रांची। एक बार फिर से साबित हो गया है कि देश का कानून हर किसी के लिए बराबर है, राजा हो या रंक हर किसी को उसका पालन करना होता है। जिसकी जीती जागती तस्वीर दिखी सोमवार को रांची में जहां टीम इंडिया के कप्तान ग्रीन बुलेट की सवारी करने निकले थे।
जनाब बिना नेमप्लेट वाली गाड़ी लेकर रांची की सड़कों पर बाइक राइड का मजा लेने लगे लेकिन तभी ट्रैफिक पुलिस ने उन्हें रोक दिया और धोनी का चलान काट दिया। धोनी ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया था इसलिए उन्हें पांच सौ रूपये का जुर्माना भरना ही पड़ा।
देखें: रांची की सड़कों पर बाइक चलाते कैप्टन धोनी
इस बारे में जानकारी रांची पुलिस ने मीडिया को दी। पुलिस ने कहा कि धोनी पर यह जुर्माना एम.वी.आई ऐक्ट की धारा 122/179 के अंतर्गत लगाया गया। उन्होंने बताया कि धोनी के परिवार ने तरंत जुर्माना भर दिया और इस घटना पर अफसोस जताया और कहा कि पुख्ता जानकारी न होने के कारण नियम का उल्लंघन हुआ। धोनी सोमवार शाम अपनी विंटेज बुलेट बी.एस.ए. गोल्ड स्टार डी.बी.डी. 34 को रांची की सड़कों पर दौड़ाते देखे गए थे।