NEET UG 2026: MBBS की 2000 खाली सीटों के लिए स्पेशल स्ट्रे राउंड का ऐलान, कब तक है अप्लाई करने का चांस?
NEET UG 2026 की परीक्षा पास करने के बाद भी अगर आपको अब तक एमबीबीएस की सीट नहीं मिली है तो आपके पास एक और मौका है। देशभर के मेडिकल कॉलेजों में काउंसलिंग के कई राउंड पूरे होने के बावजूद करीब 2000 एमबीबीएस सीटें खाली रह गई हैं।
इन सीटों को भरने के लिए स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (DGHS) और मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड कराने का फैसला किया है। एमसीसी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर इसका पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। इस राउंड के लिए रजिस्ट्रेशन 2 नवंबर 2026 से शुरू होंगे। ऐसे में जिन उम्मीदवारों को पहले के राउंड में सीट नहीं मिल पाई थी, वे इस मौके का फायदा उठा सकते हैं।

क्यों खाली रह गईं MBBS की सीटें?
कर्नाटक, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और राजस्थान समेत कई राज्यों के मेडिकल कॉलेजों और डीम्ड यूनिवर्सिटी में सीटें खाली हैं। इनमें ज्यादातर सीटें प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों और दिल्ली यूनिवर्सिटी के संस्थानों में हैं, जहां फीस काफी अधिक है। कुछ सरकारी सीटें भी खाली रह गई हैं। कॉलेजों और राज्य सरकारों के अनुरोध के बाद नेशनल मेडिकल कमीशन की अनुमति से एमसीसी ने विशेष राउंड का फैसला लिया है।
MBBS स्पेशल स्ट्रे राउंड का शेड्यूल
रजिस्ट्रेशन और फीस: 2 से 4 नवंबर 2026, दोपहर 3 बजे तक रजिस्ट्रेशन और शाम 6 बजे तक फीस जमा करने की सुविधा।
- चॉइस फिलिंग: 2 से 5 नवंबर तक पसंद के कॉलेज भर सकेंगे।
- चॉइस लॉकिंग: 4 नवंबर शाम 4 बजे से 5 नवंबर सुबह 11 बजे तक।
- सीट अलॉटमेंट रिजल्ट: 7 नवंबर 2026।
- कॉलेज रिपोर्टिंग: 7 से 16 नवंबर, शाम 5 बजे तक।
BDS और BSc नर्सिंग के लिए भी मौका
एमसीसी ने बीडीएस और बीएससी नर्सिंग की बची हुई सीटों के लिए छठे राउंड का शेड्यूल भी जारी किया है।
- रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग: 17 से 19 नवंबर, दोपहर 3 बजे तक।
- चॉइस लॉकिंग: 18 नवंबर शाम 4 बजे से 19 नवंबर सुबह 9 बजे तक।
- सीट अलॉटमेंट रिजल्ट: 20 नवंबर 2026।
- कॉलेज में रिपोर्टिंग: 21 से 28 नवंबर 2026।
उम्मीदवार काउंसलिंग से जुड़ी जानकारी और आवेदन के लिए एमसीसी की आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in पर जा सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
