स्टूडेंट्स को मिलेगी 50,000 रुपये की स्कॉलरशिप, कौन कर सकता है अप्लाई? जानिए प्रोसेस
FFE Scholarship 2026-27: इंजीनियरिंग, मेडिकल और लॉ जैसे प्रोफेशनल कोर्स की पढ़ाई कर रहे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के होनहार छात्रों के लिए अच्छी खबर है। फाउंडेशन फॉर एक्सीलेंस (FFE) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अपनी स्कॉलरशिप के आवेदन शुरू कर दिए हैं। इस योजना के तहत चुने गए पात्र छात्रों को पढ़ाई के खर्च के लिए हर साल 50,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।
इसका फायदा उन छात्रों को मिलेगा, जिन्होंने मेहनत के दम पर राष्ट्रीय या राज्य स्तर की प्रवेश परीक्षा पास कर प्रोफेशनल कोर्स में दाखिला लिया है, लेकिन परिवार की कम आय के कारण आगे की पढ़ाई का खर्च उठाना मुश्किल है। स्कॉलरशिप के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख 31 दिसंबर है।

किन छात्रों को मिलेगा मौका?
इस स्कॉलरशिप के लिए वही छात्र आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने 2026-27 में बीई-बीटेक, 5 वर्षीय इंटीग्रेटेड डिग्री, एमटेक, एमबीबीएस या 5 वर्षीय इंटीग्रेटेड एलएलबी के पहले वर्ष में दाखिला लिया है। बीडीएस, डेंटल और बी.आर्किटेक्चर के छात्र इसके लिए पात्र नहीं हैं।
FFE की सामान्य स्कॉलरशिप में जाति, धर्म, लिंग या समुदाय के आधार पर कोई कोटा नहीं है। चयन मुख्य रूप से छात्र की योग्यता और परिवार की आर्थिक स्थिति के आधार पर होगा। उम्मीदवार का 2024 या उसके बाद 12वीं पास होना जरूरी है।
आय और रैंक की शर्त
आवेदक के परिवार की कुल सालाना आय 4 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। छात्र का दाखिला किसी मान्यता प्राप्त राज्य या राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा के जरिए होना चाहिए। मेडिकल छात्रों के लिए नीट की ऑल इंडिया कॉमन मेरिट लिस्ट में रैंक 50,000 तक होना जरूरी है। बीई-बीटेक और अन्य कोर्स के लिए रैंक संबंधित राज्य, कॉलेज और वहां के दाखिला नियमों के अनुसार मान्य होगी।
स्कॉलरशिप के साथ मिलेंगी सुविधाएं
FFE केवल आर्थिक सहायता ही नहीं देगा। छात्रों को कॉरपोरेट और इंडस्ट्री एक्सपर्ट से करियर गाइडेंस, अंग्रेजी भाषा सुधारने की ट्रेनिंग, एप्टीट्यूड और एडवांस्ड कम्युनिकेशन ट्रेनिंग भी मिलेगी। इसके अलावा कोर्सेरा के जरिए तकनीकी कोर्स और मॉक इंटरव्यू की सुविधा भी दी जाएगी।
ऐसे करें आवेदन
आवेदन के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और पात्रता की शर्तें पढ़ने के बाद Apply Fresh विकल्प चुनें। रजिस्ट्रेशन में व्यक्तिगत, शैक्षणिक और परिवार की जानकारी भरें। इसके बाद जरूरी दस्तावेज अपलोड करके फॉर्म जमा करें।
जरूरी दस्तावेज
- 12वीं की मार्कशीट
- नीट, जेईई आदि का रैंक या स्कोरकार्ड
- परिवार की आय का प्रमाण पत्र
- कॉलेज फीस की रसीद
- बैंक पासबुक
- बोनाफाइड सर्टिफिकेट


Click it and Unblock the Notifications
