सुल्तानपुर: बीटेक छात्र की गोमती नदी में डूबने से मौत, साथी छात्रों ने काटा हंगामा
कमला नेहरू प्रौद्योगिकी संस्थान में बीटेक तृतीय वर्ष की मेकेनिकल की पढ़ाई कर रहा संदीप यादव अपने कुछ साथियों के साथ पास ही में गोमती नदी में नहाने गया था।
सुल्तानपुर। कमला नेहरू प्रौद्योगिकी संस्थान के बीटेक के एक स्टूडेंट की गोमती नदी में डूबने से मौत हो गई। साथी की मौत से गुस्साए अन्य साथी छात्रों ने कॉलेज में जमकर हंगामा काटा। वहीं कई घंटों की मेहनत के बाद प्राइवेट गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।
जानकारी के मुताबिक नगर के प्रतिष्ठित कमला नेहरू प्रौद्योगिकी संस्थान में बीटेक तृतीय वर्ष की मेकेनिकल की पढ़ाई कर रहा संदीप यादव अपने कुछ साथियों के साथ पास ही में गोमती नदी में नहाने गया था। नहाते समय अचानक संदीप गहराई में चला गया और डूबने लगा। उसके साथी जब तक कुछ समझते संदीप डूब चुका था। उसके साथियों ने संदीप को बचाने के लिये गुहार लगाई लेकिन आस पास सन्नाटा होने के चलते इनका शोर कोई नहीं सुन सका।
संदीप के डूबने की सूचना जैसे ही कॉलेज पहुंची वहां हड़कम्प मच गया। कई छात्रों और कुछ पुलिसकर्मियों ने शव को ढूंढने का प्रयास किया लेकिन गहराई के चलते कामयाब नहीं हो सके। सूचना के बाद भी घंटों गोताखोर और जाल के नहीं पहुंचने पर छात्र आक्रोशित हो गये। उग्र हो रहे छात्रों ने प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाते हुये हंगामा शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने पास के ही कुछ गोताखोरों की मदद से शव को बरामद कर लिया।