शुक्र और सूर्य की बदली राशि, जानिए क्या होगा असर
नई दिल्ली। आकाशमंडल में स्थित नवग्रह परिषद के ग्रहों में से दो प्रमुख ग्रह सूर्य और शुक्र अपनी-अपनी राशि बदलने जा रहे हैं। 16-17 नवंबर को मध्यरात्रि में 1 बजकर 02 मिनट पर शुक्र तुला राशि में प्रवेश करेगा। यह शुक्र की अपनी ही राशि है। इसमें शुक्र 25 दिनों तक अर्थात् 11 दिसंबर को प्रात: 5.17 बजे तक रहेगा। इसके साथ ही 16 नवंबर को ही प्रात: 6.53 बजे से नवग्रहों का राजा सूर्य वृश्चिक राशि में प्रवेश करेगा। सूर्य इस राशि में 15 दिसंबर को रात्रि 9.32 बजे तक रहेगा। सूर्य 31 दिन वृश्चिक राशि में रहेगा।

इन दोनों प्रमुख ग्रहों के राशि बदलने से प्रकृति, पर्यावरण, प्राणियों, मनुष्यों पर व्यापक असर होने वाला है। सूर्य जहां पिता, मान-सम्मान, पद-प्रतिष्ठा, सरकारी सेवा क्षेत्र, नेत्र रोग आदि का कारक ग्रह है, वहीं शुक्र भोग-विलास, सांसारिक सुख, दांपत्य जीवन, प्रेम संबंध, यौन संबंध, लग्जरी लाइफ आदि का कारक ग्रह है।
शुक्र के राशि परिवर्तन का असर
शुक्र अपनी ही राशि तुला में प्रवेश करेगा। इसलिए यह सबसे ज्यादा अपनी ही राशि वृषभ और तुला पर प्रसन्न रहने वाला है। इन दो राशियों के लिए यह 25 दिन आर्थिक दृष्टि से उत्तम रहने वाले हैं। अपने मित्र ग्रहों बुध और शनि की राशि मिथुन-कन्या और कुंभ-मकर को भी लाभ पहुंचाएगा। इन राशि के जातकों की भौतिक सुख-सुविधाओं में वृद्धि होगी। दांपत्य जीवन मधुर रहेगा। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। धन की प्राप्ति करने में कोई बाधा नहीं आएगी। शुक्र के शत्रु ग्रह हैं सूर्य और चंद्र। इनसे जुड़ी राशियां हैं सिंह और कर्क। इन दोनों राशि के जातकों को थोड़ा आर्थिक कष्ट हो सकता है, लेकिन अधिक परेशानी नहीं आएगी। अपने समग्रह मंगल और गुरु से जुड़ी राशियां मेष-वृश्चिक और धनु-मीन के लिए भी शुक्र का गोचर लाभदायक रहने वाला है। मीन राशि में तो शुक्र उच्च का होता है, इसलिए मीन राशि के जातकों पर शुक्र की विशेष कृपा रहेगी। इन्हें भोग विलास के साधन मिलेंगे। प्रेम संबंध मजबूत होंगे।
उपाय : प्रतिदिन कच्चे दूध में शक्कर डालकर भगवान शिव का अभिषेक करें। 25 दिनों में आने वाले प्रत्येक शुक्रवार को दूध-चावल की खीर बनाकर सात कन्याओं को खिलाएं।
सूर्य के राशि परिवर्तन का असर
सूर्य 31 दिन वृश्चिक राशि में गोचर करेगा। यह मंगल की राशि है। अपने मित्र के घर पहुंचकर सूर्य भी सभी राशि के जातकों पर अपना शुभ प्रभाव दिखाएगा। सूर्य के गोचर के दौरान सभी राशि के जातक खासकर सरकारी नौकरी से जुड़े लोगों को विशेष लाभ मिलने वाला है। मान-सम्मान, प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। विशेष लाभ में रहेंगे कर्क, मेष- वृश्चिक, धनु-मीन, मिथुन-कन्या राशि के जातक। वृषभ-तुला, कुंभ-मकर राशि के जातकों के काम अटकेंगे लेकिन विशेष दिक्कत नहीं आएगी।
उपाय : नवग्रह स्तोत्र का पाठ प्रतिदिन करें। रविवार के दिन सवा 11 किलो गेहूं किसी गरीब परिवार को दान करें।
- शुक्र का तुला में गोचर- 16-17 नवंबर मध्य रात्रि 1.02 बजे से 11 दिसंबर प्रात: 5.17 तक
- सूर्य का वृश्चिक में गोचर- 16 नवंबर प्रात: 6.53 बजे से 15 दिसंबर रात्रि 9.32 बजे से












Click it and Unblock the Notifications