1 टीचर के भरोसे 1 लाख स्कुल! UDISE+ रिपोर्ट में शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा खुलासा, किस राज्य में सबसे बुरा हाल?
UDISE+ Report: देश की स्कूली शिक्षा को लेकर एक अहम सरकारी आंकड़ा सामने आया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की UDISE+ रिपोर्ट के मुताबिक, देश में अब भी 1 लाख से ज्यादा स्कूल ऐसे हैं जहां सिर्फ एक शिक्षक बच्चों को पढ़ा रहा है। यानी एक ही शिक्षक को पढ़ाई के साथ बच्चों की उपस्थिति, स्कूल के दूसरे काम और कई कक्षाओं को संभालना पड़ता है।
यह स्थिति खासकर छोटे और ग्रामीण इलाकों के स्कूलों में ज्यादा देखने को मिलती है। हालांकि पिछले साल के मुकाबले ऐसे स्कूलों की संख्या में कुछ कमी आई है, लेकिन आंकड़ा अभी भी काफी बड़ा है। ऐसे में सवाल उठता है कि एक शिक्षक वाले इन स्कूलों में कितने बच्चे पढ़ रहे हैं, किन राज्यों की स्थिति ज्यादा चिंताजनक है और सरकार इस कमी को दूर करने के लिए क्या कर रही है?

कितने स्कूलों में सिर्फ एक शिक्षक?
UDISE+ के ताजा आंकड़ों के अनुसार देश में 1,00,843 स्कूल ऐसे हैं जो एक शिक्षक के भरोसे चल रहे हैं। इनमें सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और कुछ निजी स्कूल भी शामिल हैं।
पिछले शैक्षणिक वर्ष में ऐसे स्कूलों की संख्या 1,04,125 थी। यानी एक साल में 3,282 स्कूल इस सूची से कम हुए हैं। यह करीब 3 प्रतिशत की गिरावट है, लेकिन फिर भी देश में एक लाख से ज्यादा स्कूलों का सिंगल-टीचर होना बड़ी चुनौती बना हुआ है।
किन राज्यों में स्थिति ज्यादा खराब?
राज्यों की बात करें तो आंध्र प्रदेश सबसे ऊपर है। यहां 16,357 स्कूल सिर्फ एक शिक्षक के भरोसे चल रहे हैं। इसके बाद झारखंड में 9,827 और महाराष्ट्र में 9,269 ऐसे स्कूल हैं। कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भी कई ग्रामीण और दूरदराज के स्कूलों में शिक्षकों की कमी बनी हुई है।
एक शिक्षक पर कितनी जिम्मेदारी?
सिंगल-टीचर स्कूल में शिक्षक को एक साथ कई जिम्मेदारियां संभालनी पड़ती हैं। उसे बच्चों को पढ़ाने के अलावा उपस्थिति दर्ज करने, स्कूल के प्रशासनिक काम देखने और कई कक्षाओं को संभालने की जिम्मेदारी भी निभानी पड़ सकती है। खासकर प्राथमिक स्कूलों में एक शिक्षक को पहली से पांचवीं तक के बच्चों को पढ़ाना पड़ता है। इससे हर कक्षा पर पर्याप्त ध्यान देना मुश्किल हो सकता है।
कितने बच्चे प्रभावित?
इन स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की संख्या भी काफी बड़ी है। आंकड़ों के मुताबिक, 1 लाख से ज्यादा सिंगल-टीचर स्कूलों में करीब 29 लाख से अधिक छात्र पढ़ रहे हैं।
शिक्षा का अधिकार कानून के तहत प्राथमिक स्तर पर 30 बच्चों पर कम से कम एक शिक्षक और उच्च प्राथमिक स्तर पर 35 बच्चों पर एक शिक्षक का नियम है। राष्ट्रीय स्तर पर छात्र-शिक्षक अनुपात ठीक दिख सकता है, लेकिन कई ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षकों की कमी अब भी बनी हुई है।
सरकार क्या कर रही है?
इस समस्या को कम करने के लिए कम नामांकन या शून्य नामांकन वाले सरकारी स्कूलों को नजदीकी बड़े स्कूलों में मर्ज किया जा रहा है। इसके अलावा जहां शिक्षकों की कमी है, वहां अतिरिक्त शिक्षकों की तैनाती करने की कोशिश की जा रही है।
सरकार का लक्ष्य स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता बेहतर करना है, ताकि ग्रामीण और दूरदराज के बच्चों को भी पर्याप्त शिक्षक मिल सकें और पढ़ाई सिर्फ एक शिक्षक के भरोसे न रहे।


Click it and Unblock the Notifications
