Fact Check: एकनाथ शिंदे को मिला था बाल ठाकरे का आशीर्वाद, जानें वायरल फोटो की सच्चाई?
मुंबई, 01 जुलाई: महाराष्ट्र की राजनीति में मची उथल-पुथल उद्धव ठाकरे के इस्तीफे और एकनाथ शिंदे के मुख्यमंत्री बनने के बाद अब शांत हो गई है। बीजेपी के सहयोग से बागी शिवसेना विधायक एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र में अपनी सत्ता जमा ली है। शिंदे को शिवसेना के 40 और 10 निर्दलीय विधायकों का साथ मिला था। ऐसे में गुरुवार को शिंदे ने राजभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वहीं बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री बने। सोशल मीडिया पर नेताओं से लेकर उनके समर्थकों ने उनको बधाई दी। इस दौरान एक यूजर ने पुरानी फोटो शेयर करते हुए दावा किया कि शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे ने एकनाथ शिंदे के माथे पर तिलक लगाकर उनको आशीर्वाद दिया था। आखिर क्या है इस फोटो की सच्चाई जानिए...

महाराष्ट्र की महा विकास अघाड़ी सरकार सत्ता से बाहर हो चुकी है। शिंदे ने बीजेपी के साथ मिलकर अपनी सरकार बना ली है। उद्धव ठाकरे ने 29 जून को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के तौर पर अपना इस्तीफा दिया था। अब सोशल मीडिया पर एक ब्लैक एंड व्हाइट फोटो वायरल हो रही है, जिसमें बाल ठाकरे को एक व्यक्ति के माथे पर तिलक लगाते हुए दिखाया गया है। दोनों नेता कई और लोगों से घिरे दिखाई दे रहे हैं। ट्विटर और फेसबुक पर फोटो शेयर करने वालों ने दावा किया कि इसमें शिवसेना संस्थापक को शिंदे को आशीर्वाद देते दिखाया गया है।

जैसा की सबको पता है कि शिंदे ने बाल ठाकरे के आदर्शों से भटकने के लिए एमवीए सरकार और उद्धव ठाकरे पर बार-बार हमला किया है। और इसी वजह से उन्होंने सरकार से अलग होने का भी फैसला किया। लेकिन शिंदे के होने के दावे वाली जिस फोटो को सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है, असल में जिस व्यक्ति को बाल ठाकरे तिलक लगा रहे हैं, वह एकनाथ शिंदे नहीं है, बल्कि दिवंगत शिवसेना नेता आनंद दिघे हैं।
फैक्ट चेक में सामने आया कि बीबीसी मराठी से लेकर मराठी अखबार लोकमत में भी यह फोटो प्रकाशित हो चुकी है। वहीं 26 अगस्त, 2021 का शिवसेना ने भी एक ट्वीट करते हुए दीघे को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि इसी फोटो के जरिए दी थी।
आपको बता दें कि आनंद दिघे बाल ठाकरे की पार्टी शिवसेना के दिग्गज नेता थे और बागी नेता एकनाथ शिंदे के राजनीतिक गुरु थे। महाराष्ट्र में चल रहे सियासी संकट के बीच शिंदे के गुरु, जिन्हें 'धर्मवीर' के नाम से जाना जाता है, उनकी जमकर चर्चा हुई थी। गौरतलब है कि साल 2001 में गणेश उत्सव के दौरान दीघे की कार हादसे का शिकार हो गई थी, जिसके बाद घायल आनंद दिघे की ठाणे के एक अस्पताल में सर्जरी हुई थी, लेकिन सर्जरी के बाद दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई।

Fact Check
दावा
दावा किया जा रहा है कि इस पुरानी तस्वीर में बाल ठाकरे एकनाथ शिंदे को आशीर्वाद दे रहे हैं।
नतीजा
दावा पूरी तरह से गलत है। इस फोटो में शिंदे नहीं बल्कि उनके गुरु आनंद दीघे हैं।












Click it and Unblock the Notifications