रिटायर्ड सेना अधिकारियों के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी में सरकारी नौकरी का मौका, कब तक और कैसे करें अप्लाई?
AAI Recruitment 2026: सरकारी क्षेत्र में काम करने का एक और मौका सामने आया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने भारतीय सशस्त्र बलों से रिटायर हुए शॉर्ट सर्विस कमीशन (SSC) अधिकारियों के लिए कंसल्टेंट के 39 पदों पर भर्ती निकाली है। इन पदों पर चयनित उम्मीदवारों को देश के अलग-अलग एयरपोर्ट पर तैनात किया जाएगा।
यह भर्ती जॉइंट यूजर डिफेंस एयरफील्ड और फील्ड एयर ट्रैफिक सर्विसेज यूनिट्स के काम में मदद के लिए की जा रही है। आवेदन की प्रक्रिया 17 सितंबर 2026 से जारी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 11 नवंबर 2026 तक ईमेल के जरिए आवेदन भेज सकते हैं। इस भर्ती में आवेदन का दूसरा कोई माध्यम नहीं है।

किस एयरपोर्ट पर कितने पद?
AAI ने भर्ती के लिए विज्ञापन संख्या 14/2026/CHQ/SSCOs जारी किया है। कुल 39 पदों का ब्योरा इस प्रकार है:
- गोवा (दाबोलिम) एयरपोर्ट: 15 पद (11 SMC और 4 ATC)
- पुणे एयरपोर्ट: 11 पद (SMC)
- पूर्णिया एयरपोर्ट: 4 पद
- पोर्ट ब्लेयर एयरपोर्ट: 4 पद (MC)
- दरभंगा एयरपोर्ट: 3 पद
- कानपुर एयरपोर्ट: 2 पद
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती में केवल भारतीय थल सेना, नौसेना, वायुसेना या तटरक्षक बल से रिटायर हुए शॉर्ट सर्विस कमीशन अधिकारी आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट होना जरूरी है। इसके साथ बेसिक ATC कोर्स (ATM एवं AL और GCA) या ATSS कोर्स पूरा होना चाहिए।
उम्मीदवार के पास कम से कम 5 साल का ATC ड्यूटी अनुभव होना चाहिए। इसमें किसी जॉइंट यूजर डिफेंस एयरफील्ड पर कम से कम एक साल काम करने का अनुभव जरूरी है।
उम्र सीमा क्या है?
आवेदन की अंतिम तारीख यानी 11 नवंबर 2026 को उम्मीदवार की उम्र 50 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए। सेना से रिटायर उम्मीदवार की रिटायरमेंट और आवेदन की अंतिम तारीख के बीच 6 साल से ज्यादा का अंतर नहीं होना चाहिए। अनुबंध को किसी भी स्थिति में 55 साल की उम्र के बाद आगे नहीं बढ़ाया जाएगा।
कितनी मिलेगी सैलरी?
चयनित कंसल्टेंट का मासिक वेतन डीओपीटी के 9 दिसंबर 2020 के कार्यालय ज्ञापन के अनुसार तय होगा। इसके लिए रिटायरमेंट के समय मिलने वाली अंतिम मूल सैलरी में से बेसिक पेंशन घटाई जाएगी। तय राशि पूरे अनुबंध के दौरान समान रहेगी। इसमें सालाना या प्रतिशत के हिसाब से बढ़ोतरी नहीं होगी। मकान किराया भत्ता नहीं मिलेगा। परिवहन भत्ता तय नियमों के अनुसार दिया जाएगा और टीडीएस की कटौती भी लागू होगी।
AAI भर्ती के लिए आवेदन कैसे करें?
उम्मीदवारों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र भरना होगा। इसके साथ शैक्षणिक योग्यता, काम के अनुभव और अन्य जरूरी दस्तावेजों की सेल्फ अटेस्टेड कॉपी लगानी होगी। सभी दस्तावेजों और आवेदन फॉर्म को मिलाकर एक PDF फाइल बनानी होगी।
इसके बाद यह फाइल [email protected] पर 11 नवंबर 2026 तक ईमेल करनी होगी। चयनित उम्मीदवारों को इंटरव्यू की तारीख उनके रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर भेजी जाएगी। आवेदन भेजने से पहले आधिकारिक विज्ञापन में दिए गए निर्देश जरूर जांच लें।



Click it and Unblock the Notifications
