एक IIT स्टूडेंट ने कैसे खड़ी कर दी करोड़ों की कोचिंग, दिलचस्प है FIITJEE के सफलता से पतन तक की कहानी
FIITJEE: कभी देश के सबसे बड़े कोचिंग ब्रांडों में शुमार FIITJEE आज संकट के दौर से गुजर रहा है। कोचिंग के मालिक डीके गोयल पर वेतन रोकने समेत कई गंभीर आरोप लगे हैं। आज, 24 अप्रैल को प्रवर्तन निदेशालय ED की टीमों ने FIIT JEE के कई सेंटर्स पर छापेमारी की है। नोएडा, गुरुग्राम कई जगह कोचिंग में जांच की।
कोचिंग मालिक डीके गोयल के नोएडा और दिल्ली स्थित घर पर भी छापा मारा है। अब ईडी ने इस पूरे मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में भी जांच शुरू की है। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस के आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की ओर से दर्ज एफआईआर के आधार पर पड़ताल की जा रही है।

आईआईटी करने वाले डीके गोयल कैसे बने इतने बड़े एजुकेशनिस्ट? आईए कोचिंग संस्थान के उत्थान से पतन तक की कहानी विस्तार से जानते हैं...
FIITJEE: एक छोटे कमरे से 542 करोड़ का सफर
आईआईटी दिल्ली से स्नातक डीके गोयल द्वारा वर्ष 1992 में स्थापित यह संस्थान आईआईटी-जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए देशभर के छात्रों की पहली पसंद बन गया था।
डीके गोयल ने महज 10,000 रुपये की पूंजी से दिल्ली में एक छोटे से कोचिंग सेंटर से FIITJEE की शुरुआत की थी। उद्देश्य था-प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन देना। जल्द ही यहां से पढ़े छात्रों को बड़ी सफलता मिलने लगी, कई छात्रों ने आईआईटी-जेईई में टॉप रैंक हासिल की, जिससे संस्थान की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी।
FIITJEE ने अपनी सफलता के बाद देशभर में विस्तार किया। दिल्ली, नोएडा, लखनऊ, पटना, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई जैसे शहरों में इसके कुल 73 स्टडी सेंटर खुल गए। संस्थान ने न केवल इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा बल्कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी भी शुरू कर दी।
2023 में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, इस कोचिंग का कुल वार्षिक कारोबार 542 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था। इसके अतिरिक्त, डीके गोयल द्वारा दो ग्लोबल स्कूल, छह वर्ल्ड स्कूल और 72 एसोसिएट स्कूल भी संचालित किए जा रहे थे।
FIITJEE विवाद क्या है और कैसे बढ़ी मुश्किलें?
हालिया रिपोर्ट्स बताती हैं कि देशभर के कई शहरों में FIITJEE के कोचिंग सेंटर्स को बंद कर दिया गया है, जिससे छात्रों और अभिभावकों में आक्रोश फैल गया है। विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन हो रहे हैं और शिकायतें दर्ज की गई हैं। यही नहीं, इन घटनाओं के चलते संस्थापक डीके गोयल पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।
विवाद के मुख्य बिंदु
1. कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार
दिसंबर 2024 में, एक ऑनलाइन मीटिंग के दौरान डी.के. गोयल का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वे एक कर्मचारी से अभद्र भाषा में बात करते नजर आए। यह मीटिंग सैलरी में देरी को लेकर थी जब एक कर्मचारी ने सवाल उठाया तो गोयल भड़क उठे इस घटना ने सोशल मीडिया पर व्यापक आलोचना और आक्रोश को जन्म दिया।
2. देश भर में सेंटर बंद
मार्च 2025 में, FIITJEE के कई केंद्रों में वेतन न मिलने के कारण शिक्षकों ने विरोध किया। इसके जवाब में गोयल ने कथित रूप से कहा किवेतन कोई अधिकार नहीं है और कुछ कर्मचारियों का वेतन रोक दिया गया । इसके कारण शिक्षकों में आक्रोश बढ़ा और दिल्ली-NCR, नोएडा, और ग्रेटर नोएडा सहित कई केंद्र अचानक बंद हो गए, जिससे सैकड़ों छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हुई।
3. धोखाधड़ी के आरोप और FIR
जनवरी 2025 में, ग्रेटर नोएडा में FIITJEE के खिलाफ धोखाधड़ी और विश्वासघात के आरोप में FIR दर्ज की गई। एक अभिभावक ने आरोप लगाया कि उन्होंने ₹2.80 लाख की फीस जमा की थी, लेकिन संस्थान के बंद होने से उनका पैसा डूब गया और मानसिक उत्पीड़न हुआ।












Click it and Unblock the Notifications