Selfie with Daughter के बाद अब AI Selfie with Daughter, जानें कौन हैं इसे शुरू करने वाले सुनील जागलान?
AI Selfie with Daughter: 'सेल्फी विद डॉटर' अभियान कुछ साल पहले सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हुआ था। इस कैंपेन के तहत देश-विदेश में पहचान बनाने वाले सुनील जागलान (Sunil Jaglan) ने अब एक नई पहल 'AI Selfie with Daughter' लॉन्च की है। हरियाणा के जींद जिले के बिबीपुर गांव के पूर्व सरपंच रहे जागलान का कहना है कि यह पहल भावनात्मक, प्रेरणादायक और दुनिया भर के लोगों के दिलों को छूने वाली एक नई शुरुआत है।
जागलान ने 2015 में 'Selfie with Daughter' अभियान की शुरुआत की थी, जिसका उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता फैलाना और बेटी के महत्व को उजागर करना था। यह अभियान धीरे-धीरे एक वैश्विक आंदोलन बन गया और इसे पीएम नरेंद्र मोदी ने भी अपने लोकप्रिय कार्यक्रम 'मन की बात' में सराहा था।

AI Selfie with Daughter अभियान भी हो रहा लोकप्रिय
अब इसी सफलता को आगे बढ़ाते हुए जागलान 'AI Selfie with Daughter' के जरिए तकनीक और भावनाओं को जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उनका मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से उन लोगों को बेटी का एहसास कराया जा सकता है, जिनके जीवन में यह खुशी नहीं है।
जागलान बताते हैं कि यह पहल खासतौर पर उन माता-पिता के लिए है, जिनकी कोई बेटी नहीं है। AI तकनीक की मदद से वे अपनी 'ड्रीम डॉटर' की तस्वीर बना सकते हैं और उसके साथ एक सेल्फी तैयार कर सकते हैं। इस प्रक्रिया में AI एक वर्चुअल बेटी को उनके साथ खड़ा दिखाता है, जिससे भावनात्मक जुड़ाव पैदा होता है।
Selfie with Daughter की तरह इसके पीछे भी खास उद्देश्य
उन्होंने कहा कि यह केवल तकनीक नहीं, बल्कि भावनाओं का संगम है। "AI Selfie with Daughter एक ऐसी पहल है, जो दिल के उस खालीपन को भरने का प्रयास करती है, जहां कभी बेटी की कमी महसूस होती है," उन्होंने कहा।
जागलान का यह भी मानना है कि यह अभियान समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और प्रेम को बढ़ाने में मदद करेगा। यहां तक कि जिन लोगों ने कभी कन्या भ्रूण हत्या जैसा अपराध किया है, उनके लिए यह पहल आत्ममंथन का जरिया बन सकती है। इस अभियान के तहत लोग अपनी AI सेल्फी वेबसाइट पर अपलोड कर सकते हैं और अपनी 'डिजिटल बेटी' के लिए एक नाम भी चुन सकते हैं। साथ ही, वे एक भावनात्मक संदेश भी लिख सकते हैं और सोशल मीडिया पर #AISWD, #AISelfieWithDaughter और #AIDaughter जैसे हैशटैग के साथ साझा कर सकते हैं।
जागलान ने बताया कि 9 जून को सबसे भावनात्मक AI सेल्फी को सम्मानित किया जाएगा और जिस पंचायत के हर घर से 'Selfie with Daughter' (वास्तविक या AI) अपलोड होगी, उसे विशेष सम्मान मिलेगा। उन्होंने सभी माता-पिता से अपील की कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें और बेटियों के प्रति प्रेम और सम्मान का संदेश फैलाएं।












Click it and Unblock the Notifications