मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश के डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स को प्रोत्साहित करने के लिए 'डिजिटल कंटेंट क्रिएटर अवॉर्ड' शुरू करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यह घोषणा इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित 'मध्यप्रदेश युवा कॉन्क्लेव-2026' के दौरान डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के साथ संवाद कार्यक्रम में की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सकारात्मक सोच, नवाचार और सामाजिक सरोकारों के साथ कार्य करने वाले युवा आज समाज में परिवर्तन के प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। ऐसे रचनात्मक प्रयासों को सम्मानित करना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में इंदौर, उज्जैन, धार सहित मालवा-निमाड़ क्षेत्र के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और इंफ्लुएंसर्स ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से समाज निर्माण, जनजागरूकता और सकारात्मक बदलाव में उनकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि समाज को नई दिशा देने का सशक्त मंच बन चुके हैं।
'युवा सिर्फ कंटेंट नहीं, विचार भी गढ़ रहे हैं'
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज का युवा केवल कंटेंट तैयार नहीं कर रहा, बल्कि समाज को जोड़ने, नई पीढ़ी की आकांक्षाओं को अभिव्यक्ति देने और सकारात्मक सोच को आगे बढ़ाने का कार्य भी कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार और सकारात्मक डिजिटल कंटेंट के माध्यम से युवा समाज में रचनात्मक परिवर्तन ला सकते हैं और सरकार ऐसे प्रयासों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उत्कृष्ट डिजिटल क्रिएटर्स को मिलेगा सम्मान
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश सरकार जल्द ही 'डिजिटल कंटेंट क्रिएटर अवॉर्ड' की शुरुआत करेगी। इस पहल के तहत उत्कृष्ट और सामाजिक सरोकारों से जुड़े डिजिटल कंटेंट तैयार करने वाले युवाओं को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को प्रेरित करना, नवाचार को बढ़ावा देना और मध्यप्रदेश में गुणवत्तापूर्ण डिजिटल कंटेंट के निर्माण को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के दौरान डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स ने भी मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए और डिजिटल माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।