CBSE Board Exams 2025: क्या बोर्ड एग्जाम में सैंपल पेपर से पूछे जाएंगे सवाल? यहां हैं हर FAQs का उत्तर
CBSE Board Exam: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) 15 फरवरी 2025 से कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाएं शुरू करने जा रहा है। अब जबकि परीक्षा में सिर्फ कुछ ही दिन बचे हैं, छात्र पूरी मेहनत से अपनी तैयारी में जुटे हुए हैं ताकि वे अच्छे अंक प्राप्त कर सकें।
परीक्षा के समय छात्रों के मन में कई सवाल आते हैं, जैसे क्या शब्द सीमा पार करने पर अंक कटेंगे? क्या प्री-बोर्ड के अंक फाइनल रिजल्ट में जोड़े जाते हैं? छात्रों की मदद के लिए, CBSE की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर दी गई महत्वपूर्ण 10 अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs) और उनके उत्तर यहां दिए जा रहे हैं।

CBSE परीक्षा 2025 से जुड़े 10 महत्वपूर्ण सवाल और उनके जवाब (CBSE Exam FAQs)
- क्या अच्छी प्रस्तुति के लिए अलग से अंक दिए जाते हैं?
CBSE के अनुसार, अलग से अंक नहीं दिए जाते, लेकिन उत्तर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित लिखने, साथ ही महत्वपूर्ण बिंदुओं को रेखांकित करने की सलाह दी जाती है।
- यदि कोई छात्र प्री-बोर्ड परीक्षा में फेल हो जाए तो क्या उसे बोर्ड परीक्षा देने से रोका जा सकता है?
नहीं, प्री-बोर्ड परीक्षा केवल यह समझने के लिए होती है कि छात्र बोर्ड परीक्षा के लिए कितने तैयार हैं। यदि छात्र अन्य सभी शर्तें पूरी करता है, तो उसे बोर्ड परीक्षा में बैठने से नहीं रोका जा सकता।
- मेरे दोस्त कहते हैं कि उन्होंने सिलेबस 2-3 बार दोहरा लिया है, लेकिन मैंने अभी तक एक बार भी पूरा नहीं किया। मुझे क्या करना चाहिए?
CBSE छात्रों को घबराने की बजाय अपनी तैयारी पर ध्यान देने की सलाह देता है। एक दैनिक समय सारिणी बनाएं और नियमित अभ्यास करें।
- क्या प्री-बोर्ड परीक्षा के अंक बोर्ड परीक्षा में जोड़े जाते हैं?
नहीं, प्री-बोर्ड परीक्षा के अंक बोर्ड परीक्षा के अंकों में शामिल नहीं किए जाते।
- क्या बोर्ड परीक्षा में व्हाइटनर और जेल पेन का उपयोग कर सकते हैं?
व्हाइटनर के उपयोग की अनुमति नहीं है, लेकिन छात्र नीले या रॉयल ब्लू जेल पेन का उपयोग कर सकते हैं।
- क्या शब्द सीमा पार करने या भाषा विषयों में वर्तनी की गलतियों पर अंक कटते हैं?
शब्द सीमा पार करने पर कोई अंक नहीं कटते, लेकिन भाषा विषयों में वर्तनी और अन्य गलतियों के लिए अंक कट सकते हैं।
- क्या परीक्षा में CBSE के सैंपल पेपर से सवाल पूछे जाएंगे?
CBSE के अनुसार, सैंपल पेपर केवल परीक्षा के पैटर्न और प्रश्नों के प्रकार को समझने में मदद करता है। परीक्षा में प्रश्न पूरे सिलेबस में से पूछे जा सकते हैं, इसलिए पूरी तरह तैयारी करें।
- क्या कुछ खास चैप्टर हैं, जिन्हें पढ़कर अच्छे अंक प्राप्त किए जा सकते हैं?
CBSE छात्रों को केवल कुछ अध्यायों पर ध्यान देने की सलाह नहीं देता। परीक्षा में अच्छे अंक पाने के लिए पूरे सिलेबस को पढ़ना और समझना जरूरी है।
- अगर मेरी लिखने की गति धीमी है और पेपर पूरा करने में परेशानी होती है, तो क्या करें?
CBSE का सुझाव है कि छात्र नियमित अभ्यास करें और उत्तर लिखने से पहले विचारों को व्यवस्थित करें। समय कम हो तो उत्तर बिंदुवार (पॉइंट्स में) लिखें, लेकिन कोई प्रश्न छोड़ें नहीं।
- परीक्षा से पहले कई बार सुना जाता है कि पेपर लीक हो गया है और सोशल मीडिया पर उपलब्ध है। क्या करें?
CBSE ऐसी अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह देता है। बोर्ड ने परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह सुरक्षित बनाया है। यदि किसी छात्र को कोई गलत जानकारी मिले तो वह CBSE से ईमेल या फोन के माध्यम से संपर्क कर सकता है।
CBSE परीक्षा 2025 का शेड्यूल
कक्षा 10 की अंतिम परीक्षा 18 मार्च को समाप्त होगी, जबकि कक्षा 12 की अंतिम परीक्षा 4 अप्रैल को समाप्त होगी। परीक्षा सुबह 10:30 बजे से शुरू होगी और एक ही शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। इस वर्ष, भारत और विदेशों में स्थित 8,000 से अधिक स्कूलों से लगभग 44 लाख छात्र कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षा में बैठेंगे।
छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे घबराएं नहीं, नियमित अभ्यास करें और परीक्षा के दौरान शांत रहें। सफलता के लिए मेहनत और आत्मविश्वास सबसे जरूरी है!
ये भी पढ़ें: Bihar News: इंटर परीक्षा देने पहुंची छात्रा, अचानक हुआ पेट में दर्द, अस्पताल में खुले राज़ से लोग हैरान












Click it and Unblock the Notifications