CBSE Supplementary Exam: किस दिन होगी 12वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा? सेंटर पर जाने से पहले चेक कर लें नियम
CBSE Class 12 Supplementary Exam 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 12वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा 2026 का संशोधित शेड्यूल जारी कर दिया है। नई डेट शीट के अनुसार अब सभी विषयों की सप्लीमेंट्री परीक्षा 28 जुलाई 2026 को एक ही दिन आयोजित की जाएगी। पहले यह परीक्षा 15 जुलाई को प्रस्तावित थी, लेकिन बोर्ड ने शेड्यूल में बदलाव करते हुए नई तारीख घोषित की है।
बोर्ड ने जारी संशोधित नोटिस के बाद स्टूडेंट्स को सलाह दी है कि वे अपने सब्जेक्ट की परीक्षा का समय और ड्युरेशन एक बार जरूर चेक कर लें। स्टूडेंट आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नई डेट शीट डाउनलोड कर सकते हैं और परीक्षा से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

28 जुलाई को होंगे सभी मेन सब्जेक्ट के पेपर
बोर्ड के नए कार्यक्रम के अनुसार हिंदी, अंग्रेजी, मैथ्स, एप्लाइड मैथ्स, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, इतिहास, राजनीति विज्ञान, भूगोल, अर्थशास्त्र, मनोविज्ञान, समाजशास्त्र, अकाउंटेंसी, बिजनेस स्टडीज, कंप्यूटर साइंस, इंफॉर्मेटिक्स प्रैक्टिसेज, फिजिकल एजुकेशन, होम साइंस, एंटरप्रेन्योरशिप, लीगल स्टडीज, बायोटेक्नोलॉजी समेत कई भाषा और अन्य विषयों की परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक होगी।
कुछ विशेष विषयों के लिए परीक्षा की अवधि 2 घंटे तय की गई है। इनमें हिंदुस्तानी संगीत (वोकल और मेलोडिक इंस्ट्रूमेंट), पेंटिंग, एप्लाइड आर्ट (कमर्शियल आर्ट), योग, अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस और फिजिकल एक्टिविटी ट्रेनर शामिल हैं। इन विषयों की परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित होगी।
वोकेशनल सब्जेक्ट की सप्लीमेंट्री परीक्षा कब से होगी
मुख्य विषयों के अलावा कई वोकेशनल सब्जेक्ट की सप्लीमेंट्री परीक्षा भी 28 जुलाई को ही होगी। इनमें रिटेल, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, वेब एप्लीकेशन, ऑटोमोटिव, फाइनेंशियल मार्केट मैनेजमेंट, टूरिज्म, ब्यूटी एंड वेलनेस, एग्रीकल्चर, फूड प्रोडक्शन, बैंकिंग, मार्केटिंग, हेल्थ केयर, इंश्योरेंस, बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन, मास मीडिया स्टडीज, फैशन स्टडीज और इलेक्ट्रॉनिक्स टेक्नोलॉजी जैसे विषय शामिल हैं।
परीक्षा केंद्र पर इन नियमों का रखें ध्यान
CBSE ने छात्रों को परीक्षा के दौरान सभी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर या किसी भी तरह का इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं होगी। छात्रों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखने की भी सलाह दी गई है।
ऐसे डाउनलोड करें नई डेट शीट
नई डेट शीट डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले -
- CBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- इसके बाद Latest Announcement सेक्शन में जाकर Class 12 Supplementary Examination Date Sheet 2026 के लिंक पर क्लिक करें।
- लिंक खुलने के बाद पीडीएफ डाउनलोड करें और अपने विषय की परीक्षा की तारीख, समय और अवधि की जानकारी ध्यान से जांच लें।
ये भी पढ़ें: खत्म होने वाला है लाखों स्टूडेंट्स का इंतजार! कल आएगा CBSE 10वीं सेकेंड बोर्ड का रिजल्ट? देखें लेटेस्ट अपडेट












Click it and Unblock the Notifications