विदेशी युवाओं की पहली पसंद भारत
तस्वीर का रुख बदल चुका है. कभी भारतीय युवा बेहतर कॅरियर की तलाश में विदेश का रुख करते थे तो अब विदेशी युवाओं की पहली पसंद भारत बनता जा रहा है. विदेशों से प्रोफेशनल्स की बड़ी फौज भारत आने लगी है. बड़ी संख्या में विदेशी युवा भारत में अपने करियर की शुरुआत कर रहे हैं. वे यहां काम करने को चैलेंज के रूप में लेना चाहते हैं या फिर यहां कुछ दिनों तक काम कर अपने देश वापस लौट करियर को और बेहतर करने की सोचते हैं. खास बात यह है कि सिर्फ आईटी इंडस्ट्री में नहीं, प्रत्येक सेक्टर में इस तरह के युवाओं की दस्तक बढ़ती जा रही है.
एक सर्वे के मुताबिक 20 से 30 हजार विदेशी पेशेवर भारत में अपना करियर शुरू करने के बाद अपने देश में लौटते हैं. दिल्ली की एक लोकल ऐड कंपनी में काम करने वाली युवती ने बताया कि भारत और चीन दुनिया की तेजी से विकसित हो रही अर्थव्यवस्थाएं हैं. इसी वजह से यूरोप की ज्यादातर कंपनियां भारत में अपने पांव पसार रही हैं. इस लिहाज से इंडिया में काम करना फायदेमंद साबित होता है. विशेषज्ञों का कहना है कि तेजी से उभर रही अर्थव्यवस्था वाले देश में काम करने के एक्सपोजर का जबर्दस्त फायदा पेशेवरों को मिलता है. यही वजह है कि विदेशी युवा पेशेवर भारत में नौकरियां करने आ रहे हैं. देश के एक जाने-माने जॉब पोर्टल में फिलहाल 1 लाख 10 हजार विदेशी पेशेवरों के बायोडेटा पड़े हैं. इससे साबित होता है कि नौकरी के लिए भारत आने को लेकर विदेशी युवाओं में किस तरह की ललक है. यूएई से आए एक युवा ने कहा कि भारत में ट्रेनिंग से उसे काफी मदद मिली है. यहां कई तरह के कल्चर हैं. इस माहौल में काम कर नेटवर्किंग स्किल बढ़ती है और लोगों के साथ डील करने की कला आती है.
विशेषज्ञों का कहना है कि भारत में काम करने का अनुभव विदेशी पेशेवरों के बायोडेटा को काफी मजबूत करता है. यह भी सच है कि अपने देश में अच्छी नौकरी न मिल पाने पर भी कई दफा विदेशी युवा भारत का रुख करते हैं. क्योंकि उन्हें यहां उनके खुद के देश के मुकाबले बेहतर नौकरी मिल जाती है.











Click it and Unblock the Notifications