Vastu Tips: घर की उत्तर दिशा को ठीक करके पाएं सुख-समृद्धि का वरदान
Vastu Tips: वास्तुशास्त्र में कहा जाता है दिशाएं ठीक कर लो तो दशा अपने आप सुधर जाएगी। जी हां यह बात बिल्कुल सच है। वास्तु शास्त्र में दिशाओं का बड़ा महत्व है और यदि घर की किसी भी दिशा में कोई दोष है तो घर की दशा ठीक नहीं चलती है। दिशा ठीक होने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह होता है और मनुष्य समस्त सुखों का भोग करता है।

उत्तर दिशा में कुबेर और लक्ष्मी का वास होता है। यदि घर की उत्तर दिशा दोषरहित है तो उस घर में धन की कभी कमी नहीं होती। संपत्ति, पैसा सबकुछ उस घर में भरपूर आता रहता है। उत्तर दिशा को साफ-स्वच्छ रखकर और यहां से सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बढ़ाकर आप आय के स्रोत में वृद्धि कर सकते हैं। इसके लिए कुछ विशेष बातों का ध्यान रखना आवश्यक है।
उत्तर दिशा में ये बिल्कुल न हो
- घर की उत्तर दिशा देव दिशा कही गई है। यहां कुबेर और लक्ष्मी का वास होता है इसलिए यह दिशा हमेशा साफ-स्वच्छ रखनी चाहिए। इस दिशा में गंदगी, कचरा, पुराना टूटा-फूटा फर्नीचर, टूटा कांच, पुराने बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स सामान नहीं होने चाहिए।
- उत्तर दिशा को खुला रखना श्रेष्ठ रहता है लेकिन खुले भाग में कांटेदार पौधे, पीपल का पेड़, बरगद का पेड़ या अन्य कोई अधिक बड़े वृक्ष नहीं लगाने चाहिए।
- घर की उत्तरी दीवार पर हिंसक पशु-पक्षी, विनाशक दृश्य, युद्ध के चित्र, सिंह, सर्प आदि की तस्वीर नहीं लगानी चाहिए।
- विद्युत के उपकरण, भारी मशीनरी, आग से संबंधित वस्तुएं उत्तर दिशा में नहीं होनी चाहिए।
- उत्तरी दीवार पर काला रंग, नीला रंग या अन्य कोई अत्यंत गहरे रंग नहीं लगाने चाहिए।
उत्तर दिशा में ये होना शुभ
- उत्तर दिशा को खुला रखना उत्तम होता है। यदि कोई निर्माण किया हुआ है तो पूजा घर, पढ़ाई कक्ष या लाइब्रेरी बनाना उचित रहेगा।
- उत्तर दिशा में शुभ पौधे लगाना लाभदायक रहता है। इस दिशा में तुलसी, मनी प्लांट, क्रासुला या सुगंधित फूलों के पौधे लगाएं किंतु इनमें ध्यान रखें कंटीले फूलों के पौधे न लगाएं। जैसे गुलाब।
- उत्तर दिशा में जल स्थान होना शुभ है। यहां फव्वारा, झरना आदि बनाया जा सकता है।
- घर में जो भी कमरा उत्तर दिशा में बना हुआ हो, उसकी उत्तरी दीवार पर लक्ष्मी-कुबेर के चित्र या मूर्ति लगाने से धन-संपत्ति में वृद्धि होती है।
- उत्तरी दीवार पर बड़े से लेकर छोटे तक सभी प्रकार के नोट-करंसी आदि एक लकड़ी की फ्रेम में जड़वाकर लगवाना चाहिए।
- उत्तरी दीवार पर शुभ चिह्न जैसे मोरपंख, बांसुरी, श्रीकृष्ण के चित्र आदि सुशोभित करने से सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बढ़ता है और परिवार में प्रेम बना रहता है।












Click it and Unblock the Notifications