ज्ञानी शिक्षा मंत्री,पहले डॉ कलाम को जीवित में दी श्रद्धांजलि, अब बिहार को बताया पड़ोसी देश
रांची। झारखंड की शिक्षा मंत्री उस वक्त सुर्खियों में आ गई थी जब उन्होंने जीवित डॉ एपीजे कलाम को श्रद्धांजलि ले दी थी। अब एक बार फिर से वो सुर्खियों में छा गई है। झारखंड की मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. नीरा यादव ने बिहार को पड़ोसी देश बता कर एक बार फिर विवाद खड़ा कर दिया है।
कोडरमा स्थित रामलखन सिंह यादव कॉलेज में एक कार्यक्रम के दौरान मंत्री साहिबा से जब वहां मौजूद मीडियाकर्मियों ने पूछा कि क्या झारखंड से भी कुछ नेता बिहार में चुनाव प्रचार के लिए जाएंगे? तो उन्होंने इस पर हामी भरते हुए कहा-क्यों नहीं।
इतना तक तो ठीक था, लेकिन जब मंत्री साहिबा ने आगे मुंह खोला तो सब हैरान रह गए। उन्होंने कहा कि बिहार हमारा पड़ोसी देश है। वहां हम जीते यह हमारी जिम्मेवारी है। वहां भी भाजपा की सरकार बनेगी, ये विश्वास है। प्रयास तो करना ही होगा।
सब उनका मुंह देखते रहे, लेकिन उन्हें अपनी गलती का अहसास नहीं हुआ। आपको ये जानकार तब और हैरानी होगी कि झारखंड की शिक्षा मंत्री 2010 के पहले कोडरमा महिला कॉलेज की प्राचार्या भी रह चुकीं हैं। ऐसे में उनसे इस तरह की बयानबाजी उनके पद को शोभा नहीं देती।