CUET में सीट नहीं मिली तो ना हों परेशान, DU में मिल रहा डायरेक्ट एडमिशन, चेक करें प्रोसेस

DU Admission 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में UG एडमिशन का इंतजार कर रहे स्टूडेंट्स के लिए काम की खबर है। CUET के जरिए चल रही दाखिला प्रक्रिया के बाद भी कुछ कॉलेजों में कई सीटें खाली रह गई हैं। इन सीटों को भरने के लिए यूनिवर्सिटी ने अब तीन और कॉलेजों को 12वीं के अंकों के आधार पर मेरिट से दाखिला देने की अनुमति दी है।

इनमें श्यामलाल कॉलेज, राजधानी कॉलेज और जाकिर हुसैन दिल्ली कॉलेज (ईवनिंग) शामिल हैं। इससे उन छात्रों को राहत मिल सकती है, जिन्हें CUET के स्कोर के आधार पर डीयू में सीट नहीं मिल पाई। इससे पहले अदिति महाविद्यालय और भगिनी निवेदिता कॉलेज को भी खाली सीटों पर 12वीं के अंकों के आधार पर दाखिला देने की मंजूरी मिल चुकी है।

DU Admission 2026

श्यामलाल कॉलेज में तीन कोर्स का मौका

श्यामलाल कॉलेज में तीन स्नातक कार्यक्रमों में 12वीं के अंकों के आधार पर दाखिले के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इनमें शामिल हैं-

  • बीएससी फिजिकल साइंस विद केमिस्ट्री (B.Sc. Physical Science with Chemistry)
  • बीएससी फिजिकल साइंस विद इलेक्ट्रॉनिक्स (B.Sc. Physical Science with Electronics)
  • बीए ऑनर्स हिंदी (B.A. (Hons.) Hindi)

इन कोर्सों के लिए आवेदन प्रक्रिया 19 अगस्त से शुरू हुई है। छात्र 21 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। कॉलेज की ओर से 23 अगस्त को मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। मेरिट में जगह बनाने वाले छात्रों को 24 और 25 अगस्त को कॉलेज में जाकर दस्तावेजों की जांच और दाखिले की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। फीस भी दस्तावेज जांच वाले दिन ही जमा करनी होगी।

ये भी पढ़ें: DU Admission 2026: तीसरे दौर का सीट अलॉटमेंट रिजल्ट जारी, ऐसे डाउनलोड करें अलॉटमेंट लेटर

राजधानी कॉलेज में इन विषयों पर दाखिला

राजधानी कॉलेज ने भी कई साइंस और ह्यूमैनिटीज कोर्स में 12वीं के अंकों के आधार पर आवेदन मांगे हैं। इनमें शामिल हैं-

  • बीए ऑनर्स संस्कृत (B.A. (Hons.) Sanskrit)
  • बीएससी ऑनर्स फिजिक्स (B.Sc. (Hons.) Physics)
  • बीएससी प्रोग्राम फिजिकल साइंस विद केमिस्ट्री (B.Sc. Programme Physical Science with Chemistry)
  • बीएससी प्रोग्राम एप्लाइड फिजिकल साइंस विद इंडस्ट्रियल केमिस्ट्री (B.Sc. Programme Applied Physical Science with Industrial Chemistry)
  • बीए प्रोग्राम संस्कृत विद हिस्ट्री (B.A. Programme Sanskrit with History)

इन कोर्सों के लिए छात्र 24 अगस्त शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। कॉलेज 25 अगस्त को मेरिट लिस्ट जारी करेगा। चयनित छात्रों के लिए दस्तावेज जांच और दाखिला पक्का करने की प्रक्रिया 27 और 28 अगस्त को होगी।

जाकिर हुसैन कॉलेज में भी खाली सीटों पर दाखिला

जाकिर हुसैन दिल्ली कॉलेज (ईवनिंग) में भी 12वीं के अंकों के आधार पर दाखिले का मौका दिया गया है। यहां भाषा और ह्यूमैनिटीज से जुड़े कई कोर्स शामिल हैं। छात्र इन कोर्सों के लिए आवेदन कर सकते हैं-

  • बीए ऑनर्स फारसी (B.A. (Hons.) Persian)
  • बीए ऑनर्स संस्कृत (B.A. (Hons.) Sanskrit)
  • बीए ऑनर्स उर्दू (B.A. (Hons.) Urdu)

इसके अलावा बीए प्रोग्राम (B.A. Programme) में अरेबिक, बंगाली, फारसी, संस्कृत या उर्दू के साथ हिस्ट्री या पॉलिटिकल साइंस जैसे विषयों के संयोजन वाले कोर्स में भी आवेदन किया जा सकता है। इस कॉलेज में आवेदन 19 अगस्त से शुरू हो चुके हैं और 23 अगस्त तक जारी रहेंगे।

क्यों बदला दाखिले का तरीका?

दिल्ली विश्वविद्यालय में सामान्य तौर पर स्नातक दाखिला CUET स्कोर के आधार पर होता है। इसके बाद सीएसएएस के जरिए छात्रों को कॉलेज और कोर्स की सीटें आवंटित की जाती हैं। लेकिन नियमित दाखिला प्रक्रिया के बाद कुछ कॉलेजों में सीटें खाली रह गईं। इन सीटों को खाली छोड़ने के बजाय विश्वविद्यालय ने कुछ कॉलेजों को विशेष आधार पर 12वीं के अंकों से मेरिट बनाकर दाखिला देने की अनुमति दी है। इसका मतलब है कि जिन छात्रों को CUET के जरिए डीयू में सीट नहीं मिली, वे इन कॉलेजों में उपलब्ध कोर्स के लिए अपनी 12वीं की मेरिट के आधार पर आवेदन कर सकते हैं।

छात्रों के लिए एक और मौका

12वीं के अंकों से होने वाली यह प्रक्रिया DU की सामान्य CUET आधारित दाखिला प्रक्रिया का हिस्सा नहीं है। यह केवल उन खाली सीटों को भरने के लिए अपनाया गया विशेष तरीका है, जो नियमित दाखिला राउंड के बाद बची हैं। इसलिए इच्छुक छात्रों को आवेदन की अंतिम तारीख, संबंधित कॉलेज की मेरिट लिस्ट और दस्तावेज जांच की तारीख का खास ध्यान रखना चाहिए। साथ ही आवेदन करने से पहले संबंधित कॉलेज की ओर से जारी नियम और पात्रता शर्तें जरूर देखनी चाहिए।

ये भी पढ़ें: पकड़ा गया अभिजीत दीपके का झूठ! CJP ले रही सरकारी काम का झूठा क्रेडिट? कैसे खुली पोल?

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+