भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने नोएडा में की रैली, लोगों से दो-तिहाई बहुमत से विजयी बनाने की अपील
अमित शाह बोले- एक (कांग्रेस) ने देश को लूटा, दूसरे (सपा) ने प्रदेश को लूटा और अब दोनों मिलकर उत्तर प्रदेश को लूटने आए हैं। अगर उत्तर प्रदेश का भला करना है तो दो-तिहाई बहुमत से भाजपा को विजयी बनाएं।
नोएडा। आज शाम भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक रैली कर के लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी-कांग्रेस का गठबंधन कहता है कि वह उत्तर प्रदेश में बदलाव लाएगा, लेकिन सच्चाई तो यह है कि चुनाव से पहले ही अखिलेश यादव ने अपनी हार मान ली है, वरना वह अपनी 100 सीटें कांग्रेस को नहीं देते। लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमने देश को बोलने वाला पीएम दिया है साथ ही पीएम मोदी या उनके किसी भी सहयोगी पर कोई आरोप नहीं है।
अपने संबोधन में अमित शाह ने पाकिस्तान का जिक्र भी किया और बताया कि भारत कैसे पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे रहा है। वह बोले- मोदी सरकार में पाकिस्तान की गोली के जवाब में गोला दागा जाता है। अपनी रैली में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बन जाती है तो फिर यहां से भू माफिया को खत्म कर दिया जाएगा। इसी के साथ उन्होंने नोएडा की जनता से अपील की कि वे लोग नोएडा से भाजपा के प्रत्याशी पंकज सिंह को भारी मतों से जिताकर विजयी बनाएं। अमित शाह ने यह भी कहा कि पंकज सिंह का यहां से जीतना तय है, क्योंकि नोएडा भाजपा का गढ़ है।
ये भी पढ़ें- 'पार्टी से मेरा कोई लेना-देना नहीं, मैं तो खाना फ्री-स्कीम में आया हूं'