PM Modi Horoscope: साल 2020 क्या लेकर आ रहा है PM नरेंद्र मोदी के लिए?
- नाम: नरेंद्र दामोदरदास मोदी
- जन्म तारीख: 17 सितंबर 1950
- जन्म समय: सुबह 11 बजे
- जन्म स्थान: वडनगर गुजरात
- लग्न-राशि
- लग्न: वृश्चिक- स्वामी मंगल
- राशि: वृश्चिक- स्वामी मंगल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वर्तमान में चंद्र की महादशा चल रही है जो 29 नवंबर 2021 तक चलेगी। इसमें वर्तमान में शुक्र की अंतर्दशा चल रही है जो 30 मई 2021 तक जारी रहेगी। 2021 के बाद लग्नेश मंगल की महादशा प्रारंभ होगी।

देश के संदर्भ में
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लग्नेश मंगल केंद्रस्थ होकर चंद्र के साथ प्रथम स्थान में ही युति बना रहा है। चंद्र-मंगल की युति सत्ता सुख तो प्रदान करती है, लेकिन प्रत्येक निर्णय में विरोधियों को पहले से अधिक सक्रिय कर देती है। इसलिए राह मुश्किल नहीं है तो आसान भी नहीं हैं। हालांकि राज्य सुख का दाता ग्रह सूर्य, बुध के साथ एकादश में युति बना रहा है, इनके साथ केतु की युति त्रिपुरुष योग का निर्माण कर रही है। अर्थात ऐसे जातक को तीन बार सत्ता सुख प्राप्त होता है। केंद्र में चतुर्थ बृहस्पति और इसके सामने दशम में शुक्र-शनि की युति आपके प्रभाव क्षेत्र में वृद्धि के संकेत दे रही है। इस प्रकार अगले जो भी चुनाव, उपचुनाव, राज्यों में चुनाव होंगे उनमें पार्टी आपके नेतृत्व में सफलता अर्जित करती रहेगी। हालांकि नवंबर 2021 के बाद कुछ राज्यों में बीजेपी सत्ता गंवा भी सकती है। रणनीतिक रूप से योजनाएं असफल भी हो सकती है। वर्ष 2021 में पार्टी में तेजी से कोई नया नेता उभरेगा, जो आपका सहयोगी होगा।
अंतरराष्ट्रीय संदर्भ में
वर्ष 2020 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत मजबूत राष्ट्र के तौर पर दुनिया में अपनी धाक जमाने में कामयाब होगा। पड़ोसी देशों से संबंध तल्ख जरूर रहेंगे, लेकिन कोई भी अन्य देश भारत के साथ जोर-जबर्दस्ती करने की हिम्मत नहीं दिखा पाएगा। अंतरराष्ट्रीय मंच पर एशियाई देशों में धाक बढ़ेगी। पड़ोसी देश पाकिस्तान से अघोषित युद्ध जैसे हालात अगस्त तक बनेंगे और भारत उनका मुंहतोड़ जवाब भी देगा। अमेरिका, रूस, जापान से संबंध मजबूत बनेंगे। चंद्र समुद्रपारीय देशों से संबंध और शुक्र धन का प्रतिनिधित्व करता है। मई 2021 तक चंद्र-शुक्र की युति रहने के कारण विदेशों से बड़ी मात्रा में निवेश भारत आएगा, इससे भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

निजी जीवन के संदर्भ में
पंचम स्थान का राहु इस वर्ष प्रधानमंत्री के लिए निजी तौर पर कुछ कष्ट दे सकता है। स्वयं के शारीरिक स्वास्थ्य में कुछ गिरावट आ सकती है। परिवार में माता के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी। खासतौर पर अगस्त के महीने में माता को कष्ट के संकेत है। परिजनों में किसी को दुर्घटना, चोट आदि की आशंका भी है।

शनि की साढ़ेसाती का प्रभाव समाप्त
24 जनवरी 2020 को आपकी राशि पर से शनि की साढ़ेसाती का प्रभाव समाप्त हो रहा है, इस लिहाज से समय अनुकूल आ रहा है। आपके देश और जनता के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लेने में कामयाब होंगे, हालांकि भारी विरोध का सामना भी करना पड़ेगा और कुछ अराजक तत्व देश में अस्थिरता फैलाने का प्रयास भी करेंगे। विरोधी दल के लोग आपको सत्ता से हटाने का पूरा प्रयास करेंगे, लेकिन आपके लिए यह सुकून वाली बात रहेगी कि कोई अस्थिर नहीं कर पाएगा। वर्ष 2020 में प्रधानमंत्री के निकट सहयोगी, बड़े राजनेता की क्षति हो सकती है।

मार्च में हो सकता है बड़ा उलटफेर
प्रधानमंत्री के सितारे कहते हैं कि मार्च 2020 में सत्तापक्ष या मंत्रिपरिषद में कोई बड़ा उलटफेर हो सकता है। मंत्रियों के प्रभार बदले जा सकते हैं। पार्टी के भीतर ही कोई आपके विरोध में खड़ा होगा और आपकी छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर सकता है। आपके निर्णय की आड़ में कुछ शत्रु धोखाधड़ी कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications