नई दिल्ली। भारत के स्टार क्रिकेटर रोहित शर्मा भी अब बहुत जल्द शादी करने जा रहे हैं, उन्होंने अपनी जिगरी दोस्त रितिका साजदेह को ही अपना लाइफ पार्टनर बनाने का फैसला किया है। इस बात की जानकारी खुद मुंबई इंडियस के कैप्टन रोहित ने ट्विटर पर दी है।
रोहित की लाइफ पार्टनर रितिका एक स्पोर्ट्स इवेंट मैनेजर हैं और क्रिकेट में बहुत ज्यादा रूचि रखती हैं। रोहित की ही तरह वो काफी हंसमुख और मिलनसार हैं। रोहित और रितिका पिछले 6 साल से एक दूसरे को जानते थे और यह गहरी दोस्ती कब प्यार में बदल गई यह दोनों को पता ही नहीं चला और जैसे ही रोहित को इस प्यार का अंदाजा हुआ उन्होंने झट से रितिका को प्रपोज कर दिया और अपने प्यार का नगीना रितिका की अंगुली में पहना दिया। कहा जा रहा है कि अपने जन्मदिन ( 30 अप्रैल) के दो दिन पहले ही रोहित ने रितिका को प्रपोज किया है।
हो सकता है रितिका वो ही लड़की हों जिनके साथ रोहित विश्वकप के दौरान पर्थ में दिखायी दिये थे, हालांकि उस समय मीडिया से रोहित ने इस विषय पर कुछ नहीं कहा था। वैसे रोहित के मम्मी-पापा ने मीडिया से कहा था कि विश्वकप के बाद वो रोहित की शादी कर देंगे क्योंकि अब वक्त आ गया है कि वो शादी के बंधन में बंध जायेंगे।
रोहित शर्मा के साथ पर्थ के होटल में वो कौन थी?
विश्वकप के तुरंत बाद ही टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर सुरेश रैना ने शादी कर ली अब रोहित शर्मा की सगाई की खबरें आ गई हैं तो वहीं टीम इंडिया के टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली ने भी खुलकर अनुष्का शर्मा के साथ प्यार के रिश्ते को कबूल लिया है। कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि टीम इंडिया के धुरंधर तेजी से अपने जीवन की दूसरी पारी शुरू कर रहे हैं या करने को तत्पर है जिसके लिए हमें उन्हें बधाई देनी चाहिए।
From best friends to soulmates, couldn't get any better @ritssajdeh pic.twitter.com/AtJBfc9yjA
— Rohit Sharma (@ImRo45) May 3, 2015