ICAI CA Foundation Result: कब आएगा CA फाउंडेशन का रिजल्ट? चेक कर लें क्या हैं पास होने के नियम
ICAI CA Foundation Result: चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने की राह पर आगे बढ़ रहे लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर है। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने मई 2026 में आयोजित CA Foundation परीक्षा के नतीजों की तारीख घोषित कर दी है। लंबे समय से रिजल्ट का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है।
ICAI 3 जुलाई 2026 को CA Foundation परीक्षा का रिजल्ट और स्कोरकार्ड जारी करेगा। परीक्षा में शामिल छात्र अपने रोल नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर की मदद से ऑनलाइन परिणाम देख सकेंगे। रिजल्ट जारी होने के बाद आधिकारिक वेबसाइट पर उम्मीदवारों की मार्कशीट और पासिंग स्टेटस भी उपलब्ध रहेगा।

किस समय आ सकता है रिजल्ट?
आईसीएआई ने रिजल्ट जारी होने का दिन तय कर दिया है, हालांकि समय को लेकर अलग से जानकारी नहीं दी गई है। पिछले वर्षों के पैटर्न को देखें तो संस्था आमतौर पर सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नतीजे जारी करती है। ऐसे में छात्रों को सलाह दी जा रही है कि वे रिजल्ट वाले दिन वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।
इन वेबसाइट्स पर मिलेगा रिजल्ट
रिजल्ट जारी होने के बाद उम्मीदवार नीचे दी गई आधिकारिक वेबसाइट्स पर अपना स्कोरकार्ड देख सकेंगे।
- caresults.icai.org
- icai.nic.in
- icai.org
ऐसे डाउनलोड करें स्कोरकार्ड
रिजल्ट देखने की प्रक्रिया काफी आसान है। छात्र कुछ आसान स्टेप्स को फॉलो करके अपना परिणाम डाउनलोड कर सकते हैं।
- सबसे पहले ICAI की रिजल्ट वेबसाइट caresults.icai.org पर जाएं।
- होमपेज पर दिखाई देने वाले "CA Foundation May 2026 Result" लिंक पर क्लिक करें।
- अब रोल नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें।
- स्क्रीन पर दिए गए कैप्चा कोड को भरें।
- सबमिट बटन दबाते ही रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा।
- स्कोरकार्ड डाउनलोड कर लें और भविष्य के लिए उसका प्रिंट भी सुरक्षित रखें।
क्या हैं परीक्षा पास करने के नियम?
CA Foundation परीक्षा में सफल होने के लिए केवल कुल अंक अच्छे होना काफी नहीं होता। ICAI के नियमों के अनुसार प्रत्येक विषय में कम से कम 40 प्रतिशत अंक लाना जरूरी है। इसके अलावा चारों पेपरों को मिलाकर कुल 50 प्रतिशत अंक होना भी अनिवार्य है। यदि किसी छात्र के कुल अंक 50 प्रतिशत से अधिक हैं, लेकिन किसी एक विषय में 40 प्रतिशत से कम अंक आते हैं, तो उसे परीक्षा में सफल नहीं माना जाएगा। इसलिए सभी विषयों में संतुलित प्रदर्शन जरूरी है।
सितंबर 2026 में कब होंगी अगली परीक्षाएं?
ICAI ने आगामी परीक्षाओं का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। CA Foundation परीक्षा 2, 5, 7 और 9 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। वहीं CA Intermediate ग्रुप-I की परीक्षा 1, 3 और 6 सितंबर को होगी। ग्रुप-II के पेपर 8, 10 और 12 सितंबर 2026 को आयोजित किए जाएंगे।
नवंबर में होंगे CA Final के एग्जाम
CA Final ग्रुप-I की परीक्षाएं 2, 4 और 6 नवंबर 2026 को होंगी। इसके बाद ग्रुप-II की परीक्षाएं 9, 11 और 13 नवंबर को आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा International Taxation Assessment Test (INTT-AT) का आयोजन 11 और 13 नवंबर 2026 को किया जाएगा। IRM Technical Examination 6, 9, 11 और 13 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली है। ऐसे में आने वाले महीनों में CA से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं का दौर शुरू होने जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications