JEE Main परीक्षा के लिए घट कर 310 हुए एग्जाम सेंटर, किन शहरों से हटे एग्जाम सेंटर?
JEE Main 2027 सेशन 1 के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही परीक्षा केंद्र चुनने और रजिस्ट्रेशन के नियमों में भी बदलाव किया गया है। इस बार परीक्षा के लिए कुल 310 शहरों की सूची जारी हुई है। इनमें भारत के 301 और विदेश के 9 शहर शामिल हैं।
नए नियम के मुताबिक, उम्मीदवार अब अपने स्थायी या वर्तमान पते वाले राज्य के शहरों में ही परीक्षा केंद्र चुन सकेंगे। छात्रों को चार शहरों का विकल्प प्राथमिकता के आधार पर भरना होगा। वहीं, एक बार परीक्षा शहर आवंटित होने के बाद उसे बदलने की अनुमति नहीं मिलेगी। ऐसे में आवेदन करने से पहले नए नियमों और जरूरी तारीखों की जानकारी रखना जरूरी है।

परीक्षा शहर चुनने के नए नियम
एनटीए के अनुसार, छात्रों को आवेदन फॉर्म में चार परीक्षा शहरों का विकल्प देना होगा। ये शहर उनके स्थायी या वर्तमान पते वाले राज्य में होने चाहिए। एजेंसी पहली पसंद देने की कोशिश करेगी, लेकिन जरूरत पड़ने पर दूसरा विकल्प भी मिल सकता है।
ये भी पढ़ें: CBSE Exam Update: 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के लिए तैयारियां तेज, डेटशीट पर आया बड़ा अपडेट
अगर किसी राज्य में चार परीक्षा शहर उपलब्ध नहीं हैं, तो प्रशासनिक सुविधा के आधार पर दूसरे राज्य का शहर दिया जा सकता है। विदेशी पते वाले उम्मीदवारों के लिए भारत में कम से कम एक परीक्षा शहर चुनना जरूरी है।
323 से घटकर 310 हुए शहर
पिछले साल 323 शहरों में परीक्षा हुई थी, जबकि इस बार सूची में 310 शहर रखे गए हैं। ओडिशा के कालाहांडी और सुंदरगढ़ तथा पंजाब के साहिबजादा अजीत सिंह नगर को जोड़ा गया है। वहीं हिसार, खंडवा और आसनसोल समेत कुछ शहरों को हटा दिया गया है। सिंगापुर, कुआलालंपुर, लागोस, वॉशिंगटन डीसी और म्यूनिख जैसे विदेशी केंद्र भी सूची से बाहर हैं।
बिहार के परीक्षा शहर: पटना, आरा, औरंगाबाद, भागलपुर, बिहारशरीफ, दरभंगा, गयाजी, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, समस्तीपुर और सारण।
22 नवंबर तक करें आवेदन
जेईई मेन 2027 सेशन 1 के लिए आवेदन 24 अक्टूबर से शुरू हो चुके हैं। बिना लेट फीस आवेदन की अंतिम तारीख 22 नवंबर 2026 है। परीक्षा जनवरी 2027 में होगी।
रजिस्ट्रेशन में इन बातों का रखें ध्यान
- अपना डिजिलॉकर, जन परिचय या ई-प्रमाण अकाउंट ही इस्तेमाल करें।
- आवेदन से पहले डिजिलॉकर की री-केवाईसी पूरी करें।
- नाम, माता-पिता का नाम और जन्मतिथि 10वीं की मार्कशीट के अनुसार भरें।
इन जानकारियों में गलती होने पर दस्तावेजों की जांच और आवेदन प्रक्रिया में परेशानी आ सकती है।


Click it and Unblock the Notifications
