दी गई है। परीक्षा 87 विषयों में कंप्यूटर आधारित मोड में होगी। आवेदन के बाद फॉर्म में गलती सुधारने के लिए भी अलग मौका दिया जाएगा।

आवेदन से जुड़े ताजा आंकड़े
एनटीए के अनुसार यूजीसी नेट दिसंबर 2026 के लिए अब तक:
- कुल रजिस्ट्रेशन: 8.78 लाख से अधिक
- फॉर्म जमा कर चुके उम्मीदवार: 6.92 लाख
- अधूरे आवेदन: 1,45,888
- फीस जमा नहीं हुई: 32,744
31 अक्टूबर तक करें आवेदन
यूजीसी नेट दिसंबर 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर रात 11:50 बजे है। पहले 500 रुपये लेट फीस के साथ आवेदन की सुविधा थी, लेकिन अब एनटीए ने लेट फीस हटा दी है। आवेदन पूरा होने के बाद करेक्शन विंडो 2 नवंबर से 4 नवंबर 2026 तक खुलेगी। आवेदन UGC NET की आधिकारिक वेबसाइट पर किया जा सकता है।
अब इन तारीखों पर होगी परीक्षा
यूजीसी नेट दिसंबर परीक्षा पहले 14 से 19 दिसंबर 2026 तक होनी थी। संशोधित शेड्यूल के अनुसार अब परीक्षा 14 से 18 दिसंबर और 21 दिसंबर 2026 को होगी। परीक्षा 87 विषयों के लिए सीबीटी मोड में आयोजित की जाएगी।
किस काम आता है UGC NET?
यूजीसी नेट परीक्षा साल में दो बार जून और दिसंबर में होती है। इसके जरिए जेआरएफ, असिस्टेंट प्रोफेसर की पात्रता और पीएचडी में प्रवेश से जुड़ी योग्यता तय होती है। परीक्षा में दो पेपर होते हैं। पेपर 1 में सामान्य योग्यता और शिक्षण से जुड़े सवाल आते हैं, जबकि पेपर 2 उम्मीदवार के चुने हुए विषय पर आधारित होता है। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं होती।
आवेदन शुल्क कितना है?
- सामान्य वर्ग: 1,150 रुपये
- ईडब्ल्यूएस और ओबीसी-एनसीएल: 600 रुपये
- एससी, एसटी और दिव्यांग: 325 रुपये
कौन कर सकता है अप्लाई?
सामान्य और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के पास मास्टर डिग्री में कम से कम 55 प्रतिशत अंक होने चाहिए। ओबीसी-एनसीएल, एससी, एसटी, दिव्यांग और थर्ड जेंडर उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। चार वर्षीय यानी 8 सेमेस्टर की स्नातक डिग्री वाले उम्मीदवार भी 75 प्रतिशत अंकों के साथ जेआरएफ और पीएचडी प्रवेश के लिए पात्र हो सकते हैं।
JRF के लिए उम्र सीमा
1 जून 2026 को जेआरएफ उम्मीदवार की अधिकतम उम्र 30 वर्ष होनी चाहिए। ओबीसी, एससी, एसटी, दिव्यांग, थर्ड जेंडर और महिला उम्मीदवारों को अधिकतम 5 साल की छूट मिलेगी। असिस्टेंट प्रोफेसर और पीएचडी प्रवेश के लिए कोई ऊपरी आयु सीमा नहीं है।
ऐसे करें आवेदन
- ugcnet.nta.nic.in पर जाएं।
- UGC-NET December 2026 Application Form लिंक खोलें।
- मांगी गई जानकारी भरकर आवेदन पूरा करें।
- फॉर्म जमा करने के बाद उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
ये भी पढ़ें: NEET UG में 267वीं ऑल इंडिया रैंक, फिर क्यों ठुकराई सरकारी सीट? घट रहा मेडिकल कॉलेज का क्रेज?


Click it and Unblock the Notifications
