अस्पताल में भर्ती महिला को कुत्तों ने खाया, कई फीट तक घसीटा
महिला के शव का केवल ऊपरी हिस्सा ही बचा है, बाकी हिस्सा कुत्तों ने खा लिया है। महिला के शव को देखने से पता चल रहा है कि उसे 5 से 7 फीट तक घसीटा गया है।
भोपाल। मध्य प्रदेश में राजगढ़ स्थित एक सरकारी अस्पताल में लापरवाही का एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। यहां 70 वर्षीय एक महिला के शरीर को आवारा कुत्तों ने नोंच खाया। महिला इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती थी और बीती 22 मार्च से लापता थी। महिला का शव अस्पताल के पिछले हिस्से में क्षत-विक्षत हालत में मिला।
कोतवाली पुलिस स्टेशन के इंचार्ज मुकेश गौड़ ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से अस्पताल के डॉक्टरों और मरीजों को दुर्गंध आ रही थी। सफाई कर्मचारियों ने जब अस्पताल के पिछले हिस्से में जाकर चैक किया तो उन्हें महिला का शव मिला। महिला के शव का केवल ऊपरी हिस्सा ही बचा है, बाकी हिस्सा कुत्तों ने खा लिया है। महिला के शव को देखने से पता चल रहा है कि उसे 5 से 7 फीट तक घसीटा गया है।
हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि जिस समय कुत्तों ने महिला पर हमला किया, उस समय महिला जीवित थी या मृत अवस्था में थी। महिला का नाम बिस्मिल्लाह बाई बताया जा रहा है। इस बारे में अस्पताल प्रशासन का कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं कि महिला अस्पताल के पिछले हिस्से में कैसे पहुंची। आपको बता दें कि पिछले 10 महीनों में राज्य में इस तरह की यह 15वीं घटना है। ये भी पढ़ें- घंटों सड़क किनारे तड़पा मासूम, अंत में हार गया जिंदगी की जंग