मांझी की माया,नहीं छोड़ रहे सीएम का बंगला
नई दिल्ली(विवेक शुक्ला) नीतीश कुमार कभी सोचते तो होंगे कि उन्होंने जीतन राम मांझी के रूप में किस शख्स को अपना चेला बना लिया। पहले तो मांझी उस मुख्यमंत्री के पद को छोड़ने के लिए तैयार नहीं थे, नीतीश कुमार ने मांझी को सौंपा था।
अब मांझी 1, अणे मार्ग के मुख्यमंत्री के बंगले को छोड़ने के लिए कतई तैयार नहीं। वे कह रहे हैं कि वे 1, अणे मार्ग के बंगले को तब ही छोड़ेंगे जब उन्हें 7, सर्कुलर रोड का बंगला मिल जाएगा।
इसमें फिलहाल नीतीश कुमार रहते हैं। सरकार ने मांझी को 12 स्ट्रेंड रोड का बंगला आवंटित किया है। मांझी उसमें जाने के लिए तैयार नहीं है। वे तो जिद्द पकड़े हुए हैं कि वे रहेंगे तो सर्कुलर रोड के बंगले में ही। जब तक वह बंगला उन्हें नहीं मिलेगा तब वे अणे मार्ग के बंगले पर काबिज रहेंगे।
राजधानी में बिहार भवन के एक सूत्र ने बताय़ा कि मांझी के ताजा कदम से राज्य सरकार परेशान है। उसे समझ नहीं आ रहा कि इस गुत्थी को किस तरह से हल किया जाए। बता दें मांझी को बीते साल मई में नीतीश कुमार की पहल पर बिहार का मुख्यमंत्री बनाया गया था। उसके बाद से वे राज्य सरकार के लिए परेशानियां खडी कर रहे हैं।