Mercury enters Aquarius: बुध का हुआ कुंभ राशि में प्रवेश, जानिए क्या होगा असर?
नई दिल्ली, 06 मार्च। ग्रहों में राजकुमार कहलाने वाला बुध आज सुबह 11 बजकर 18 मिनट पर कुंभ राशि में प्रवेश कर गया है। बुध को ज्ञान, वाणी, बुद्धि, शिक्षा, व्यापार आदि का ग्रह माना गया है। बुध 19 दिन अर्थात् 24 मार्च तक वो इसी राशि में रहेगा। इस दौरान 6 मार्च से 14 मार्च तक कुंभ राशि में सूर्य के साथ युति करने से बुधादित्य योग भी बनेगा। 14 मार्च को सूर्य के मीन राशि में चले जाने के कारण बुधादित्य योग समाप्त हो जाएगा। सूर्य के साथ बुधादित्य बनने से मान-सम्मान, पद-प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी।

क्या होगा राशियों पर प्रभाव
बुध के कुंभ राशि में गोचर के कारण 19 दिन समस्त राशि के जातकों के लिए विशेष रहेंगे। जो लोग शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े हैं, बौद्धिक कार्य करते हैं, योजनाकार हैं, कारोबारी हैं, लेखन-पठन-पाठन से जुड़े हैं उन्हें विशेष अवसर प्राप्त होने वाले हैं। जो लोग वक्ता हैं, प्रवचनकार, कथाकार, फिल्म अभिनेता-अभिनेत्री हैं उनके लिए भी यह समय अत्यंत महत्वपूर्ण है। बुध शनि की राशि कुंभ में जा रहा है। शनि के साथ बुध सम व्यवहार करता है। इसका अर्थ यह हुआ किबुध के इस गोचर का सभी पर शुभ प्रभाव ही होने वाला है। वाणी का लाभ प्राप्त होगा। बौद्धिक कार्यो में उन्नति प्राप्त होगी।
क्या करें इस अवधि में
बुध का यह गोचर वैसे तो शुभ है, फिर भी अपने शुभ कर्मो में वृद्धि और शुभत्व की प्राप्ति के लिए समस्त राशि के जातक नित्य प्रतिदिन भगवान श्री गणेश के दर्शन करें। हर दिन गणेशजी को दूर्वा अर्पित करें। गायों को हरा चारा खिलाएं। पक्षियों की सेवा करें। पेड़-पौधों की देखभाल करें। जिनकी कुंडली में बुध जन्मकालिक वक्री हो वे पन्ना या फिरोजा धारण करें।'''












Click it and Unblock the Notifications