Dhanteras 2018: जानिए कैसे शुभ होगा आपका धनतेरस
नई दिल्ली। भारत में धनतेरस बड़ी दीवाली से दो दिन पहले बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। कई लोग अपने धनतेरस को शुभ करने के लिए अच्छी-अच्छी वस्तुएं खरीदते हैं। अच्छे पकवान बनाते हैं। पूजा-पाठ करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि धनतेरस सुख, धन और समृद्धि का त्योहार है। हमारी संस्कृति में धन और स्वास्थ्य को महत्व दिया जाता है। कई धार्मिक जानकार बताते हैं कि यह त्योहार इसलिए मनाया जाता है क्योंकि हम इस दिन भगवान की पूजा करते हुए स्वास्थ्य और धन में वृद्धि होने की कामना करते हैं। धनतेरस के दिन मृत्यु के देवता माने जाने वाले यमराज की पूजा की जाती है। इस दिन यमराज महाराज को याद करते हुए दीप जलाए जाते हैं। ऐसा माना जाता है कि जहां यमराज की पूजा और दीप जलाते हैं वहां अकाल मौत नहीं आती। यही नहीं, उस घर में सुख समृद्धि में भी बढ़ोतरी होती है। इस दिन लंबी आयु की भी कामना की जाती है।
लक्ष्मी देवी की भी पूजा
यमराज के अलावा लोग लक्ष्मी देवी की भी पूजा करते हैं। इस दिन लोग अपने धन में बढ़ोतरी की कामना करते हुए लक्ष्मी को भोग भी लगाते हैं। वहीं कई लोग भगवान धनवंतरी की भी पूजा करते हैं। धनतेरस के दिन चांदी खरीदना शुभ माना जाता है। इस दिन चांदी खरीदने की परंपरा रही है। कई लोग मानते हैं कि चांदी चंद्रमा का प्रतीक माना जाता है। यही नहीं, धनतेरस के दिन घरेलू बर्तन खरीदने के अलावा अपने घर औऱ अपने कार्य स्थल की साफ सफाई करते हैं।
देवताओं और राक्षसों के बीच समुद्र मंथन
पुराणों के मुताबिक जब देवताओं और राक्षसों के बीच समुद्र मंथन हुआ तब समुद्र से चौदह रत्न निकले थे। जिनमें एक रत्न अमृत था। भगवान विष्णु देवताओं को अमर करने के लिए 'धनवंतरि' के रूप में प्रकट होकर कलश में अमृत लेकर समुद्र से निकले थे। इसलिए 'धनवंतरि' की पूजा करने से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं।
Read Also:Diwali 2018: जानिए धनतेरस की पूजा और मुहूर्त का समय