JEE क्लियर किए बिना भी IIT जाने का सपना होगा सच! इन 5 कोर्सेज में मिल रही है डायरेक्ट एंट्री
Study at IIT Without JEE: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) में पढ़ाई करना देश के लाखों युवाओं का सबसे बड़ा सपना होता है, लेकिन अक्सर कठिन प्रवेश परीक्षा (JEE) के डर से कई छात्र पीछे हट जाते हैं। हालांकि, अब समय बदल चुका है और आईआईटी की दीवारें सिर्फ बीटेक तक सीमित नहीं रही हैं। नई शिक्षा नीति और इंडस्ट्री की बदलती जरूरतों को देखते हुए देश के शीर्ष आईआईटी संस्थानों ने अपने दरवाजे उन छात्रों और वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए भी खोल दिए हैं, जिन्होंने जेईई की परीक्षा नहीं दी है।
डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स और क्लाउड कंप्यूटिंग जैसे भविष्य के क्षेत्रों में कई ऐसे सर्टिफिकेट, डिप्लोमा और डिग्री प्रोग्राम शुरू किए गए हैं, जिनमें दाखिले के लिए किताबी किड़ा होने के बजाय हुनर और सीखने की ललक देखी जाती है। इनमें से कई कोर्स ऑनलाइन या हाइब्रिड मोड में उपलब्ध हैं, जो घर बैठे विश्वस्तरीय शिक्षा का अवसर देते हैं।

IIT मद्रास: डेटा साइंस में बनाएं करियर
IIT मद्रास का BS इन डेटा साइंस एंड एप्लिकेशन प्रोग्राम इस समय सबसे ज्यादा चर्चा में है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें प्रवेश के लिए JEE स्कोर की कोई आवश्यकता नहीं है। 12वीं पास करने वाला कोई भी छात्र इसमें आवेदन कर सकता है। प्रवेश के लिए संस्थान एक 'क्वालीफायर टेस्ट' आयोजित करता है, जिसे पास करने के बाद छात्र नियमित पढ़ाई शुरू कर सकते हैं। इसमें छात्र अपनी सुविधा के अनुसार सर्टिफिकेट, डिप्लोमा या डिग्री तक की पढ़ाई पूरी कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें: JEE Mains Result 2026: आज जारी होगा जेईई मेन सेशन 1 का रिजल्ट, क्या है स्कोरकार्ड डाउनलोड करने का तरीका?
IIT दिल्ली: रोबोटिक्स और AI का हब
कामकाजी पेशेवरों (Working Professionals) के लिए IIT दिल्ली ने विशेष एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम डिजाइन किए हैं। लगभग पांच महीने के इस शॉर्ट-टर्म कोर्स में रोबोटिक्स, मशीन लर्निंग और AI की गहरी समझ दी जाती है। यह उन लोगों के लिए बेहतरीन है जो नौकरी के साथ-साथ अपनी स्किल्स को अपग्रेड करना चाहते हैं और टेक इंडस्ट्री की मौजूदा मांग के अनुरूप खुद को तैयार करना चाहते हैं।
IIT कानपुर: क्लाउड और DevOps की ट्रेनिंग
आईटी सेक्टर में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए IIT कानपुर का 8 महीने का प्रोफेशनल सर्टिफिकेट कोर्स एक वरदान है। इसमें क्लाउड कंप्यूटिंग और DevOps जैसी आधुनिक तकनीकों को सिखाया जाता है। खास बात यह है कि अलग-अलग बैकग्राउंड के ग्रेजुएट भी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं, जिससे नॉन-इंजीनियरिंग छात्रों के लिए भी आईआईटी से जुड़ने का रास्ता खुल गया है।
IIT गुवाहाटी और बॉम्बे: स्पेशलाइज्ड कोर्सेज
IIT गुवाहाटी: यहां जेनेटिक इंजीनियरिंग, DNA रिसर्च और मेडिकल टेक्नोलॉजी से जुड़े एडवांस कोर्स उपलब्ध हैं। लाइफ साइंस और बायोटेक में रुचि रखने वालों के लिए यह एक प्रीमियम विकल्प है।
IIT बॉम्बे: प्रोग्रामिंग की दुनिया में कदम रखने वालों के लिए यहाँ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए पायथन (Python) के बेहतरीन कोर्सेज कराए जाते हैं। स्कूल के छात्रों से लेकर वर्किंग प्रोफेशनल्स तक, कोई भी यहाँ से कोडिंग की मजबूत नींव रख सकता है।
क्यों है इन कोर्सेज की भारी डिमांड?
इन प्रोग्राम्स की बढ़ती लोकप्रियता की मुख्य वजह इनका लचीलापन (Flexibility) और करियर ओरिएंटेड होना है। ये कोर्स उन स्किल्स पर फोकस करते हैं जिनकी आज जॉब मार्केट में सबसे ज्यादा कमी है। AI, डेटा और क्लाउड जैसी टेक्नोलॉजी में आईआईटी का ठप्पा (Tag) होने से करियर के नए और ऊंचे रास्ते खुल जाते हैं। अब जेईई में सफलता न मिलना भविष्य के रास्ते बंद नहीं करता, बल्कि आईआईटी से जुड़ने के नए विकल्प प्रदान करता है।












Click it and Unblock the Notifications