NEET UG Re-Exam रिजल्ट से पहले बड़ी खुशखबरी, हर स्टूडेंट को मिलेंगे 4 बोनस नंबर, क्या है वजह?
NEET UG 2026 री-एग्जाम का फाइनल रिजल्ट आने से पहले लाखों छात्रों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 21 जून को आयोजित री-एग्जाम की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी है, जिसके बाद कई उम्मीदवारों के संभावित स्कोर में बदलाव तय माना जा रहा है। सबसे अहम बात यह है कि फिजिक्स सेक्शन का एक सवाल पूरी तरह हटाए जाने के कारण परीक्षा में शामिल हर अभ्यर्थी को 4 बोनस अंक दिए जाएंगे।
इसके अलावा फिजिक्स के ही एक अन्य सवाल में दो विकल्पों को सही माना गया है, जिससे बड़ी संख्या में छात्रों को अतिरिक्त अंक मिलने की संभावना बन गई है। हालांकि, बोनस अंकों की इस राहत के बीच प्रश्नपत्र में हुई गलतियों को लेकर एक्सपर्ट्स और छात्रों ने NTA की परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल भी उठाने शुरू कर दिए हैं।

फिजिक्स का एक सवाल हुआ ड्रॉप
21 जून को हुई नीट यूजी री-एग्जाम की प्रोविजनल आंसर-की में फिजिक्स सेक्शन का एक प्रश्न हटा दिया गया है। एनटीए के नियमों के अनुसार, यदि कोई सवाल ड्रॉप किया जाता है तो परीक्षा में शामिल हर उम्मीदवार को उस प्रश्न के पूरे 4 अंक दिए जाते हैं। इसके लिए यह जरूरी नहीं है कि छात्र ने उस सवाल का जवाब दिया हो। जिन्होंने प्रश्न छोड़ा था, उन्हें भी समान रूप से बोनस अंक मिलेंगे।
ये भी पढ़ें: CBSE री-इवैल्यूएशन पर फिर छिड़ा नया विवाद, वेदांत का दावा-आवेदन किया किसी और विषय में, नंबर बढ़े किसी और में
एक सवाल में दो सही जवाब
फिजिक्स के ही एक दूसरे प्रश्न में एनटीए ने दो अलग-अलग विकल्पों को सही माना है। ऐसे में जिन उम्मीदवारों ने इन दोनों में से किसी भी विकल्प को चुना है, उन्हें उस सवाल के पूरे अंक मिलेंगे। चूंकि परीक्षा केवल एक शिफ्ट में आयोजित हुई थी, इसलिए यह फैसला सभी परीक्षार्थियों पर समान रूप से लागू होगा। इससे बड़ी संख्या में छात्रों के स्कोर में सुधार देखने को मिल सकता है।
दूसरे विषयों के सवालों पर भी उठे सवाल
फिजिक्स के अलावा कई अभ्यर्थियों ने केमिस्ट्री, बायोलॉजी और जूलॉजी के कुछ सवालों पर भी आपत्ति जताई है। छात्रों का कहना है कि इन विषयों में भी कुछ उत्तर सही नहीं दिए गए हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि यदि समीक्षा के दौरान और सवालों में गलती मिलती है तो फाइनल आंसर-की में अतिरिक्त बोनस अंक मिलने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
28 जून तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति
एनटीए ने उम्मीदवारों और विषय विशेषज्ञों को प्रोविजनल आंसर-की पर आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया है। किसी भी सवाल के उत्तर पर आपत्ति ऑनलाइन दर्ज की जा सकती है। इसके लिए प्रति प्रश्न 200 रुपये शुल्क तय किया गया है। यदि जांच के बाद आपत्ति सही पाई जाती है और संबंधित सवाल में बदलाव किया जाता है या उसे हटाया जाता है, तो जमा की गई फीस वापस कर दी जाएगी। आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तारीख 28 जून है। इसके बाद फाइनल आंसर-की और रिजल्ट जारी किया जाएगा।
री-एग्जाम की तैयारी पर भी उठे सवाल
बोनस अंक मिलने से उम्मीदवारों को राहत जरूर मिली है, लेकिन शिक्षा विशेषज्ञ इसे परीक्षा प्रणाली की बड़ी चूक भी मान रहे हैं। उनका कहना है कि जिस री-एग्जाम को लेकर पहले से इतनी तैयारी और निगरानी की गई थी, उसमें भी सवालों में गलती होना चिंता की बात है। विशेषज्ञों का मानना है कि प्रश्नपत्र तैयार करने और उसकी जांच की प्रक्रिया को और मजबूत बनाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।
ये भी पढ़ें: NEET UG री-एग्जाम आंसर की चैलेंज के लिए बचे हैं बस 2 दिन, चूक गए तो फिर नहीं मिलेगा मौका! जानें प्रोसेस












Click it and Unblock the Notifications