Facebook यूजर अलर्ट! Meta AI कभी भी आपके फोन की तस्वीरें कर सकता है स्कैन, जानिए कैसे बचें?
Meta (जिसे पहले Facebook के नाम से जाना जाता था) एक बार फिर प्राइवेसी को लेकर विवादों में है। अब तक यह साफ हो चुका है कि कंपनी Facebook और Instagram पर सार्वजनिक रूप से साझा की गई तस्वीरों का इस्तेमाल अपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल को ट्रेन करने में कर रही है।
लेकिन ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक Meta अब एक कदम और आगे बढ़ चुका है -वह अब आपके फोन के कैमरा रोल (Camera Roll) तक भी पहुंच चाहता है, यानी वो तस्वीरें भी जो आपने कभी सोशल मीडिया पर शेयर नहीं कीं।

क्या है Cloud Processing फीचर?
TechCrunch की रिपोर्ट के मुताबिक कुछ फेसबुक यूजर्स को हाल ही में एक नया पॉपअप नोटिफिकेशन मिला जब वे स्टोरी अपलोड करने की कोशिश कर रहे थे। इस नोटिफिकेशन में एक नए फीचर "Cloud Processing" को ऑप्ट-इन करने का विकल्प दिया गया।
Meta के मुताबिक, यह फीचर आपके कैमरा रोल की तस्वीरों को नियमित रूप से Meta के क्लाउड पर अपलोड करेगा। बदले में, यह यूजर्स को "क्रिएटिव आइडियाज" जैसे फोटो कोलाज, इवेंट रिकैप्स, AI-जनरेटेड फिल्टर्स और बर्थडे/ग्रेजुएशन जैसी थीम बेस्ड सजेशन्स देगा।
लेकिन इसके पीछे छुपा है एक बड़ा खतरा
अगर आप इस फीचर के लिए सहमति देते हैं, तो आप अनजाने में Meta को अपनी पर्सनल और अनशेयर की गई तस्वीरों को स्कैन और एनालाइज करने की अनुमति भी दे रहे हैं। इसका मतलब है कि Meta AI आपके फोटोज में दिखने वाले चेहरे, वस्तुएं, समय-स्थान से जुड़ा डेटा (metadata) और बहुत कुछ एनालाइज करेगा -और वो भी लगातार।
Meta का तर्क है कि ये सब यूजर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए है और यह एक "ऑप्ट-इन" फीचर है जिसे आप मर्जी से चालू या बंद कर सकते हैं।
क्या ये तस्वीरें AI ट्रेनिंग के लिए इस्तेमाल होंगी?
Meta ने हाल ही में यह स्वीकार किया है कि 2007 से लेकर अब तक Facebook और Instagram पर publicly पोस्ट की गई सभी तस्वीरों का उपयोग उसके जनरेटिव AI को ट्रेन करने में किया गया है। लेकिन Meta ने कभी स्पष्ट नहीं किया कि "public" से उनका तात्पर्य क्या है, और "वयस्क" (adult) की उम्र सीमा क्या है।
The Verge की रिपोर्ट के मुताबिक Meta ने यह तो कहा है कि वह वर्तमान में unpublished यानी गैर-शेयर की गई तस्वीरों को AI ट्रेनिंग के लिए इस्तेमाल नहीं कर रहा, लेकिन उन्होंने इस बात से इनकार नहीं किया कि भविष्य में वो ऐसा नहीं करेगा।
कैसे बचें?
अगर आप इस क्लाउड प्रोसेसिंग से बचना चाहते हैं, तो Facebook के सेटिंग्स में जाकर इस फीचर को बंद किया जा सकता है। Meta का कहना है कि जैसे ही आप इस फीचर को बंद करेंगे, वह 30 दिनों के भीतर आपकी सभी अनशेयर की गई तस्वीरों को डिलीट कर देगा।
आपकी प्राइवेसी, आपकी जिम्मेदारी
AI के इस दौर में टेक कंपनियां लगातार यह परख रही हैं कि वे यूजर्स से कितना डेटा ले सकती हैं और उसका इस्तेमाल किस हद तक कर सकती हैं। Meta का ये नया फीचर यूजर्स की मदद का दिखावा करते हुए दरअसल उनके प्राइवेट डेटा तक पहुंचने का रास्ता बना रहा है।
पहले जहां फोटो शेयर करना एक जानबूझकर किया गया फैसला होता था, अब वही तस्वीरें चुपचाप क्लाउड पर अपलोड हो सकती हैं - और Meta AI की आंखें उन पर नजर रख सकती हैं। ऐसे में जरूरी है कि यूजर इस फीचर और इसकी शर्तों को अच्छे से समझें, और अपनी प्राइवेसी के फैसले खुद लें।












Click it and Unblock the Notifications