कभी हाथ में थी बंदूक, अब कलम से उड़ाया गर्दा, 7 पूर्व नक्सलियों ने SSC परीक्षा पास कर रचा इतिहास!
Former Maoists Pass SSC Exams: जंगल वही हैं, लेकिन जिंदगी का रास्ता बदल चुका है। जिन हाथों में कभी बंदूक हुआ करता था, आज उन्हीं हाथों में किताबें और भविष्य के सपने हैं। किसी की पढ़ाई बचपन में छूट गई थी, किसी ने परिवार को खोया तो कोई ऐसे हालात में फंस गया जहां से सामान्य जिंदगी में लौटना आसान नहीं था। लेकिन जब दोबारा मौका मिला तो उन्होंने पुरानी पहचान को पीछे छोड़ने की कोशिश शुरू कर दी।
दिन में काम सीखना, रात में किताबें पढ़ना और WhatsApp पर दोस्तों से सवाल पूछना उनकी नई दिनचर्या बन गई। मेहनत का नतीजा ऐसा रहा कि पिछले साल हथियार डालने वाले 210 माओवादियों में से 7 ने छत्तीसगढ़ ओपन स्कूल की SSC परीक्षा पास कर ली। इनमें तीन ने फर्स्ट क्लास अंक हासिल किए हैं।

बंदूक छूटी तो हाथों में आई किताब
मुख्यधारा में लौटना इन लोगों के लिए सिर्फ हथियार छोड़ देने तक सीमित नहीं था। असली चुनौती उस जिंदगी को दोबारा शुरू करने की थी, जो कई साल पहले कहीं पीछे छूट चुकी थी। गीता, अर्जुन और संतोष जैसे लोगों ने आत्मसमर्पण के बाद अपनी अधूरी पढ़ाई पूरी करने का फैसला किया। सरकार की पुनर्वास नीति और स्थानीय प्रशासन की मदद से इन्हें पढ़ने और नई स्किल सीखने का मौका मिला। किसी ने जेल की चारदीवारी के अंदर पढ़ाई शुरू की तो किसी ने पुनर्वास केंद्र में किताबें उठाईं। लंबे गैप के बाद पढ़ाई की तरफ लौटना मुश्किल था, लेकिन इन्होंने कोशिश जारी रखी।
ये भी पढ़ें: न कोचिंग, न फुल-टाइम पढ़ाई! एयरफोर्स की स्क्वाड्रन लीडर ने NEET PG में गाड़ा झंडा, 8 नंबर से छुट्टा AIR 1
कभी 'डॉ चंपा' थीं गीता, अब नर्स बनने का सपना
इस कहानी में 35 साल की गीता नारोते का सफर सबसे अलग है। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली की रहने वाली गीता सिर्फ 10 साल की थीं, जब माओवादियों ने उनके पिता की हत्या कर दी थी। इसके बाद उनकी जिंदगी ने ऐसा मोड़ लिया कि वे खुद माओवादी मूवमेंट के संपर्क में आ गईं और लंबे समय तक संगठन में रहीं। वहां गीता को 'डॉ चंपा' के नाम से जाना जाता था। इसकी वजह थी उनका काम। वे संगठन में घायल लोगों का इलाज करती थीं और गोली लगने से हुए घाव तक सिलती थीं।
न्यूज18 की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले साल गीता ने हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। उम्र 35 साल हो चुकी थी, लेकिन उन्होंने पढ़ाई के लिए इसे रुकावट नहीं बनने दिया। अब SSC परीक्षा पास करने के बाद उनका सपना नर्स बनने का है, ताकि वे अपने परिवार का सहारा बन सकें।
दिनभर काम, रात होते ही खुल जाती थीं किताबें
32 साल के अर्जुन ओयाम की जिंदगी भी कभी बस्तर के जंगलों तक सीमित थी। मुख्यधारा में आने के बाद उन्होंने तय किया कि अब जिंदगी को नए सिरे से शुरू करना है। पुलिस और प्रशासन ने उनकी काउंसलिंग की। जरूरी डॉक्यूमेंट बनवाने में मदद की गई और उन्हें पढ़ाई के लिए तैयार किया गया। अर्जुन के लिए चुनौती यह थी कि उन्हें पढ़ाई के साथ नई स्किल भी सीखनी थी। दिन में वे मछली पालन और इलेक्ट्रीशियन का काम सीखते और रात में परीक्षा की तैयारी करते थे। यही मेहनत उन्हें SSC की परीक्षा तक ले गई और आखिरकार उन्होंने इसे पास कर लिया।
संतोष ने भी नहीं मानी हार
संतोष अचला की कहानी भी संघर्ष से भरी रही है। कठिन हालात और पारिवारिक दुखों के बीच उनकी पढ़ाई पीछे छूट गई थी। लेकिन हथियार छोड़ने के बाद उन्होंने बीती जिंदगी को अपने आगे के सफर में रुकावट नहीं बनने दिया। संतोष ने फिर से पढ़ाई शुरू की और लगातार तैयारी करते रहे। आखिरकार उनका नाम भी SSC परीक्षा पास करने वाले सात पूर्व माओवादियों की लिस्ट में शामिल हो गया।
जंगल से निकले तो टैबलेट बनी नई किताब
इन लोगों की पढ़ाई सिर्फ कॉपी-किताब तक सीमित नहीं रही। लंबे समय बाद पढ़ाई में लौटे पूर्व माओवादियों के लिए डिजिटल गैजेट्स काफी मददगार साबित हुए। कई लोगों के पास टैबलेट थे, जिन पर वे ऑनलाइन चैप्टर और PDF पढ़ते थे। किसी सवाल में परेशानी होती तो दोस्त WhatsApp पर मदद करते। नोट्स भेजे जाते और कठिन सवालों को आसान तरीके से समझाया जाता। स्थानीय टीचर्स और पुलिसकर्मी भी उनकी मदद के लिए आगे आए। धीरे-धीरे पढ़ाई का डर कम हुआ और परीक्षा पास करने का भरोसा बढ़ता गया।
210 ने डाले थे हथियार, 7 ने पढ़ाई में बनाई नई पहचान
पिछले साल कुल 210 माओवादियों ने हथियार डालकर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया था। उन्हीं में से सात अब SSC परीक्षा पास कर अपनी जिंदगी का नया अध्याय शुरू कर चुके हैं। खास बात यह है कि इनमें तीन ने फर्स्ट क्लास अंक हासिल किए। गीता अब नर्स बनने की तैयारी करना चाहती हैं, जबकि अर्जुन जैसे युवा नई स्किल सीखकर अपने पैरों पर खड़े होने की कोशिश में हैं। कभी AK-47 और बारूदी सुरंगों के बीच गुजरने वाली जिंदगी में अब किताबों, नौकरी और बेहतर भविष्य के सपनों ने जगह बना ली है।
ये भी पढ़ें: 28 हजार रैंक से AIR 1 तक का सफर! डॉ. मोनीश की वो मास्टर स्ट्रेटजी जिसने उन्हें बना दिया NEET PG टॉपर


Click it and Unblock the Notifications
