NEET UG 2026: NTA ने फीस रिफंड के लिए बैंक डिटेल अपडेट करने की तारीख बढ़ाई, कब तक कर सकते हैं अप्लाई?
NEET UG 2026 परीक्षा देने वाले लाखों उम्मीदवारों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने फीस रिफंड से जुड़ी बैंक अकाउंट डिटेल अपडेट करने की समय सीमा बढ़ा दी है। अब ऐसे अभ्यर्थी, जिन्होंने अब तक अपनी बैंक जानकारी की पुष्टि नहीं की है या उसमें कोई गलती रह गई है, वे 7 जुलाई 2026 रात 11:50 बजे तक उसे सुधार सकते हैं।
यह फैसला उन छात्रों को ध्यान में रखकर लिया गया है, जिनकी बैंक डिटेल तकनीकी कारणों या जानकारी भरते समय हुई छोटी-छोटी गलतियों की वजह से सही तरीके से सत्यापित नहीं हो पाई थी। NTA का कहना है कि पात्र उम्मीदवारों का फीस रिफंड बिना किसी परेशानी के उनके खाते में पहुंचे, इसलिए उन्हें यह अंतिम अवसर दिया जा रहा है।

क्यों बढ़ानी पड़ी आखिरी तारीख?
एनटीए के अनुसार, बड़ी संख्या में ऐसे मामले सामने आए, जिनमें उम्मीदवारों की बैंक जानकारी अधूरी थी या दर्ज किए गए विवरण में गलती थी। कुछ छात्रों की बैंक डिटेल सत्यापित भी नहीं हो सकी। ऐसे उम्मीदवार फीस रिफंड से वंचित न रह जाएं, इसलिए एजेंसी ने बैंक डिटेल अपडेट करने का पोर्टल दोबारा खोलने का फैसला किया है। अब अभ्यर्थी तय समय के भीतर अपनी जानकारी जांच सकते हैं, उसे सही कर सकते हैं और अंतिम रूप से जमा भी कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें: CBSE OSM Controversy: कॉपी अदला-बदली के बाद अब वायरल सर्कुलर पर सस्पेंस, क्या लीक हुआ छात्र का पर्सनल डेटा?
किन उम्मीदवारों को मिलेगा फायदा?
यह सुविधा उन उम्मीदवारों के लिए है जिन्होंने बैंक अकाउंट की जानकारी पहले नहीं भरी थी। जिन अभ्यर्थियों से अकाउंट नंबर, IFSC कोड या अन्य बैंक जानकारी दर्ज करते समय गलती हो गई थी, वे भी इसका लाभ उठा सकते हैं। इसके अलावा जिनकी बैंक डिटेल किसी कारण से सत्यापित नहीं हो सकी थी या जो फीस रिफंड के पात्र हैं लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए थे, उनके लिए भी यह मौका अहम है।
ऐसे करें बैंक अकाउंट की जानकारी अपडेट
- सबसे पहले NEET UG की आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाएं।
- होमपेज पर दिए गए Final Opportunity to Confirm/Update Bank Account Details for NEET (UG) 2026 Fee Refund (Exam held on 03 May 2026) लिंक पर क्लिक करें।
- इसके बाद अपने आवेदन से जुड़े लॉगिन विवरण दर्ज कर साइन इन करें।
- डैशबोर्ड खुलने के बाद बैंक अकाउंट डिटेल वाले सेक्शन में जाएं।
- यहां पहले से दर्ज जानकारी को ध्यान से जांचें और जरूरत पड़ने पर उसे अपडेट कर दें।
- सभी विवरण सही मिलने पर फॉर्म सबमिट करें और कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करके सुरक्षित रख लें।
बैंक डिटेल वेरिफाई करने की प्रक्रिया
NTA ने बताया है कि उम्मीदवारों को पहले पोर्टल पर लॉगिन करना होगा। इसके बाद टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। सफल लॉगिन के बाद Bank Account Details Confirmation/Updation विकल्प के जरिए बैंक जानकारी की पुष्टि या उसमें बदलाव किया जा सकेगा।
कैंसिल चेक अपलोड करने की भी सुविधा
इस बार उम्मीदवारों को एक अतिरिक्त विकल्प भी दिया गया है। यदि कोई अभ्यर्थी चाहे तो बैंक अकाउंट की पुष्टि के लिए कैंसिल चेक भी अपलोड कर सकता है। इससे बैंक जानकारी का सत्यापन आसान होगा और रिफंड भेजने की प्रक्रिया में किसी तरह की दिक्कत आने की संभावना कम हो जाएगी।
फाइनल सबमिट करने के बाद नहीं होगा बदलाव
एनटीए ने साफ किया है कि एक बार बैंक डिटेल अंतिम रूप से जमा करने के बाद उसमें दोबारा संशोधन का विकल्प नहीं मिलेगा। इसलिए उम्मीदवार बैंक अकाउंट नंबर, खाताधारक का नाम, IFSC कोड और अन्य सभी जानकारी ध्यान से जांचने के बाद ही फाइनल सबमिट करें।
इस तारीख के बाद बंद हो जाएगा पोर्टल
बैंक डिटेल अपडेट करने की सुविधा केवल 7 जुलाई 2026 रात 11:50 बजे तक उपलब्ध रहेगी। इसके बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा और किसी भी तरह का नया अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा। जिन उम्मीदवारों की बैंक जानकारी अभी तक अपडेट नहीं हुई है या उसमें कोई त्रुटि है, उन्हें समय रहते यह प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए, ताकि फीस रिफंड बिना किसी रुकावट के उनके बैंक खाते में भेजा जा सके।
ये भी पढ़ें: NEET PG 2026 Registration: टल जाएगी नीट पीजी की परीक्षा? अब तक शुरू नहीं हुआ आवेदन, क्या है अपडेट?












Click it and Unblock the Notifications